पार्टी को सर्वोच्च स्थान पर पहुंचाने में मतदान केंद्र के कार्यकर्ता का महत्वपूर्ण योगदान: राकेश सिंह

जिला प्रवास कार्यक्रम के तहत सागर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष

सागर। जनसंघ के समय हमारे तीन सांसद हुआ करते थे लेकिन आज देश में स्पष्ट बहुमत की सरकार है। एक के बाद एक लगातार कई राज्यों में हमारी बन रही सरकारें हौसला बढ़ा रही है। आज हम जिन ऊंचाईयों तक पहुंचें हैं उसके पीछे डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय, राजमाताजी, अटलजी, पटवाजी जैसे कार्यकर्ताओं का कठोर तप, तपस्या और परिश्रम है। मतदान केंद्र तक काम करने वाले कार्यकर्ता का इस पार्टी को सींचने और खड़ा करने में महत्वपूर्ण योगदान है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सांसद श्री राकेश सिंह ने रविवार को सागर में जिला बैठक में कहीं। श्री राकेश सिंह अपने जिला प्रवास कार्यक्रम के तहत आज सागर जिले के प्रवास पर थे। उन्होंने जिला बैठक के पश्चात् बीना, खुरई, देवरी, बंडा, रहली, सुरखी, सागर, और नरयावली विधानसभा की बैठक में भी भाग लिया।

हमारे लिए सरकार के मायने अलग

जिला बैठक को संबोधित करते हुए श्री राकेश सिंह कहा कि हमारे लिए सरकारे बनाना संख्या बढ़ाना नहीं है। हमारे लिए सरकार में होने के मायने अलग हैं । पं. दीनदयाल उपाध्यायजी ने एकात्म मानव दर्शन का जो ग्रंथ हमें दिया, उसे हमने संकल्प के साथ भारत माँ को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए मंत्र के रूप में आत्मसात किया। उन्होंने कहा कि तब से लेकर आज तक हम इस मंत्र के सहारे ही इस स्थान पर पहुंचे हैं। हमारे लिए सरकारें केवल सत्ता का सुख भोगने का साधन नहीं अपितु सेवा का साधन मात्र है।

कांग्रेस ने जनता को मौलिक अधिकारों से वंचित रखा

श्री राकेश सिंह ने कहा कि रोटी, कपड़ा और मकान जनता का मौलिक अधिकार है, लेकिन कांग्रेस ने जनता को इससे दूर रखा। आजादी के बाद अगर 70 साल बाद यह अधिकार श्री नरेंद्र मोदी सरकार प्रधानमंत्री आवास के जरिए देती है, तो इससे कांग्रेस की गरीबों क प्रति मंशा भी जग जाहिर होती है। उन्होनें कहा कि बेटियों के भविष्य की चिंता हमेशा होती थी। लेकिन बेटियों को लाड़ली लक्ष्मी बनाने का काम जिस किसी ने किया है, तो वह मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने किया है। ऐसे अनेक उदाहरण हैं, जो यह दर्शाते हैं कि केंद्र और प्रदेश में हमारी सरकारें अंत्योदय के मंत्र को साकार कर रही है।

षडयंत्रों का प्रमुख हिस्सा है कांग्रेस

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनी सरकार के इन 4 सालों में समूचे विश्व में भारत का नाम सम्मान से लिया जाता है। भारत की साख बढ़ने से हमारे विरोधी और विपक्षी घबराएं हुए हैं । वे लगातार भ्रम फैलाने के साथ षडयंत्र रच रहे हैं और कांग्रेस उसका प्रमुख हिस्सा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी पुनः प्रधानमंत्री न बने इसके लिए हमारे विरोधी यह चाहते हैं कि राज्यों में भी भाजपा की सरकार न बने।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को विपक्षियों के षडयंत्रों से सचेत रहने की बात करते हुए कहा कि यह लड़ाई आसान नहीं है। आने वाले विधानसभा चुनाव सामान्य नहीं हैं, इन चुनावों में वो सारी षडयंत्रकारी ताकतें तरह-तरह का भ्रम फैलाएंगी। जाति वर्ग में संघर्ष फैलाने का काम करेगी, लेकिन हमें सचेत और सतर्क होकर काम करना है। ताकत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना यहीं पार्टी कार्यकर्ता का ध्येय है।

जनआशीर्वाद यात्रा में उमड़े जनसैलाब से कांग्रेस हताश

श्री राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गांव, गरीब एवं किसान के साथ हर वर्ग के लिए जिन योजनाओं का क्रियान्वयन किया है, उसे अन्य प्रांत भी अपना रहे हैं। जनआशीर्वाद यात्रा में उमड़ रहा जनसैलाब जनता का अपने मुख्यमंत्री के प्रति विश्वास का प्रत्यक्ष प्रमाण है। इस जनसमर्थन से कांग्रेस हताश और निराश है। इसलिए कांग्रेस यह प्रयास करेगी कि भ्रम का वातावरण बने।

कार्यकर्ता महाकुंभ – विजय का जयघोष

उन्होंने 25 सितम्बर को भोपाल में होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ को विजयी का जयघोष बताते हुए कहा कि 25 सितम्बर को पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश के नेतृत्व के समक्ष भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता महाकुंभ में शामिल होकर जीत का संकल्प लेगा। कार्यकर्ता महाकुम्भ मध्यप्रदेश में चैथी बार सरकार बनाने का जयघोष होगा। उन्होनें कहा कि जब कार्यकर्ता परिश्रम करता है तो परिणाम क्या होते यह बताने की जरूरत नहीं है। 2003 के विपरीत समय में जिस तरह कार्यकर्ताओं ने कठोर परिश्रम कर सरकार बनाई उसके बाद 2008, 2013 के विधानसभा और 2014 में लोकसभा चुनावों में भी कार्यकर्ताओं के परिश्रम की पराकाष्ठा से हमारी विजयी यात्रा आगे बढ़ी। 2018 के इस चुनाव में भी पार्टी कार्यकर्त्ता घनघोर परिश्रम कर जीत से साथ 2019 में श्री नरेन्द्र मोदी जी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने का मार्ग प्रशस्त करेंगें।