जहां-जहां भगवान श्रीराम के चरण पड़े हैं वहां-वहां तीर्थ बनाएंगे – डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने ‘जन आभार यात्रा’ में शामिल होकर कार्यक्रम को संबोधित किया

जहां-जहां भगवान श्रीराम के चरण पड़े हैं वहां-वहां तीर्थ बनाएंगे
रानी दुर्गावती, झांसी की रानी और अवंतीबाई के पराक्रम को पाठ्यक्रम में शामिल करेंगे
– मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

महाकौशल, बुंदेलखंड व बघेलखंड के विकास के नए आयाम की आज से शुरूआत
प्रधानमंत्री जी का मध्यप्रदेश पर आशीर्वाद, प्रचंड बहुमत के लिए जनता का दिल से आभार
– श्री विष्णुदत्त शर्मा

भोपाल। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार मध्यप्रदेश के विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी हैं। मेरे लिए बड़े सौभाग्य व गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री जी ने कहा कि मोहन जी आपको काम करना है, लेकिन काम करने का आधार यह रखना कि मध्यप्रदेश देश का सबसे अच्छा राज्य है। भारत ही नहीं बल्कि दुनिया की बड़ी सर्वे एजेंसियों का दावा है कि इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव में श्री मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा प्रचण्ड बहुमत से विजयी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्री राम के वनवास का सबसे अधिक समय हमारे मध्यप्रदेश के चित्रकूट सतना व अन्य स्थानों पर बीता है। जहां-जहां भगवान श्रीराम के चरण पड़े हैं उन स्थानों को मध्यप्रदेश सरकार तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करेगी। यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर में जन आभार यात्रा के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। सभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड जीत के लिए जनता का दिल से आभार। एमपी के मन में मोदी और मोदी के मन में एमपी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का मध्यप्रदेश पर आशीर्वाद है। विधानसभा चुनाव की तरह आगामी लोकसभा चुनाव में भी भाजपा को अपार बहुमत मिलेगा। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा महाकौशल, बुंदेलखंड और बघेलखंड में विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे, इसका शुभारंभ आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर से की है। कार्यक्रम को प्रदेश शासन के मंत्री श्री राकेश सिंह ने भी संबोधित किया।

रानी दुर्गावती, झांसी की रानी व अवंती बाई को लेकर माफी मांगे कांग्रेस
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘जन आभार यात्रा’ के बाद सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती ने जितने युद्ध लड़े हैं एक भी नहीं हारे। यह दुनिया के उन देशों को जवाब है, जो कहते थे कि हमें महिलाओं का सम्मान बढ़ाना चाहिए। हमारे देश की महिलाओं, बहनों व माताओं ने सदैव दुनिया के अंदर अप्रतिम उदाहरण प्रस्तुत किया है। झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, वीरांगना रानी दुर्गावती और रानी अवंती बाई ने जिस प्रकार से युक्ति और बुद्धि से कई युद्ध लड़ीं, उसे कोई नहीं भूल सकता। लेकिन आजादी के बाद कांग्रेस पार्टी ने झांसी की रानी, दुर्गावती और अवंती बाई के पराक्रम और शौर्य को जनता के सामने उस प्रकार से नहीं लाया, जिस प्रकार से लाना चाहिए। डॉ. यादव ने कांग्रेस नेताओं से सवाल करते हुए कहा कि अब तक इन वीरांगनाओं के शौर्य और पराक्रम को स्कूली पाठ्यक्रम में क्यों शामिल नहीं किया गया। कांग्रेस को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। रानी दुर्गावती ने लगातार अपने जीवन के प्रत्येक क्षण का देश की सेवा के लिए देश के स्वाभिमान के लिए लगाया। नई शिक्षा नीति के तहत मध्यप्रदेश सरकार इन्हें पाठ्यक्रम में शामिल करेगी।

हर गरीब के साथ खड़ी है भाजपा सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार हर गरीब के साथ खड़ी है। भाजपा सरकार गरीबों के साथ है। भाजपा ने विधानसभा चुनाव से पहले कहा था एमपी के मन में मोदी और मोदी के मन में एमपी। भाजपा और भाजपा सरकार गरीबों के सुख-दुख में उनके साथ हमेशा खड़ है। आज इसी परिप्रेक्ष्य में बरगी बांध के डूब क्षेत्र के 10 गांव के लगभग 1414 परिवारों को भू-अधिकार पत्र देकर कार्यक्रम को सार्थक किया।

22 जनवरी उत्सव का दिन, फिर दीपावली मनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 22 जनवरी को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की मौजूदगी में अयोध्या में भगवान श्री रामलला के भव्य मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा हो रही है। सभी लोग उस दिन अयोध्या नहीं जा सकते, इसलिए उस दिन जो जहां रहे वहीं उत्सव मनाए। यह उत्सव मनाने का दिन है। भाजपा सरकार अयोध्या जाने वाले रामभक्तों को राज्य की सीमा और अन्य स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत करेगी। 22 जनवरी को सरकार प्रदेश के सभी बड़े मंदिरों में रोशनी और साज-सज्जा कराएगी।

मोदी जी के नेतृत्व में होगी ऐतिहासिक विजय
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी भारत ही नहीं विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं। विश्व की बड़ी सर्वे एजेंसियों के सर्वे में सर्वाधिक लोकप्रिय नेता बने प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में भाजपा ने विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत दर्ज की है। भारत ही नहीं दुनिया की बड़ी सर्वे एजेंसियों का दावा है कि इस वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में प्रचण्ड बहुमत मिलने वाला है। डॉ. यादव ने ऐतिहासिक विजय का उद्घोष करते हुए कहा कि भाजपा सरकार गरीब कल्याण के कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है। प्रधानमंत्री जी सच्चे मन से लगातार कार्य करते हुए गरीबों, युवाओं-महिलाओं के साथ देश की जनता का दिल जीत लिया है। विकास का यह कारवां लगातार बढ़ता जाएगा।

अयोध्या व हरिद्वार की तर्ज पर घाट बनाए जाएंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विकास कार्यो का लोकार्पण और भूमिपूजन करते हुए कहा कि जबलपुर के नर्मदा में अयोध्या और हरिद्वार की तर्ज पर घाट बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर के गैरीसन मैदान में कुल 409.53 करोड़ रुपये की लागत के 14 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस मेडिकल महाविद्यालय जबलपुर में 100 करोड़ की लागत से 85 पी.जी. सीट वृद्धि निर्माण कार्य का भूमिपूजन करने के साथ 308 करोड़ रूपए की लागत से कौशल विकास/चिकित्सा शिक्षा/नगरीय विकास विभाग का लोकार्पण किया।

नई सरकार, नई उमंग और नई ऊर्जा के साथ विकास यात्रा का शुभारंभ
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने जन आभार यात्रा के बाद सभा को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान इसी गैरिसन ग्राउंड में मैं आया था और आप लोगों के समक्ष कहा था कि भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ विधानसभा चुनाव में सरकार बनाएगी। प्रदेश में ऐतिहासिक बहुमत के साथ भाजपा सत्ता में आई है, इसके लिए आप सभी जनता-जर्नादन का मैं दिल से आभार व्यक्त करता हूं। बाबा महाकाल की नगरी को संवारने वाले हमारे लाड़ले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मध्यप्रदेश विकास यात्रा आज कैबिनेट की बैठक के साथ जबलपुर से प्रारंभ होने जा रही है। आज यहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया, साथ ही आज महाकौशल, बुंदेलखंड और बघेलखंड के विकास की यात्रा शुरू हो रही है। विकास कार्यों से प्रदेश का कोई कोना नहीं छूटना चाहिए। नई सरकार, नई उमंग और नई ऊर्जा के साथ भाजपा सरकार गरीब कल्याण, विकास और सुशासन के कार्यों को नए आयाम तक पहुंचाएगी। मैं पार्टी की ओर से सरकार का धन्यवाद देता हूं कि विकास के रास्ते कैबिनेट की पहली बैठक संस्कारधानी जबलपुर में हो रही है।
श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के आशीर्वाद से मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार काम कर रही है। मेरे भाईयों एवं बहनों जिस तरह से विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक बहुमत के साथ आशीर्वाद दिया है और भाजपा सरकार गरीब कल्याण के कार्य कर रही है। उसे देखकर हम दावे के साथ कह सकते हैं कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत मिलेगा।

गतिमान भारत के नारे के साथ आगे बढ़ रहा प्रदेश
प्रदेश शासन के मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि गतिमान भारत के नारे के साथ मध्यप्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्षों से महाकौशल की उपेक्षा होती आ रही है, लेकिन जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से महाकौशल का विकास शुरू हुआ है। 2014 में श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद महाकौशल के विकास को गति मिली और अब यह क्षेत्र विकास बहुत तेजी से विकास कर रहा है।

जन आभार यात्रा में उमड़ा जन सैलाब, जगह-जगह स्वागत
प्रदेश में भाजपा को विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद जबलपुर में निकाली गई जन आभार यात्रा में जन सैलाब उमड़ आया। कल्चुरी होटल से गैरीशन ग्राउंड तक निकाली गई आभार यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत शर्मा, प्रदेश शासन के मंत्री श्री राकेश सिंह, विधायक अशोक रोहाणी व अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। जन आभार यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। पूरे रास्ते में स्थानीय लोगों ने यात्रा पर पुष्प वर्ष कर स्वागत किया। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा संभागीय कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक और विकास कार्यों की संभागीय समीक्षा बैठक में शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने शाम को भाजपा संभागीय कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
समारोह में केंद्रीय मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रदेश शासन के मंत्री श्री विजय शाह, सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मीकि, विधायक श्री अशोक रोहाणी, श्री सुशील तिवारी, श्री अभिलाष पाण्डेय, श्री संतोष बरकड़े, श्री नीरज सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।