कार्यकर्ताओं की बदौलत पहले से भी अच्छा प्रदर्शन करेगी पार्टी : राकेश सिंह

ऑडियो कान्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष ने की जिला अध्यक्षों, महामंत्रियों से की चर्चा

भोपाल। प्रदेश के परिपक्व और अनुभवी कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भारतीय जनता पार्टी हर मोर्चे पर अच्छा प्रदर्शन करती रही है। यही कारण है कि प्रदेश के इन कार्यकर्ताओं की चर्चा दिल्ली तक है। इस बार भी हम इन्हीं कार्यकर्ताओं की बदौलत पहले से भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। यह बात प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने गुरुवार को प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों एवं महामंत्रियों से ऑडियो कांफ्रेंस के जरिए हुई चर्चा में कही। इस दौरान श्री सिंह ने राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी भी जिला पदाधिकारियों को दी।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद श्री राकेश सिंह ने गुरूवार को पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों और महामंत्रियों के साथ ऑडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की। श्री राकेश सिंह ने जिला अध्यक्षों और महामंत्रियों का कुशलक्षेम पूछते हुए सभी पदाधिकारियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दी और 25 सितंबर को राजधानी में होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आने के बाद निश्चित तौर पर हम लोगों ने तकनीकी के महत्व को अपनी संगठनात्मक रचना का हिस्सा बनाया है और यह कान्फ्रेंस उसी का उदाहरण है।

वरदान साबित होगा कार्यकर्ता महाकुंभ

जिला पदाधिकारियों से चर्चा करते हुए श्री सिंह ने उनसे पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर को आयोजित किए जा रहे कार्यकर्ता महाकुम्भ की तैयारियों में जुट जाने को कहा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हम अपने घरों में दीपावली के त्यौहार की तैयारियां करते हैं, उसी तरह महाकुंभ की तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने एक-एक जिले के पदाधिकारियों से बातचीत करके तैयारियों के संबंध में फीडबैक लिया। श्री सिंह ने तैयारियों के बारे में अपने सुझाव और आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा कि पहले के अनुभव बताते हैं कि कार्यकर्ता महाकुंभ हमारे लिए वरदान साबित होता आया है। इसे सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि हमारा दृढ़ विश्वास है कि इस बार भी कार्यकर्ता महाकुंभ हमारे और पार्टी के लिए वरदान साबित होगा।

पहले से भी अच्छे होंगे 2018 के परिणाम

जिला पदाधिकारियों से बातचीत के दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर जब भी संगठन और कार्यकर्ताओं की चर्चा होती है, तो सबसे ज्यादा सराहना मध्यप्रदेश के संगठन और कार्यकर्ताओं की होती है। इसका कारण यह है कि जितने अच्छे आयोजन हम करते हैं, जितने अच्छे परिणाम हम देते हैं वे मिसाल बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश संगठन की ऐसी छवि बनाने का श्रेय निश्चित तौर पर प्रदेश के आप जैसे सभी परिपक्व और अनुभवी कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के श्रम और समर्पण की बदौलत भविष्य में होने वाले सभी आयोजन भी पहले की तरह सफल होंगे। उन्होंने कहा कि इन्हीं कार्यकर्ताओं की मेहनत से वर्ष 2018 के परिणाम पहले से भी अधिक बेहतर होंगे।

राष्ट्रीय कार्यसमिति के निर्णयों की दी जानकारी

पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक 8 एवं 9 सितंबर को संपन्न हो चुकी है। प्रदेश अध्यक्ष ने इस बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी जिला पदाधिकारियों को देते हुए कार्यसमिति के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इन निर्णयों पर अमल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन निर्णयों को जिला, मंडल और बूथ स्तर तक क्रियान्वित किया जाना है। उन्होंने जिला पदाधिकारियों को पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी, जो इस प्रकार है-

15 सितंबर से 2 अक्टूबर

15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा है’ अभियान चलाया जाए। महात्मा गांधी जी की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किये जायें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी 15 सितंबर को प्रातः 9.30 बजे देशवासियों से वीडियो कांफ्रेसिंग एवं दूरदर्शन के माध्यम से संवाद करेंगे।

16 सितंबर को ‘काव्याजंलि’

पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलबिहारी वाजपेयी जी की मासिक पुण्यतिथि 16 सितंबर को है। इस दिन सभी विधानसभा क्षेत्रों में कवि सम्मेलनों का आयोजन होगा। काव्याजंलि कार्यक्रम में हमारे कोई वरिष्ठ कार्यकर्ता अटलजी के जीवन पर संक्षिप्त प्रकाश डाले। स्थानीय कवि स्व. अटलजी पर लिखी कविताओं का पाठ करेंगे।

17 से 25 सितंबर, सेवा सप्ताह

17 सितंबर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिन से 25 सितंबर पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती तक सेवा सप्ताह का आयोजन किया जाए। इस दौरान सेवा बस्तियों में मेडिकल कैंप, आयुष्मान भारत योजना के लिए जनजागरण अभियान, रक्तदान जैसे आयोजन किए जाएं। प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन पर ‘नमो एप’ का नया वर्जन लांच हो रहा है। सभी कार्यकर्ता पुराने वर्जन को अपडेट करके प्रधानमंत्री जी को शुभकामनाएं दें।

29 सितंबर, सर्जिकल स्ट्राइक की वर्षगांठ

सर्जिकल स्ट्राइक की वर्षगांठ पर 29 सितंबर को पूर्व सैनिकों का अभिनंदन, शहीदों के परिवारों का सम्मान, शहीदों की प्रतिमाओं का माल्यार्पण तथा गोष्ठियों जैसे आयोजन करें।

2 अक्टूबर को पदयात्राएं

2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जी की 150 वी जयंती पर विधानसभा स्तर पर पदयात्राएं शुरू होंगी। सभी वरिष्ठ कार्यकर्ता कम से कम 150 की संख्या में 10 कि.मी. की पदयात्रा करेंगे। 2 अक्टूबर से 30 जनवरी के दौरान अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

31 अक्टूबर, रन फॉर यूनिटी

31 अक्टूबर को लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती है। इस दिन रन फॉर यूनिटी यानी एकता के लिए दौड़ आयोजित करना है। इसमें समाज के सभी वर्गों और विशेषकर युवाओं को साथ लेकर कार्यक्रम करना अधिक प्रासंगिक रहेगा।