कम समय में ज्यादा काम करना है कार्यकर्ता अपनी गति तेज करें : राकेश सिंह

भोपाल। कार्य जब कर्म में बदलकर कार्यपद्धति का हिस्सा बन जाता है, तो बहुत आसान हो जाता है। हमारे पास समय काफी कम है। ऐसी स्थिति में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए कार्यकर्ता गति तेज करते हुए काम करें। यह बात बुधवार को भोपाल एवं नर्मदापुरम संभाग की बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी के कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।

भारतीय जनता पार्टी के भोपाल-नर्मदापुरम संभाग के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों की बैठक बुधवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री श्री सुहास भगत ने कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव समीप हैं और हमारे पास समय काफी कम है। ऐसे में कार्यकर्ता काम के प्रति अपनी गति बदलें। व्यवस्थित तरीके से, योजना बनाकर काम करें, ताकि आसानी से लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में चैथी बार कमल खिलाना हर कार्यकर्ता का लक्ष्य है। श्री सिंह ने कहा कि आगामी समय में पार्टी ने अनेक कार्यक्रमों और अभियानों की योजना बनाई है, जिनके लिए कार्यकर्ताओं को पूरी जिम्मेदारी से काम करना है। उन्होंने संक्षेप में इन कार्यक्रमों की जानकारी भी दी, जो इस प्रकार हैं-

o 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा है’ अभियान: इस अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन 1 घंटे आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाना। 15 को सुबह 9.30 बजे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण होगा।

o 16 सितंबर – स्व. अटलजी की पहली मासिक पुण्यतिथि, इस दिन काव्यांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्व. अटलजी की कविताओं का सीडी या पेन ड्राइव से प्रसारण किया जाएगा। स्थानीय कवि अटल जी के बारे में रचित अपनी कविताएं प्रस्तुत करेंगे।

o 17 से 25 सितंबर – सेवा सप्ताह, जिसके अंतर्गत मेडिकल कैंप, आयुष्मान भारत योजना का प्रचार-प्रसार।

o 29 सितंबर- सर्जिकल स्ट्राइक की वर्षगांठ पूर्व सैनिकों, शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान।

o 2 अक्टूबर- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती।

o 31 अक्टूबर- लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती रन फॉर यूनिटी का आयोजन।