भाजपा प्रवक्ता ने दी दिग्विजय को अपने गिरेबान में झांकने की सलाह

दिग्विजय सिंह के आरोप झूठ का पुलिंदा: अग्रवाल
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह द्वारा भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकारों पर लगाए गए आरोपों को भारतीय जनता पार्टी ने झूठ का पुलिंदा बताया है। प्रदेश प्रवक्ता श्री रजनीश अग्रवाल ने श्री दिग्विजय सिंह के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले उन्हें अपने-आप पर नजर डाल लेनी चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को एक पत्रकार वार्ता में केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों पर आरोप लगाए थे। उन्होंने जहां प्रदेश सरकार पर पेट्रोलियम पदार्थों पर अंधाधुंध टैक्स लगाने, गौ सेवा के नाम पर दिखावे आदि के आरोप लगाए, तो केंद्र सरकार पर नोटबंदी, बेरोजगारी आदि को लेकर आक्षेप किए थे। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री रजनीश अग्रवाल ने श्री दिग्विजय सिंह के इन आरोपों को निराधार बताते हुए प्रदेश की जनता के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। श्री अग्रवाल ने पूछा है कि श्री दिग्विजय सिंह बताएं कि क्या उनकी सरकार ने प्रदेश के गौवंश से गौचर भूमि छीनने का काम नहीं किया है, जिसकी वजह से प्रदेश का गौवंश अपना पेट भरने के लिए दर-दर भटकने पर मजबूर हो गया है। प्रदेश सरकार पर लगाए गए आरोपों के संबंध में श्री अग्रवाल ने कहा है कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले श्री दिग्विजय सिंह अपने गिरेबान में झांकें और जनता को बताएं कि क्या मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उनके खिलाफ अनियमितता का कोई भी मामला किसी अदालत में नहीं चल रहा है?

प्रदेश सरकार पर श्री दिग्विजय सिंह द्वारा लगाए गए टैक्स वसूली के आरोपों पर श्री अग्रवाल ने कहा है कि श्री दिग्विजय सिंह के कार्यकाल के दौरान प्रदेश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी थी। प्रदेश की विकास दर तेजी से नीचे गिर रही थी और सरकार की आमदनी का बड़ा हिस्सा कर्ज चुकाने में ही चला जाता था। उन्होंने श्री दिग्विजय सिंह से पूछा है कि क्या वास्तव में ऐसी स्थिति नहीं थी ? श्री दिग्विजय सिंह द्वारा अपने शासनकाल के दौरान प्रदेश के विकास का दावा किए जाने पर श्री अग्रवाल ने कहा कि यदि वास्तव में श्री दिग्विजय सिंह विकास के जनक हैं, तो फिर उनकी ही पार्टी उनका छुटकारा क्यों चाहती है?

श्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान को उन पर लगाए गए देशद्रोही होने के आरोप प्रमाणित करने की चुनौती दी थी। इसका जवाब देते हुए प्रदेश प्रवक्ता श्री रजनीश अग्रवाल ने कहा है कि देश और प्रदेश के लोग इंस्पेक्टर मोहनचंद्र शर्मा की शहादत को भूले नहीं हैं, जिनके शहीद होने पर श्री दिग्विजय सिंह ने सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि श्री दिग्विजय सिंह ने 26/11 के हमले के बाद सारी दुनिया का ध्यान पाकिस्तान से भटकाने का काम किया। उन्होंने कहा कि वे श्री दिग्विजय सिंह ही हैं, जो आतंकवादियों के लिए सम्मानसूचक शब्दों का प्रयोग करते हैं और सिमी आतंकियों के एनकाउंटर जैसे संवेदनशील मामले पर मजहब की राजनीति करते हैं।