प्रदेश में समर्पण दिवस के रूप में मनाई गई पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि



श्रद्धांजलि सभाओं के साथ हुआ विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन
भोपाल। राष्ट्र चिंतक एवं एकात्म मानव दर्शन के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि समर्पण दिवस के रूप में पूरे प्रदेश में मनाई गई। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पं. दीनदयाल जी का स्मरण करते हुए उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इसके साथ ही प्रदेश में किसी न किसी रूप में सेवा कार्यों का आयोजन भी किया गया। प्रदेश के सभी मंडलों में समर्पण दिवस पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन कर समर्पण राशि एकत्रित की गयी।

श्रदांजलि सभा के साथ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर सोमवार को प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किये। इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता, प्रदेश मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, जिला अध्यक्ष श्री सुरेन्द्रनाथ सिंह, महापौर श्री आलोक शर्मा ने पं. दीनदयाल उपाध्याय का पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय जी ने देश ही नहीं मानव जाति के लिए एकात्म मानववाद का वैचारिक दर्शन देकर वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को साकार किया है। बाद में समर्पण राशि एकत्रित की गयी। इस अवसर पर श्री विकास विरानी, श्री लिलि अग्रवाल, लोकसभा विस्तारक श्री अरूण उपाध्याय, श्री भगत सिंह कुशवाह, श्री अशोक सैनी, श्री चेतन सिंह, सुश्री सरिता देशपांडे, श्रीमती ऊषा चतुर्वेदी, श्री सुरजीत सिंह, श्री मिलन भार्गव, डॉ. लक्ष्य भारद्वाज, श्रीमती अर्चना पाण्डे, श्री राजेन्द्र गुप्ता सहित जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। इसके पहले लालघाटी स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर जिला अध्यक्ष श्री सुरेन्द्रनाथ सिंह, महापौर श्री आलोक शर्मा, मनोज राठौर, विकास सोनी आदि ने पुष्पांजलि अर्पित की। इसके साथ ही प्रदेश कार्यालय में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया।

छात्र जीवन से ही संघ से जुड़ गए थे डॉ. उपाध्याय : डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे
इंदौर में दीनदयाल उपवन और बापट चौराहा पर पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. विनय सहस्रबुद्धे, राष्ट्रीय महासचिव श्री कैलाश विजयवर्गीय, श्री कृष्णमुरारी मोघे, श्री जयपाल सिंह चावडा, श्री मुकेश राजावत, श्री गणेश गोयल, श्री कमल वाघेला सहित जिला कार्यकर्ता उपस्थित थे। पं. उपाध्याय के जीवन पर प्रकाश डालते हुए डॉ. सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय छात्र जीवन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सक्रिय कार्यकर्ता बन गये थे। अतः कॉलेज छोड़ने के तुरन्त बाद वे उक्त संस्था के प्रचारक बन गये और एकनिष्ठ भाव से संघ का संगठन कार्य करने लगे। राष्ट्रीय महासचिव श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने भारत की सनातन विचारधारा को युगानुकूल रूप में प्रस्तुत करते हुए देश को एकात्म मानववाद जैसी प्रगतिशील विचारधारा दी। श्री कृष्णमुरारी मोघे ने कहा कि सरल और सौम्य स्वभाव के धनी पं. दीनदयाल उपाध्याय सन् 1953 में अखिल भारतीय जनसंघ के महामंत्री निर्वाचित हुए और लगभग 15 वर्ष तक इस पद पर रहकर अमूल्य सेवा की।

राष्ट्र और गरीबों के लिए समर्पित थे पं. उपाध्याय : देवेश शर्मा
ग्वालियर में पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर सोमवार सुबह दीनदयाल नगर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके अलावा शहर के सभी वार्डों में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। वार्ड 21 में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री देवेश शर्मा ने कहा कि पं. उपाध्याय का पूरा जीवन ही प्रेरक रहा है। वे जीवन भर राष्ट्र और गरीबों के प्रति समर्पित रहे। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा, महापौर विवेक शेजवलकर, राकेश जादौन, राकेश माहौर, कमल माखीजानी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

पूंजीवाद के समय में एकात्म मानव दर्शन लाए थे पं. उपाध्यायः ठाकुर
जबलपुर में पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि के अवसर पर संभागीय कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्री जी.एस.ठाकुर ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने देश और दुनिया को एकात्म मानव दर्शन ऐसे समय में दिया, जब सारी दुनिया में पूंजीवाद का बोलबाला था। इस अवसर पर महापौर डॉ. स्वाति गोडबोले, श्री राजकुमार गुप्ता, श्री राजेश मिश्रा, श्री संदीप जैन सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

देश के लिए ही जीये पं. उपाध्यायः रामेश्वर शर्मा
होशंगाबाद संभाग के सभी जिलों एवं मंडलों में पं. दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिले के पिपरिया में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रामेश्वर शर्मा भी उपस्थित थे। यहां पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रामेश्वर शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के लिए देश और भारत माता का सम्मान ही सर्वोपरि था। वे देश के लिए ही जीये। कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष श्री हरिशंकर जायसवाल सहित जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

पं. उपाध्याय जी का अनुसरण करें कार्यकर्ताः प्रदीप लारिया
सागर में आज पं. दीनदयाल उपाध्यायजी की पुण्यतिथि के अवसर पर विभिन्न मंडलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। सदर मंडल में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री प्रदीप लारिया ने कहा कि कार्यकर्ता पं. उपाध्याय जी के जीवन वृत्त से सीख लें और उनका अनुसरण करते हुए राष्ट्र तथा पार्टी की सेवा की राह पर चलें। कार्यक्रम में पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके साथ ही स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया। जिला अध्यक्ष श्री प्रभुदयाल पटेल, सांसद श्री लक्ष्मीनारायण यादव, विधायक श्री शैलेन्द्र जैन, महापौर श्री अभय दर्रे आदि अलग-अलग मंडलों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए।

शुचिता की राजनीति के प्रणेता थे पं. दीनदयालः राजेंद्र शुक्ला
रीवा में संभाग के सभी ग्राम केंद्रों में पं. दीनदयाल उपाध्यायजी की पुण्यतिथि के अवसर पर समर्पण दिवस मनाया गया। संभागीय कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय शुचिता की राजनीति के प्रणेता था। उन्होंने सेवाभावी राजनीति का मंत्र दिया, जिस मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने काम किया और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार भी उसी मंत्र पर चल रही है। कार्यक्रम में संभागीय संगठन मंत्री श्री जितेन्द्र लटौरिया, विधायक श्री के.पी. त्रिपाठी, जिला अध्यक्ष श्री विद्याप्रकाश श्रीवास्तव, महापौर ममता गुप्ता सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

पं. उपाध्याय ने ही दिया भाजपा को विस्तारः छाबड़ा
शहडोल में पंडित दीनदयाल उपाध्यायजी की पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को जिला मुख्यालय में संगोष्ठी का आयोजन कर पुष्पांजलि अर्पित की गई। उपस्थित पार्टीजनों को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष इंद्रजीतसिंह छाबड़ा ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के त्याग और बलिदान के कारण ही आज भारतीय जनता पार्टी इतने विशाल स्वरूप में दिखाई दे रही है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष प्रकाश जगवानी, श्री राकेश पाण्डे, श्री राजेन्द्र त्रिपाठी सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

अंतिम व्यक्ति की सेवा भाजपा का ध्येयः प्रदीप जोशी
उज्जैन में पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर सोमवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। पार्टी के संभागीय संगठन मंत्री प्रदीप जोशी एवं जिला अध्यक्ष विवेक जोशी ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा करना ही भाजपा का ध्येय है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश और केंद्र की सरकार ने अपने अनेकों योजनाओं के माध्यम से यह सिद्ध भी किया है। इस अवसर पर श्री मोहन यादव, श्री पारस जैन, श्री सोनू गेहलोत, श्रीमती मीना जोनवाल आदि उपस्थित थे।