प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनभागीदारी से लोकतंत्र को मजबूत किया : शिवराजसिंह चौहान



संकल्प रथों को रवाना करने के साथ शुरू हुआ ‘‘भारत के मन की बात, मोदी के साथ’’ अभियान
भोपाल। देश की जनता ने 2014 में जिस उम्मीद और विश्वास के साथ श्री नरेंद्र मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए जनादेश दिया था, उन आकांक्षाओं को प्रधानमंत्री ने पूरा किया है। देश में अभूतपूर्व काम हुए हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जनभागीदारी से लोकतंत्र को मजबूत करने का काम किया है। इसी कड़ी को ‘‘भारत के मन की बात, मोदी के साथ’’ अभियान से आगे बढ़ाने का काम भारतीय जनता पार्टी ने अपने हाथ में लिया है। इस अभियान के माध्यम से लोकसभा चुनाव के लिए तैयार होने वाले संकल्प-पत्र के लिए देश की सवा सौ करोड़ जनता सुझाव देकर भागीदारी करेगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को ‘‘भारत के मन की बात, मोदी के साथ’ अभियान के शुंभारंभ अवसर पर कही।‘भारत के मन की बात, मोदी के साथ’ अभियान का शुभारंभ रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने दिल्ली में किया था। राजधानी भोपाल में इस अभियान का शुभारंभ पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने पूर्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, श्री विजेश लूणावत, प्रदेश महामंत्री श्री विष्णुदत्त शर्मा, विधायक श्रीमती कृष्णा गौर, जिला अध्यक्ष श्री सुरेन्द्रनाथ सिंह, महापौर श्री आलोक शर्मा, सांसद श्री गणेश सिंह की मौजूदगी में 29 संकल्प रथों को पार्टी का झंडा दिखाकर किया। श्री चौहान ने महिला सशक्तीकरण को लेकर अपना सुझाव भी आकांक्षा पेटी में डाला।

एक बार फिर संघर्ष का शंखनाद हो चुका है
श्री चौहान ने कहा कि एक बार फिर संघर्ष का शंखनाद हो गया है। कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव के मैदान में युद्ध के लिए तैयार हो जाएं। उन्होंने कहा कि एक समय था जब प्रधानमंत्री के नाम की कहीं चर्चा नहीं होती थी। लेकिन अब मोदी जी के नेतृत्व में भारत का सम्मान बढ़ा है। यह सम्मान सवा सौ करोड़ जनता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि आमजन का पानी, सड़क और बिजली का सपना प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने साकार किया है। युवाओं में मेकइन इंडिया से नया विश्वास जागा है। आने वाले दिनों में भारत बहुत जल्द अपने यान से अंतरिक्ष यात्री भेजेगा। ये उपलब्धियां भारत की बढ़ती ताकत को दर्शाती हैं।

राहुल गांधी अब मुख्यमंत्री हटाएं
श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और कमलनाथ ने झूठे वादे किए, किसानों को रंगीन सपने दिखाए। आदेश के नाम पर कागज के टुकड़े दिखाए और कर्जमाफी के नाम पर किसानों को रंगबिरंगे कागजों में उलझा दिया। उन्होंने राहुल गांधी को याद दिलाते हुए कहा कि आपने कहा था कि 10 दिन में अगर कर्जा माफ नहीं हुआ तो सीएम बदल दूंगा। अब उनकी सरकार को डेढ़ महीने से ज्यादा हो गया है। अब तक एक भी किसान का कर्जा माफ नहीं हुआ। श्री राहुल गांधी अब मुख्यमंत्री हटाएं। उन्होंने कहा कि झूठी कर्जमाफी नहीं चलेगी।

देश क्रिकेट नहीं, इसमें मोदी जी जैसी मेहनत करना पड़ती है
पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस के नेता कहते हैं कि वह फ्रंटफुट पर खेलेंगे। मैं उन्हें यह कहना चाहता हूं कि देश क्रिकेट नहीं हो जो फ्रंटफुट पर खेलकर छक्के मारने की बात करें। यहां मोदी जी की तरह समर्पित होकर सेवा करनी पड़ती है, मेहनत करनी पड़ती है। श्री शिवराज सिंह चौहान ने महागठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोग गठबंधन पर गठबंधन बना रहे हैं, यह गठबंधन नहीं ठगबंधन है। यह जनता को ठगने का प्रयास कर रहे हैं, यह हसीन वादे और हसीन सपने दिखाकर सत्ता में आने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन देश की जनता उन्हें फिर नकारेगी।

गांव-गांव जाकर सुझाव लेंगे संकल्प रथ
अभियान के शुभारंभ पर सोमवार को रवाना हुए 29 संकल्प रथ प्रदेश की 29 लोकसभाओं के गांवों में पहुंचेंगे। रथ के माध्यम से ग्रामीण जनता लोकसभा चुनाव में तैयार होने वाले पार्टी के संकल्प-पत्र के लिए आकांक्षा पेटी के माध्यम से अपने सुझाव देगी। संकल्प रथों को रवाना करते समय प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री राजेन्द्र सिंह राजपूत, श्री तपन भौमिक, प्रदेश प्रवक्ता श्री राहुल कोठारी, श्री सुरजीतसिंह चौहान, श्री अशोक सैनी, श्री भगतसिंह कुशवाह, श्री राजेन्द्र गुप्ता, श्री नितिन तिवारी, श्री अनिल अग्रवाल, श्री सुधीर जाचक, श्री रामबंसल, श्री नीतिन दुबे मंच पर उपस्थित उपस्थित थे।