भाजपा खानदानी पार्टी नहीं, यहां कार्यकर्ता भी बन सकता है प्रधानमंत्री



– भाजपा खरगोन संसदीय क्षेत्र की बैठक में उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री ने दिया मार्गदर्शन

खरगोन। भाजपा किसी एक खानदान की पार्टी नहीं है, जहां पर जवाहरलाल नेहरू के बाद उनकी बेटी इंदिरा गांधी, नाती राजीव गांधी प्रधानमंत्री बनें और बाद में पार्टी की बागडोर राजीव गांधी की पत्नी सोनिया और बेटे-बेटी राहुल-प्रियंका संभाले। भाजपा तो वह पार्टी है जहां एक साधारण सा कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत, निष्ठा और समर्पण के बलबूते किसी भी प्रदेश का मुख्यमंत्री और देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। भाजपा को पितृ पुरुषों ने अपने खून-पसीने से सींचा है। यह देव-दुर्लभ 11 करोड़ कार्यकर्ताओं की पार्टी है। आगामी लोकसभा चुनाव में जिस किसी भी पार्टी कार्यकर्ता को टिकट मिलें उसे उसे संपूर्ण ताकत के साथ जीताना ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए।

यह बात भाजपा के प्रदेश लोकसभा चुनाव प्रभारी व उत्तर प्रदेश सरकार में परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने खरगोन-बड़वानी संसदीय क्षेत्र की बैठक में कही। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया गुरुवार को सेगांव स्थित शिव टेकड़ी मंदिर परिसर पर संसदीय क्षेत्र की बैठक में प्रदेश प्रभारी श्री सिंह ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा देश में मध्यप्रदेश के पार्टी संगठन का लोहा माना जाता है। पार्टी मेरी मां है यह सोचकर ही कार्यकर्ता काम करता है। हम मैं से ही कोई नरेंद्र मोदी तो कोई शिवराजसिंह चौहान बनेगा यह भी तय है। आगामी दिनों में शक्ति केंद्र सम्मेलन, युवा संसद सम्मेलन, बुद्धिजीवी सम्मेलन, मेरा परिवार भाजपा का परिवार, वाहन रैली आदि कार्यक्रम होंगे। इसमें प्रत्येक कार्यकर्ता की सौ फीसदी भागीदारी हो। चुनाव के आखिरी तीन दिन हमें अपने बूथ पर पूरी ताकत झोंकना होगी। मतदाता से घर-घर संपर्क करना होगा। कार्यकर्ता के बगैर परिश्रम के हम कोई भी चुनाव नहीं जीत सकते। श्री सिंह ने बताया 24 फरवरी को प्रातः 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जुटाकर एलईडी पर लाइव प्रसारण की व्यवस्था करें। 12 फरवरी को घर-घर पार्टी ध्वज फहराकर उसकी सेल्फी पार्टी कार्यालय पर भेजें व सोशल मीडिया पर शेयर करें। श्री सिंह ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को सभी का सम्मान करने, किसी का भी अपमान न करने व जो अच्छा है उसका उदाहरण देने की सीख दी। इससे पहले बैठक में स्वागत भाषण देते हुए खरगोन भाजपा जिलाध्यक्ष परसराम चौहान ने कहा विधानसभा चुनाव की हार का बदला लेने का अवसर लोकसभा चुनाव में मिला है। मप्र, छत्तीसगढ़ व राजस्थान में झूठे वादे कर कांग्रेस ने सरकार तो बना ली है लेकिन झूठी सरकार वादा निभाने में असफल रही है। आगामी चुनाव को लेकर जितने भी कार्यक्रम आए हैं सभी का महत्व है। हम खरगोन लोकसभा क्षेत्र में विजयश्री प्राप्त करेंगे। संसदीय क्षेत्र प्रभारी नागरसिंह चौहान ने कहा गत दिनों दिल्ली में हुए राष्ट्रीय अधिवेशन में लोकसभा चुनाव की दृष्टि से काम दिए हैं। हमें मोदीजी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने के लिए अपने क्षेत्र के प्रत्याशी को विजयी बनाना होगा। संभागीय संगठन मंत्री जयपालसिंह चावड़ा ने कहा इंदौर संभाग में संसदीय क्षेत्रों के दो कलस्टर बनाए हैं। एक कलस्टर में इंदौर, खरगोन व खंडवा तथा दूसरे में धार व झाबुआ क्षेत्र शामिल है। आगामी 13 से 16 फरवरी के बीच शक्ति केंद्र सम्मेलन, 12 फरवरी को इंदौर में युवा संसद, 20 फरवरी को इंदौर में बुद्धिजीवी सम्मेलन होगा। 12 से 26 फरवरी तक मेरा परिवार भाजपा परिवार, 2 मार्च को युवा मोर्चा द्वारा विधानसभा स्तर पर वाहन रैली, 22 फरवरी से 2 मार्च तक महासंपर्क अभियान चलेगा। 11 फरवरी को पं. दीनदयालजी उपाध्याय की पुण्यतिथि पर समर्पण दिवस कार्यक्रम होंगे। बैठक में इंदौर कलस्टर प्रभारी कल्याण अग्रवाल, शक्ति केंद्र सम्मेलन प्रभारी बाबुलाल महाजन, लोकसभा सहप्रभारी पुरुषोत्तम शर्मा, संयोजक रणजीतसिंह डंडीर, पूर्व मंत्री अंतरसिंह आर्य, बालकृष्ण पाटीदार, बड़वानी विधायक प्रेमसिंह पटेल मंचासीन थे। वर्गगीत अनिल गुप्ता ने लिया। संचालन लोकसभा सहप्रभारी ओम सोनी ने किया व आभार बड़वानी जिलाध्यक्ष ओम खंडेलवाल ने माना। बैठक में मोर्चा, प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय पदाधिकारी व कार्यसमिति सदस्य, प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी व कार्यसमिति सदस्य, लोकसभा क्षेत्र टोली, जिला पदाधिकारी, विधानसभा प्रभारी, सहप्रभारी, मंडल अध्यक्ष व महामंत्री, पूर्व जिलाध्यक्ष, मोर्चा जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, प्रकोष्ठ संयोजक, वर्तमान विधायक, पूर्व विधायक, विधानसभा क्षेत्र प्रत्याशी, नगर पालिका, नगर परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष आदि उपस्थित थे।