अपने विधायकों को एकजुट रखे कांग्रेस, गठबंधन में ‘भ्रम’ के लिए भाजपा जिम्मेदार नहीं : येदियुरप्पा



कर्नाटक भाजपा प्रमुख बी एस येदियुरप्पा ने यहां कांग्रेस विधायक दल की बैठक के मद्देनजर शुक्रवार को कहा कि यह सबसे पुरानी पार्टी की जिम्मेदारी है कि वह अपने विधायकों को एकजुट रखे और उनकी पार्टी का दक्षिणी राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन में ‘‘भ्रम’’ पैदा होने से कुछ लेना देना नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि ये आरोप ‘‘सच्चाई से परे’’ हैं कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है। येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘यह सच्चाई से परे है कि हम कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन में भ्रम पैदा कर रहे हैं। हम 104 लोग (भाजपा विधायक) एकजुट हैं। हमारी एकमात्र मंशा कर्नाटक में 20 लोकसभा सीटें जीतने की है और हम इसके लिए तैयारी कर रहे हैं। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘अनावश्यक रूप से भाजपा के खिलाफ आरोप लगाए जा रहे हैं। हमें उनकी विधायक दल की बैठक से क्या लेना देना? अगर विधायक दूर चले गए हैं तो यह उनकी जिम्मेदारी है कि वे अपने विधायकों को एकजुट रखें। हमारी जिम्मेदारी हमारे 104 विधायकों को एकजुट रखने की है।’’ राज्य के भाजपा विधायकों को एक होटल से हरियाणा के गुरुग्राम में एक रिजॉर्ट में ठहराने के बारे में पूछे जाने पर येदयुरप्पा ने कहा, ‘‘ये सभी अटकलें हैं, इनमें कोई सच्चाई नहीं है। वे सभी कल वापस आ जाएंगे।