मैं जनता की सेवा के लिए सो नहीं पाता, वे कुर्सी की फिक्र में जागते हैं: शिवराजसिंह चौहान



सभा में बोले मुख्यमंत्री- हर किसान को मिलेगी उसके पसीने की वाजिब कमाई
गुना/शिवपुरी। मैं जनता की सेवा के लिए नहीं सो नहीं पाता हूं। उधर, कांग्रेस के लोगों को कुर्सी की चिंता है और वे इसी चिंता में रातभर करवटें बदलते रहते हैं। कांग्रेस के लोग सोचते हैं कि ये कब कुर्सी से उतरे और हम उस पर बैठ जाएं। इसकी चिंता उन्हें रातभर सताती रहती है। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने यह बात रविवार को अशोकनगर, गुना और शिवपुरी जिलों में आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने अशोकनगर जिले की चंदेरी विधानसभा के नई सराय में पार्टी प्रत्याशी श्री भूपेंद्र द्विवेदी, गुना जिले की बामौरी विधानसभा के बामौरी में पार्टी प्रत्याशी श्री बृजमोहन आजाद और शिवपुरी जिले के कोलारस में पार्टी प्रत्याशी श्री वीरेंद्र रघुवंशी के समर्थन में सभाओं को संबोधित किया।
घृणा की राजनीति कर रहे कमलनाथ मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता कमलनाथ मध्यप्रदेश में घृणा की राजनीति कर रहे हैं। वे बंद कमरे में बैठक करते हैं और मुस्लिम भाइयों के दिलों में जहर भरते हैं। वे मुस्लिम भाइयों को हमसे दूर करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की राजनीति करना कांग्रेस की परंपरा रही है। उन्होंने हमेशा से जातिगत आधार पर राजनीति की है, समाजों को तोड़ने का काम किया है, लेकिन भाजपा की सरकार ने सबका साथ-सबका विकास करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि इस संकल्प को हम हर हाल में पूरा करेंगे।

पिछली बार की कसर पूरी कर देना
मुख्यमंत्री ने कोलारस में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार उपचुनाव की कसर पूरी कर देना और भाजपा प्रत्याशी के सिर पर जीत का सेहरा बांध देना। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में भी मैं यहां पर आया था। उस समयआप लोगों से जो भी वादे किए थे, सभी वादों को पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगे भी अपने हर वादे को पूरा करता रहूंगा। बंटाढार ने एक पीढ़ी को बरबाद कर दिया मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने सिर्फ मध्यप्रदेश को ही बर्बाद नहीं किया, बल्कि उनके एक मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक पूरी पीढ़ी का भविष्य भी बर्बाद कर दिया। उन्हें यह पीढ़ी कभी माफ नहीं करेगी। गुरूजियों को 500 रूपए महीना देते थे, इसमें वे क्या पढ़ाएंगे और कैसे अपने घरों का खर्चा चलाएंगे।

समृद्ध मध्यप्रदेश के लिए आपका आशीर्वाद चाहिए
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने चंदेरी विधानसभा के नई सराय में कहा कि पिछले 15 वर्षों में मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य से विकासशील बनाया, फिर विकसित बनाया और अब समृद्ध मध्यप्रदेश बनाना है। इसके लिए आपसे आशीर्वाद लेने आया हूं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता थी कि सरकार चलाना सिर्फ राजा-महाराजा और उद्योगपतियों का ही जन्मसिद्ध अधिकार है, लेकिन वे यह भूल गए कि यह लोकतंत्र है। इसमें एक चाय वाला प्रधानमंत्री और एक किसान का बेटा मुख्यमंत्री बन सकता है।

विकास में पिछड़ गया चंदेरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में चंदेरी विकास के कार्यों में बहुत पिछड़ गया है। मैंने विकास कार्यों के लिए सभी को खूब दिया, लेकिन चंदेरी के कांग्रेस विधायक ने कभी भी मुझसे विकास के कार्यों के लिए नहीं कहा। कांग्रेस के विधायकों में काम करने की इच्छाशक्ति नहीं है, इसलिए उनके क्षेत्रों में विकास कार्य नहीं हुए हैं। भाजपा की सरकार ने विकास के लिए अपना खजाना खोल रखा है।

ये रहे मौजूद
मुख्यमंत्री की विभिन्न सभाओं के दौरान शिवपुरी जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी, अशोकनगर जिलाध्यक्ष जयकुमार सिंघई, नरेंद्र बिरथरे, साध्वी प्रियंका भारती, वीरेंद्र रघुवंशी, सुरेंद्र शर्मा, राघवेंद्र गौतम, हेमपाल दांगी, महेंद्र सिंह यादव, आदित्य तिवारी, नारायण सिंह कुशवाह, नारायण सिंह यादव, नीलम सिंह राजपूत, अशोकनगर से पार्टी प्रत्याशी लड्डूराम कोरी, चंदेरी से प्रत्याशी भूपेंद्र द्विवेदी, पूर्व विधायक एवं नगरपालिका गुना के अध्यक्ष राजेंद्र सलूजा, राधेश्याम रामस्वरूप चौकसे, मनोज दुबे, कमल सिंह, अरूण चतुर्वेदी, रमेश मालवीय, बलबीर सिंह सहित बड़ी संख्या में आमजन भी मौजूद थे।