लोकतांत्रिक दल नहीं, गांधी-नेहरू परिवार की निजी कंपनी है कांग्रेस : श्री अमित शाह



सिंगरौली, उमरिया, चुरहट की सभाओं में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा-कांग्रेस झूठे वादों का एटीएम
सिंगरौली/उमरिया/चुरहट। कांग्रेस कोई राजनीतिक दल नहीं है। यह गांधी-नेहरू परिवार की प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है। इसीलिए पार्टी का जो भी सेनापति होता है, वह गांधी-नेहरू परिवार से ही होता है। यह बात रविवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने प्रदेश के सिंगरौली, उमरिया और चुरहट में आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने सभा में उपस्थित लोगों को 28 तारीख को भारतीय जनता पार्टी को वोट देने और प्रचंड जीत दिलाकर चौथी बार भाजपा सरकार बनाने का संकल्प भी दिलाया।

भाजपा में गरीब कार्यकर्ता भी बन सकता है अध्यक्ष
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह ने सीधी जिले के चुरहट में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 28 तारीख को मतदान है और जनता तय करेगी कि किसकी सरकार बनना है। चुनाव में दो खेमे हैं। एक तरफ भाजपा है, जो मोदी जी और शिवराज जी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। दूसरी तरफ कांग्रेस है, जिसका कोई नेता और नीति नहीं है। मध्यप्रदेश क्या, किसी भी प्रांत में कांग्रेस का नेता तय नहीं है। श्री शाह ने कहा कि इसकी वजह यह है कि कांग्रेस में वही सेनापति होता है, जो गांधी-नेहरू परिवार में जन्म लेता है। कुछ दिन पहले जब प्रधानमंत्री मोदी जी ने यही बात कही, तो बहुत से कांग्रेसी टूट पड़े। बताने लगे इसे बनाया अध्यक्ष, उसे बनाया अध्यक्ष। लेकिन जब से इंदिरा गांधी ने कांग्रेस से अलग होकर इंदिरा कांग्रेस बनाई, नेहरू-गांधी परिवार से बाहर का कोई नेता अध्यक्ष नहीं बना। श्री शाह ने कहा कि मजबूरी में अगर किसी को अध्यक्ष बनाया भी गया, तो उसके साथ पार्टी का व्यवहार ठीक नहीं रहा। स्व. नरसिम्हाराव जी की पार्थिव देह को दिल्ली के कांग्रेस कार्यालय में नहीं लाया गया। वहीं, एक समय अध्यक्ष रहे बुजुर्ग सीताराम केसरी को बंगले से धक्के मारकर निकाला गया। श्री शाह ने कहा कि सोनिया ने जब अध्यक्ष पद छोड़ा, तब सब को पता था कि राहुल गांधी अध्यक्ष होंगे। लेकिन क्या आप बता सकते हैं कि मेरे बाद भाजपा अध्यक्ष कौन होगा। उन्होंने कहा कि हमारे यहां एक परिवार से नेता नहीं आते। कोई भी गरीब जिसमें दमखम और देश सेवा की भावना है, अध्यक्ष बन सकता है। इसलिए गरीब चाय बेचने वाले के परिवार के नरेंद्र मोदी आज प्रधानमंत्री हैं। मेरे जैसा पोस्टर चिपकाने वाला छोटा सा कार्यकर्ता अध्यक्ष बन जाता है। श्री शाह ने कहा कि राहुल बाबा, यही लोकतंत्र है और भाजपा-कांग्रेस में यही अंतर है।

भाजपा के 15 सालों में हुआ 55 साल से ज्यादा काम
श्री शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश में जब तक बंटाढार की सरकार रही, कभी 2 घंटे बिजली मिलती थी, तो कभी 4 घंटे। शिवराज जी मुख्यमंत्री बने, तो उन्होंने हर गांव में 24 घंटे बिजली पहुंचाने का काम किया। श्री शाह ने कहा कि दिग्गी राजा की सरकार में किसानों से गेंहू-धान नहीं खरीदे जाते थे। शिवराज सरकार ने किसानों से एक-एक दाना बोनस के साथ खरीदा। कांग्रेस किसानों को 18 प्रतिशत ब्याज पर लोन देती थी। जबकि शिवराजसिंह की सरकार ने देश में पहली बार ब्याज दर को कम करके शून्य प्रतिशत पर ला दिया। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस अपने 55 सालों के शासन में जो काम नहीं किए, वो काम भाजपा की सरकार ने 15 सालों में कर दिए। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में प्रदेश में 7.5 लाख हेक्टेयर में सिंचाई होती थी, भाजपा सरकार ने 40 लाख हेक्टेयर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई। नर्मदा और क्षिप्रा को जोड़ने का काम किया। प्रदेश में पहले 5 मेडिकल कॉलेज थे, अब 18 हैं। कांग्रेस के समय प्रदेश का बजट 21 हजार करोड़ का था, अब भाजपा की सरकार का 185554 करोड़ का होता है। श्री शाह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने भी प्रदेश के लिए काफी कुछ किया है। कांग्रेस की सरकार के समय प्रदेश को 134190 करोड़ मिलते थे, नरेंद्र मोदी की सरकार ने मध्यप्रदेश को 344126 करोड़ दिया, जो कांग्रेस सरकार से दो लाख करोड़ ज्यादा है।

झूठे वादे करती है कांगेस, भाजपा देती है समाधान
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह ने उमरिया की सभा में कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस क्या विकास करेगी, उसका रिकॉर्ड ही विकास का नहीं रहा। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस का रिकॉर्ड भ्रष्टाचार का रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठे वादे करने वाली, झूठ बोलने वाली पार्टी है। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस झूठे वादों का एटीएम है। जिस तरह एटीएम में कॉर्ड डालने पर नोट निकल आते हैं, वैसे ही कांग्रेस के एक एटीएम में कोई भी सवाल डालो, एक झूठा वादा निकल आता है। भाजपा की सरकारें इसके उलट हैं। भाजपा की सरकारों में कोई भी समस्या डालो, उस समस्या का समाधान निकल आता है।

मोदी ने देश का मान बढ़ाया, शिवराज ने विकास किया
श्री शाह ने कहा कि कमलनाथ पूछते हैं कि मोदी ने 4.5 साल के शासन में क्या किया। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी आपको जवाब देने की जरूरत नहीं है। हम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं। जब हम चुनाव में जाते हैं, पल पल और पाई पाई का हिसाब लेकर जाते हैं। श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने देश के विभिन्न वर्गों के लिए 129 योजनाएं शुरू की हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मोदी सरकार ने देश को सुरक्षित करने का काम किया है। कांग्रेस की मनमोहन सरकार के समय पाकिस्तानी आतंकी आते थे और हमारे जवानों को मारकर वापस पाकिस्तान में घुस आते थे। उड़ी में जवानों पर हमला हुआ। प्रधानमंत्री मोदी जी ने आदेश दिया और हमारी सेना ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक करके हमारे जवानों की हत्या का बदला लिया। श्री शाह ने कहा कि इससे पहले सिर्फ दो ही देश अमेरिका और इजराइल ही सर्जिकल स्ट्राइक करके अपने जवानों की मौतों का बदला लेते थे। प्रधानमंत्री ने इस सूची में तीसरा नाम भारत का भी जोड़ दिया। श्री शाह ने कहा कि मोदी जी ने दुनिया में भारत को सम्मान बढ़ाने का काम किया है। इसी तरह मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने विकसित मध्यप्रदेश बनाने का काम किया है और अब वे समृद्ध मध्यप्रदेश बनाना चाहते हैं। श्री शाह ने सभा में उपस्थित लोगों को समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए भाजपा को जिताने का संकल्प भी दिलाया। चुरहट की सभा में सीधी के जिला भाजपा अध्यक्ष, चारों विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी शरदेंदु तिवारी, केदारनाथ शुक्ला शिवबहादुर सिंह कुंवरसिंह टेकाम सहित अनेक नेता एवं कार्यकर्ता शामिल थे।