भाजपा के घोषणा पत्र में प्रदेश के उत्थान का संकल्प



– छात्राओं को स्कूटी, 17 लाख छोटे किसानों को फसल का बोनस देने का वादा
खरगोन। भारतीय जनता पार्टी द्वारा मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए पहली बार दो घोषणा पत्र जारी कर सबका साथ, सबका विकास का संकल्प दोहराया है। पहला घोषणा पत्र ‘समृद्ध मध्यप्रदेश दृष्टि पत्र’ और दूसरा ‘नारी शक्ति संकल्प पत्र’ किसानों, महिलाओं, विद्यार्थियों से लेकर सर्वहारा वर्ग के उत्थान का अवसर लेकर आया है। यह बात भाजपा जिलाध्यक्ष परसराम चौहान ने पार्टी के घोषणा पत्र पर विचार व्यक्त करते हुए कही। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने पार्टी की ओर से पहली बार महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी कर उन्हें प्रदेश में बराबरी का दर्जा देने की ओर सशक्त कदम उठाया है। छोटे किसानों की संपूर्ण फसल खरीदने का निर्णय खेती को लाभ का धंधा बनाने की वचनबद्धता का प्रतीक है। 17 लाख किसान सीधे लाभान्वित होंगे। भाजपा सरकार हर साल 10 लाख रोजगार के अवसर देगी। वहीं, छोटे किसानों के खातों में भी उनकी खेती के रकबे के हिसाब से बोनस की राशि ट्रांसफर करेंगे। इसका फायदा उन 17 लाख किसानों को मिलेगा, जिन्हें कृषि समृद्धि या भावांतर योजना का लाभ नहीं मिल पाता। द्याथियों को मुफ्त पढ़ाई, छात्राओं को मुफ्त स्कूटी प्रदान करने की घोषणा से गरीब व होनहार विद्यार्थियों का शिक्षा के प्रति मनोबल बढ़ेगा। श्री चौहान ने दोनों घोषणा पत्रों को अब तक का सर्वश्रेष्ठ घोषणा पत्र बताते हुए कहा भाजपा ने इस घोषणा पत्र के लिए लोगों से सुझाव मांगे थे। पार्टी को 30 हजार से ज्यादा सुझाव मिले। इसमें से 700 सुझावों को घोषणा पत्र में शामिल किया गया। राज्य में 28 नवंबर को मतदान है और 11 दिसंबर को रिजल्ट आएंगे। श्री चौहान ने मतदाताओं से प्रदेश में पुनः मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया है।

सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को मुफ्त पढ़ाई
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया भाजपा के घोषणा पत्र में हायर सेकंडरी स्कूल में 75 प्रतिशत अंक लाने और कॉलेज जाने वाली लड़कियों को मुफ्त स्कूटी देने का वादा किया है। इसके अलावा रजिस्ट्रेशन भी सरकार कराएगी। लड़कियों को कॉलेज तक लाने-ले जाने के लिए सुरक्षित निःशुल्क परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। लड़कियों को स्कूल और कॉलेज में सैनेटरी नैपकिन उपलब्ध कराने नई मुक्ता योजना लाई जाएगी। सामान्य वर्ग के गरीब छात्रों के लिए पहली कक्षा से लेकर पीएचडी तक की पढ़ाई मुफ्त रहेगी। इसमें मेडिकल और इंजीनियरिंग भी शामिल हैं। आत्मसुरक्षा के लिए कॉलेज में लड़कियों को मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग दी जाएगी, गर्ल्स हॉस्टल की क्षमता दोगुनी करेंगे। विज्ञान, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथ्स की सीटें बढ़ाई जाएंगी। हर थाने में महिला उपनिरीक्षक सिर्फ महिलाओं से जुड़े मामले देखेगी।

छोटे किसानों को पहुंचेगा फायदा
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा है कि कई छोटे किसानों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता, क्योंकि उनके पास बेचने की क्षमता सीमित होती है। कई बार वे बाजार तक नहीं पहुंचते। गांव में ही कृषि उपज बेच देते हैं। छोटे किसान लाभों से वंचित ना रहें, इसलिए हमने दृष्टि पत्र में तय किया है कि जिस अनुपात में हम कृषि समृद्धि योजना का लाभ मंडी या समर्थन मूल्य पर बेचने वाले किसानों को देते हैं, उसी अनुपात में हम छोटे किसानों के खातों में पैसा डालेंगे। मान लीजिए कि किसी के पास दो एकड़ जमीन है और 30 क्विंटल गेहूं की ही उत्पादन क्षमता है तो हम उस किसान के खाते में 265 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से 7950 रुपए सीधे जमा करा देंगे। यह फायदा उन 17 लाख किसानों को मिलेगा, जिनके पास एक हेक्टेयर तक का खेती का रकबा है।

हर साल 10 लाख रोजगार सृजन
एक कारीगर यूनिवर्सिटी बनाई जाएगी। फूड प्रोसेसिंग, टूरिज्म यूनिवर्सिटी भी खोली जाएगी। नए वेतन आयोग की स्थापना की जाएगी। कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों को सम्मानजनक मानदेय दिया जाएगा।