किसानों की खुशहाली के लिये हम प्रतिबद्ध हैं – शिवराज सिंह चौहान



समृद्ध मप्र की अवधारणा को मूर्तरूप देने भाजपा को जितायें :- राकेश सिंह
मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष ने किया जनसभा को संबोधित

जबलपुर/सिहोरा। भाजपा प्रत्याशी श्रीमती नंदिनी मरावी के समर्थन में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद श्री राकेश सिंह ने सिहोरा विधानसभा के कुंडम क्षेत्र में जनसमूह को संबोधित किया। सिहोरा विधानसभा के कुंडम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने उद्बोधन में आम जनता को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने किसानों के साथ ही हर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किए हैं। प्रदेश के आमजन की खुशहाली के लिए किसानों के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी करने के साथ ही संबल जैसी योजनाओं को आम जनता के लिए क्रियान्वित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंडम क्षेत्र के किसानों को खेती के लिये हमने तीन सिंचाई परियोजना को मंजूरी दी है। एक परियोजना 310 करोड़ एक 236 करोड़ और एक 35 करोड़ की परियोजना है। इन परियोजनाओं से यहां के किसानो को खेती के साथ पीने का पानी भी मिलेगा। इस क्षेत्र मे प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क परियोजना से 134 सड़कों का निर्माण हुआ है। यह क्षेत्र लगातार प्रगति करते हुए विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ा है। आगे भी हम क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में जनभावना के अनुरूप कार्य करेंगे इसीलिये आप इस बार भी अपना भरोसा भाजपा पर जताइये और पार्टी की प्रत्याशी श्रीमती मरावी को अधिक से अधिक मतों से विजयी बनाकर विधानसभा भेजिये। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने अनेकों जनहितैषी योजनाओं के साथ जनता जनार्दन की सेवा की है। और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रही है। इस विकास को गति प्रदान करने और समृद्ध मध्यप्रदेश की अवधारणा को मूर्त रूप देने पुनः भाजपा को विजय बनाएं। इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी श्रीमती नंदनी मरावी, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश पटेल, महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती अलका गर्ग, युवा मोर्चा अध्यक्ष राजमणि सिंह बघेल, मंडल अध्यक्ष पतिराम भवेति मास्टर, हुब्बीलाल चक्रवर्ती सहित पार्टी के जिला,मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, विभाग एवं प्रकल्प के पदाधिकारीयों के साथ ही कार्यकर्ता और क्षेत्रीय जन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।