महिलाओं पर अपमानजनक टिप्पणी करने वाली कांग्रेस को 28 नवंबर को दें जवाब : स्मृति ईरानी



केंद्रीय मंत्री ने कहा महिलाओं को सजावटी चीज मानना कांग्रेस की सभ्यता
सीहोर/ भोपाल। महिलाओं को कांग्रेस सजावट की चीज मानती है और उनका आदर नहीं करती। महिलाओं पर तुच्छ टिप्पणी करने वाली कांग्रेस की सभ्यता के खिलाफ 28 नवंबर को वोट करना है, ताकि कांग्रेस यह समझ सके की महिला शक्ति के वोट में कितनी ताकत है। यह बात श्रीमती स्मृति ईरानी ने गुरुवार को सीहोर एवं भोपाल में चुनावी जनसभाओं में कही। श्रीमती ईरानी गुरूवार को जबलपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा सीहोर पहुंची। हेलीपैड पर पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री सीताराम यादव, श्रीमती अरुणा राय सहित पार्टी के पदाधिकारियों ने श्रीमती ईरानी की अगवानी की। सीहोर के गंज क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी श्री सुदेश राय के समर्थन में केन्द्रीय मंत्री ने विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से झूठे वादे के जरिए जनता को ठगा है। कर्नाटक में कर्जमाफी का वादा करने के बाद किसानों को नोटिस थमाए जा रहे है। कांग्रेस की कथनी और करनी दोनों का अंतर जनता के सामने है। कर्नाटक के बाद अब मध्यप्रदेश में भी वह जनता से झूठे वादे कर रही है। लेकिन जनता कांग्रेस के इन झूठे वादों में नहीं आने वाली। भोपाल उत्तर विधानसभा के इब्राहिमगंज में पार्टी प्रत्याशी फातिमा रसूल सिद्दीकी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए श्रीमती ईरानी ने कहा कि एक बेटी पार्टी प्रत्याशी के तौर पर जनता के बीच है। महिलाओं को सशक्त बनाने का काम मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने किया है। बेटियां जन्म से पूजी जाए इसके लिए गरीब की बेटी को लाड़ली लक्ष्मी के जरिए 1 लाख रूपए देने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है। प्रदेश की 27 लाख से अधिक बेटियों को लाडली लक्ष्मी का उपहार मिला है। उन्होंने कहा कि बेटी के जन्म के साथ उसके लालन पालन और पढाई लिखाई की चिंता उनके मामा शिवराजसिंह चौहान कर रहे हैं। बेटियों को निशुल्क साइकिलें वितरित की गई ताकि वे पढ़ाई के लिए स्कूल तक जा सके। महिला सशक्तिकरण के लिए सर्वाधिक काम मध्यप्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने किए है।

विकास रूपी प्रकाश देने वाली भाजपा को आशीर्वाद दें
श्रीमती ईरानी ने कहा कि कांग्रेस के समय मध्यप्रदेश बीमारू था और यहां की जनता मोमबत्तियों में जीवन यापन करती थी। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने विकास रूपी प्रकाश देकर इन 15 वर्षों में मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाया है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि विकास रूपी प्रकाश देने वाली भारतीय जनता पार्टी को 28 नवंबर को आशीर्वाद दें। उन्होंने कहा कि आप जो वोट देंगे यह वोट सिर्फ शिवराज सिंह चौहान को मुख्यमंत्री बनाने के लिए नहीं, बल्कि महिलाओं को सम्मान देने वाली सरकार के लिए देंगे। वहीं 28 नवंबर को आप कांग्रेस रूपी ऐसी पार्टी के विरोध में मतदान करें जो महिलाओं को सजावट की चीज मानती है।

बिना भेदभाव के शिवराज जी ने विकास किया
सभा को संबोधित करते हुए पार्टी प्रत्याशी फातिमा रसूल सिद्दकी ने कहा कि भाजपा का मूलमंत्र सबका साथ सबका विकास है। उस मूलमंत्र को मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने साकार किया है। उन्होंने बिना भेदभाव के हर वर्ग के विकास के लिए योजनाएं बनायी है। सांसद श्री आलोक संजर ने कहा कि एक बेटी पार्टी प्रत्याशी के तौर पर आपके सामने है। इस क्षेत्र के विकास के लिए भारी मतों से विजयी बनाएं। इस अवसर पर महापौर श्री आलोक शर्मा और श्री कृष्णमोहन सोनी भी उपस्थित थे।