घर-घर फहराया भाजपा का ध्वज, द्वार पर लगाए तोरण



– 21 नवंबर को कमल दीपावली मनाने व 28 नवंबर को पहले मतदान फिर जलपान का किया आह्वान
– भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने किया महासंपर्क, मतदान के लिया प्रेरित
खरगोन। भाजपा के विशेष महासंपर्क अभियान के द्वितीय चरण में गुरुवार को बूथ स्तर के चिन्हित घरों पर पार्टी का ध्वज फहराया गया। साथ ही द्वार पर हमारा परिवार, भाजपा परिवार का स्वागतम् तोरण लगाए गए। कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने भविष्य का संदेश, समृद्ध मध्यप्रदेश का संदेश देते हुए 21 नवंबर को कमल दीपावली मनाने तथा 28 नवंबर को मतदान दिवस पर पहले मतदान फिर जलपान का आह्वान किया गया।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया विधानसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष परसराम चौहान के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिले के एक हजार 642 मतदान केंद्र के घरों पर सहमति लेकर पार्टी का झंडा लगाया। कार्यकर्ताओं ने बताया 21 नवंबर को घर पर कमल दीपक लगाकर कमल दीपावली मनाएं। साथ ही 28 नवंबर को सुबह 10ः30 बजे तक अपने परिवार, इष्ट मित्र, भाजपा समर्थक आदि का मतदान अनिवार्य रूप से हो जाए इसका निवेदन किया गया। जिलाध्यक्ष श्री चौहान, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व प्रत्याशियों ने अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है।

प्रदेश में भाजपा की लहर, चौथी बार बनाएंगे सरकार
– भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया पार्टी प्रत्याशियों को विजयी बनाने का आह्वान
खरगोन। भाजपा जिलाध्यक्ष परसराम चौहान ने जिले के विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से भेंटकर सभी छह प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा समूचे प्रदेश में भाजपा की लहर है और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में चौथी बार भाजपा सरकार बनाने जा रहे हैं। हम अबकी बार 200 पार का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। हमें जिले की सभी छह सीटें जीतने का संकल्प पूर्ण करना है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री चौहान द्वारा जिले में सघन जनसंपर्क कर पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से भेंट की जा रही है। श्री चौहान ने कहा 14 नवंबर को सभी छह सीटों पर अधिकांश निर्दलीय प्रत्याशियों ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में नाम वापसी कर उन्हें विजयी बनाने का संकल्प लिया है। मतदाता भी प्रदेश में चौथी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए उत्साहित हैं। प्रदेश व केंद्र की भाजपा सरकारों ने अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं। जिले में भी ऐसा कोई घर शेष नहीं है जिसे सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिला हो। मतदाताओं को विश्वास है कि भाजपा अपने वादों पर खरा उतरती है और अंतिम पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्यरत हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में देश व प्रदेश का चहूंमुखी विकास हो रहा है। मतदाताओं ने भाजपा को पुनः प्रदेश की बागडोर सौंपने का मन बनाया है। हमें 28 नवंबर को पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में अधिकाधिक मतदान करवाकर चौथी बार भाजपा सरकार बनाने का मार्ग प्रशस्त करना है। इस दौरान कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष श्री चौहान को आश्वस्त किया कि वे जिले की सभी छह सीटें भाजपा की झोली में डालकर प्रदेश में सरकार बनाने के लिए अबकी बार 200 पार का लक्ष्य पूर्ण करेंगे।