मैं तो विकास करूंगा, उन्हें गुस्सा करना है तो करते रहें : शिवराजसिंह



ब्यावरा-नरसिंहगढ़ की सभा में मुख्यमंत्री ने कहा विकास हमारी पहली प्राथमिकता
ब्यावरा/नरसिंहगढ़। नरसिंहगढ़ की सुंदर वादियों को भी विकास की कई सौगातें दी जाएंगी। पहले इस क्षेत्र की सड़कों पर चलते थे, तो अस्थि पंजर सब हिल जाते थे, लेकिन अब पता ही नहीं चलता है कि कब ब्यावरा, नरसिंहगढ़ आ जाते हैं। भाजपा के विकास कार्यों पर कांग्रेस को गुस्सा आता है, लेकिन कब तक गुस्सा करेंगे। मैं तो विकास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ूंगा, इनको गुस्सा करना है तो करते रहें। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने ब्यावरा और नरसिंहगढ़ में सभाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राजगढ़ जिला अन्य जिलों के लिए रोल मॉडल की तरह होगा। मैंने ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र के लिए 1500 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत किए हैं। इसी तरह आगे भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।

मैं विकास के लिए आया हूं,कमी नहीं रहेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं विकास के लिए आया हूं और इसमें कोई कमी नहीं रखी जाएगी। विकास भाजपा की प्राथमिकता में सर्वोपरि था,सर्वोपरि है और आगे भी सर्वोपरि रहेगा। उन्होंने कहा कि राजगढ़ क्षेत्र से लगाव रखने वाले कांग्रेस के नेताओं को 10-10 वर्ष तक सेवा करने का मौका मिला, लेकिन इन्होंने जनता की सेवा नहीं की, खुद की तिजोरियां भरी हैं। यही कारण है कि क्षेत्र विकास के मामले में पिछड़ गया, लेकिन भाजपा सरकार का और मेरा संकल्प है कि राजगढ़ जिले के किसी भी विधानसभा सभा क्षेत्र को विकास के मामले में पीछे नहीं रहने दूंगा।

वचन पत्र लाए हैं, लेकिन कभी वचन निभाया नहीं
मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस वचन पत्र लेकर आई है, लेकिन आज तक किया गया वचन नहीं निभाया। अब फिर प्रदेश की जनता को वचन दे रहे हैं, लेकिन अब पता नहीं ये वचन वे कब पूरा करेंगे। पहले स्व. इंदिराजी ने कई वचन दिए, फिर स्व. राजीवजी ने भी कई वचन दिए, फिर मध्यप्रदेश का बंटाढार कर गए दिग्विजय सिंह ने भी कई वचन दिए। अब राहुल गांधी, कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया भी वचन दे रहे हैं, लेकिन इनके वचन कभी पूरे होते नहीं हैं। वचन पूरे करने का काम भाजपा सरकार और शिवराज सिंह चैहान ही करते हैं। हमने अब तक किए गए सभी वायदों और वचनों को पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने ब्यावरा में भाजपा प्रत्याशी नारायण पंवार, राजगढ़ प्रत्याशी अमर सिंह यादव, सारंगपुर प्रत्याशी कुंवर कोठार और नरसिंहगढ़ में प्रत्याशी राजवर्धन सिंह एवं सीहोर के अहमदपुर में स्थानीय प्रत्याशी सुदेश राय के पक्ष में भी सभाएं कीं। इस मौके पर क्षेत्रीय सांसद रोडमल नागर, जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा, ब्रदीलाल यादव, जसवंत गुर्जर, अखिलेश जोशी, पूर्व विधायक हनुमान गर्ग, रामसिंह परमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा के प्रदेश प्रभारी, मंडलों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आम जन मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री 15 को बालाघाट, सिवनी और छिंदवाडा में जनसभाएं लेंगे
भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान 15 नवंबर को बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा की विधानसभाओं में जनसभाएं लेंगे। आप प्रातः 10 बजे बालाघाट जिले के लांजी विधानसभा के किरनापुर, प्रातः 10.55 बजे परसवाडा और दोपहर 12.10 बजे कटंगी विधानसभा के बौनकट्टा में जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 1.15 बजे सिवनी जिले के केवलारी के पलारी में और दोपहर 2.15 बजे छिंदवाड़ा जिले के चौरई विधानसभा के चांद में और दोपहर 3.15 बजे सौंसर विधानसभा के मोहखेड में जनसभा को संबोधित करेंगे।