हमारी सरकारों की परफारमेंस अच्छी, फिर बनेगी पूर्ण बहुमत की सरकार : डॉ. सहस्त्रबुद्धे



भोपाल। देश के जिन-जिन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकारें हैं, सभी सरकारें अच्छी परफारमेंस दे रही हैं। इस आधार पर आगामी चुनावों में निश्चित तौर पर हमारी पूर्ण बहुमत वाली सरकारें बनेंगी। यह बात बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश के प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे ने मीडिया से चाय के दौरान चर्चा करते हुए कही। डॉ. सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि नाम वापसी के बाद चुनावों की तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी और फिर पार्टी एक होकर पूरी ताकत से ये चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि 2003 के चुनाव के समय केंद्र में एनडीए की सरकार थी। प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनाने के लिए जनता ने अपना पूरा समर्थन दिया और उमा जी के नेतृत्व में हमारी सरकार बनी थी। इसके बाद 2008 और 1013 में भी हमारी सरकारें बनीं। अब एक बार फिर केंद्र में हमारी सरकार है और प्रदेश की जनता ऐसे में फिर प्रदेश की जनता प्रदेश में हमारी सरकार बनाना चाहती है। जनता अपनी यह चाहत मतदान के जरिए मुखरित करेगी और प्रदेश में हमारी पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। डॉ. सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हर चुनाव को गंभीरता से लेती है। हमारे नेता और कार्यकर्ता कभी देश तो कभी विदेश में घूमते हुए चुनाव नहीं लड़ते, यह हमारी संस्कृति नहीं है। हमारे नेता और कार्यकर्ता पूरी मेहनत और गंभीरता से चुनाव लड़ते हैं। डॉ. सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि नाम वापसी के बाद प्रदेश में नेताओं के दौरे तेज होंगे और महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश सहित अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री तथा केंद्रीय मंत्री भी प्रदेश का दौरा करेंगे।