शिवराज सरकार ने सशक्त महिला समृद्ध मध्यप्रदेश की भूमिका राष्ट्र के सामने पेश कीः स्मृति ईरानी



जबलपुर। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में अभूतपूर्व काम किए है। उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने ‘‘सशक्त महिला- समृद्ध मध्यप्रदेश’’ की भूमिका राष्ट्र के सामने पेश की है। यह बात केन्द्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी ने बुधवार को जबलपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। श्रीमती ईरानी बुधवार को दो दिवसीय चुनाव प्रचार के दौरान जबलपुर पहुंची थी। जबलपुर में पत्रकार वार्ता के पश्चात श्रीमती ईरानी ने जबलपुर उत्तर और जबलपुर केंट विधानसभा में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में आमसभा को संबोधित भी किया। श्रीमती ईरानी ने कहा कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने महिलाओं को सशक्त करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। विधानसभा में महिलाओं के लिए विशेष बजट का प्रावधान रखा, वहीं लाड़ली लक्ष्मी जैसी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश की 27 लाख 70 हजार से अधिक बेटियों को इसका लाभ देने का सौभाग्य भी भारतीय जनता पार्टी को प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि बेटियां शान से साइकिल की सवारी कर पढ़ने के लिए स्कूल जाए। इसके लिए भाजपा सरकार ने बेटियों को 70 लाख से अधिक निशुल्क साइकिलें वितरित की। महिलाओं के आर्थिक विकास की दिशा में भी शिवराज सरकार ने लगातार काम किए है। एक बेटी पढ लिखकर अपने पैरों पर खडी हो, उसकी आर्थिक क्षमताएं बढे़। इस दिशा में मध्यप्रदेश सरकार ने 23 लाख से अधिक बहनों को 2 लाख स्व-सहायता समूह के माध्यम से उन्हें संगठित कर 1800 करोड रूपए से अधिक का ऋण दिया। महिलाओं के कौशल विकास की दिशा में भी भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में अदभूत काम किए है। 2 लाख बहनों के कौशल प्रशिक्षण की व्यवस्था शिवराज सरकार ने की है।

केन्द्र और प्रदेश सरकार के समन्वय से मध्यप्रदेश की बहनों को लाभ मिला
श्रीमती ईरानी ने कहा कि महिला विकास और महिलाओं की शक्ति बढाने का प्रयास केन्द्र की मोदी सरकार और प्रदेश की शिवराज सरकार के समन्वय से हुआ है। प्रदेश की बहनों को इसका लाभ मिला है। महिला अपने दम पर व्यवसाय कर आत्म निर्भर बन सके। इस दिशा में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने मुद्रा योजना के माध्यम से देश की नौ करोड़ अस्सी लाख बहनों को विशेष ऋण दिया। मुद्रा योजना से मध्यप्रदेश की 68 लाख बहनें लाभान्वित हुई है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार की बहनें जो रसोई के धुंए से रोज संघर्ष करती है उनके लिए उज्जवला योजना वरदान साबित हुई है। देश में साढ़े पांच करोड बहनों को उज्जवला की सौगात मिली, उसमें मध्यप्रदेश की 30 लाख बहनों को उज्जवला का उपहार मिला है। उन्होंने प्रदेश की बहनों से पत्रकार बंधुओं के माध्यम से आग्रह करते हुए कहा कि विकास की यह यात्रा जो महिलाओं को सामर्थ्यवान और सशक्त बनाने का प्रयास है। यह यात्रा निरंतर मध्यप्रदेश में चलती रहे। भारी संख्या में बहनें पॉलिंग बूथ पर आए और विकास के हित में अपना वोट देकर शिवराज जी को आशीर्वाद दें।