घर-घर भाजपा का ध्वज फहराएंगे कार्यकर्ता



– कमल दीपक वितरित कर 21 नवंबर को मनाएंगे कमल दीपावली,
– 28 नवंबर को पहले मतदान फिर जलपान का आह्वान करेंगे
खरगोन। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार विशेष महासंपर्क अभियान के द्वितीय चरण में 15 नवंबर को बूथ स्तर पर घर-घर भाजपा का ध्वज फहराया जाएगा। तृतीय चरण में 21 नवंबर को कमल दीपावली मनाकर 28 नवंबर मतदान दिवस पर पहले मतदान फिर जलपान का आह्वान किया जाएगा। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया विधानसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष परसराम चौहान के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा 15 नवंबर को जिले के एक हजार 642 मतदान केंद्र के प्रत्येक घर पर सहमति लेकर पार्टी का झंडा लगाएंगे। साथ ही घर-घर कमल दीपक का वितरण करेंगे। इसी प्रकार 21 नवंबर को प्रत्येक घर पर कमल दीपक लगाकर कमल दीपावली मनाई जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी 28 नवंबर को सुबह 10ः30 बजे तक अपने परिवार, इष्ट मित्र, भाजपा समर्थक आदि का मतदान अनिवार्य रूप से हो जाए इसकी चिंता करेंगे। श्री चौहान सहित पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व प्रत्याशियों ने अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है।