कांग्रेस देश की राजनीति को गलत दिशा में ले जा रही है : अमित शाह



राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा हर व्यक्ति तक केंद्र व राज्य सरकारों के काम को पहुंचायें कार्यकर्ता
वीडियो संवाद के माध्यम से कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
जबलपुर। पिछले पांच सालों से कांग्रेस देश की राजनीति को गलत दिशा में ले जाने का प्रयास कर रही है। चुनाव विकास, गरीबी, बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर होना चाहिए, लेकिन कांग्रेस विकास के इस एजेंडे से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। ऐसे में हर कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह घर-घर जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दें। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने सोमवार को बूथ प्रभारी और कार्यकर्ताओं के साथ वीडियो संवाद के दौरान कही। श्री शाह ने सोमवार को प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।जबलपुर महानगर की चारों विधानसभाओं में भी एलईडी स्क्रीन के द्वारा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन को सुना। इस दौरान श्री शाह ने अपने संबोधन के पूर्व दिवंगत नेता और केंद्रीय मंत्री स्व. अनंत कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की। जबलपुर की उत्तर विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने आशीर्वाद उत्सव गार्डन आगा चौक में, पश्चिम के कार्यकर्ताओं ने सत्यरक्षा पैलेस तिलवारा रोड में, पूर्व के कार्यकर्ताओं ने चुनाव कार्यालय भरतीपुर में, केंट के कार्यकर्ताओं ने चुनाव कार्यालय डिलाइट टॉकीज के पास एलईडी स्क्रीन के द्वारा श्री अमित शाह के उद्बोधन को सुना।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का जरिया नहीं होता, बल्कि यह अपनी विचारधारा को जनता तक ले जाने का सशक्त माध्यम भी होता है। हम इसके जरिए सरकारों के काम भी जनता तक पहुंचाते हैं। श्री शाह ने कहा कि भाजपा और अन्य पार्टियों के चुनाव लड़ने के तरीकों में मूल अंतर यह है कि हमारा चुनाव कार्यकर्ता केंद्रित होता है, बूथ केंद्रित होता है। हमारे लिए चुनाव जीतने की मशीनरी की रीढ़ होते हैं बूथ के कार्यकर्ता। श्री शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में मेरी शुरूआत भी बूथ समिति के अध्यक्ष के रूप में हुई थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह ने कहा कि प्रदेश में पिछले 15 सालों से हमारी सरकार और इस अवधि में शिवराजसिंह जी की सरकार ने जो काम किया है, वह इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण है कि लोकतांत्रिक सरकारों को किसी तरह से काम करना चाहिए। मध्यप्रदेश एक बीमारू राज्य था, जिसे हमारी सरकार ने विकसित राज्यों की कतार में खड़ा कर दिया है, जो एक बड़ा परिवर्तन है। लेकिन हम इससे संतुष्ट नहीं हैं। हमें मध्यप्रदेश को एक विकसित राज्य से समृद्ध राज्य बनाना है। श्री शाह ने कहा कि प्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता को साथ लेकर प्रदेश को समृद्ध बनाना हमारा लक्ष्य है।

श्री शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश का पार्टी संगठन सबसे अच्छा है। इसे स्व. कुशाभाऊ ठाकरे की संगठन क्षमता, राजमाता विजयाराजे सिंधिया के त्याग और स्व. सुंदरलाल पटवा की प्रशासनिक क्षमताओं ने मजबूती प्रदान की है। आने वाला चुनाव इस संगठन की परीक्षा है और कार्यकर्ता इसे इसी रूप में लड़ें। प्रदेश के हर मतदाता तक प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संदेश, सरकारों के काम और पार्टी की विचारधारा को पहुंचाएं। श्री शाह ने कहा कि चुनाव के आकलन का हमारा तरीका अलग है। हम इस आधार पर चुनाव परिणामों का आकलन करते हैं कि हमने कितने बूथ जीते हैं। कार्यकर्ता प्रदेश के सभी 65000 बूथों पर जीत का संकल्प लें। इसके लिए जनसंपर्क सबसे सशक्त माध्यम है। कार्यकर्ता हर घर में पहुंचें, हितग्राहियों और आम नागरिकों से मिलें। हम कितना संपर्क कर पाते हैं, यही संगठन की कसौटी है। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस देश की राजनीति को गलत दिशा में ले जाना चाहती है। कार्यकर्ता इसके प्रति देश और प्रदेश के लोगों को जागरूक करें। श्री शाह ने कहा कि केंद्र में हमारी सरकार आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने कई काम किए हैं। सरकार ने देश के 50 करोड़ गरीब लोगों के कल्याण के लिए कदम उठाए। देश के 2 करोड़ गरीब लोगों को आवास उपलब्ध कराए हैं। 1 करोड़ घरों तक बिजली पहुंचाई है, 4 करोड़ शौचालय बनाए हैं, 5.5 करोड़ घरों में गैस सिलेंडर दिए हैं, 32 करोड़ बैंक खाते खोले गए हैं, 15 करोड़ युवाओं को मुद्रा लोन उपलब्ध कराए हैं, आजादी के 70 साल बाद देश के हर गांव में बिजली पहुंचाई है, 1.25 लाख गांवों में फाइबर आप्टिक्स पहुंचाने का काम किया है। कांग्रेस विकास के इस एजेंडे से लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है। श्री शाह ने कहा कि सरकारें राजनीतिक विवाद के लिए नहीं होतीं, बल्कि लोगों के जीवनस्तर को उठाने के लिए होती हैं, कार्यकर्ता इस एजेंडे पर चुनाव लड़ें।

राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह ने कहा कि असम और देश के अन्य हिस्सों में मौजूद घुसपैठिए हमारी सुरक्ष्ज्ञा के लिए खतरा हैं। ये देश की अर्थव्यवस्था पर भी बोझ हैं और इनकी वजह से हमारे लोगों को देश के संसाधनों का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। केंद्र में हमारी सरकार बनने के बाद असम में एनआरसी बनाया गया। इसमें प्रारंभिक तौर पर 40 लाख घुसपैठियों की पहचान की गई। जैसे ही सूची जारी हुई, कांग्रेस ने विरोध शुरू कर दिया। श्री शाह ने कहा कि 2019 में जब दोबारा केंद्र में हमारी सरकार बनेगी, हम सिर्फ असम से नहीं, बल्कि पूरे देश से घुसपैठियों को बाहर करेंगे। हमारे लिए वोट बैंक नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा महत्वपूर्ण है और भारतीय जनता पार्टी इस पर अटल है। श्री शाह ने कांग्रेस से कहा कि वह पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों से पहले यह स्पष्ट करे कि वह देश से घुसपैठियों को बाहर करने की बात पर भाजपा से सहमत है या नहीं?
श्री शाह ने कहा कि हमारी सरकार ने नक्सलवाद, माओवाद के खिलाफ कई कदम उठाए। महाराष्ट्र मं। जब हमारी सरकार ने कुछ अर्बन माओवादियों को पकड़ा, तो कांग्रेस ने इसका विरोध शुरू कर दिया। श्री शाह ने कांग्रेस से मांग की कि वह नक्सलवाद-माओवाद पर अपनी स्थिति स्पष्ट करे। कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस के लिए नक्सवादियों के हमले, बम धमाके क्रांति हो सकते हैं, लेकिन हमारे लिए तो किसी गरीब के चेहरे पर मुस्कान का खिलना ही क्रांति है। किसी बच्चे को टीका लगने के बाद उसकी गरीब मां के चेहरे पर दिखने वाली खुशी क्रांति है। किसी गरीब को रहने के लिए पक्का घर मिलना क्रांति है। गैस सिलेंडर के जरिए गरीब महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिलना क्रांति है। किसी बीमार और बूढ़े बाप को मुफ्त इलाज मिलना क्रांति है। श्री शाह ने कहा कि हम नक्सलवाद का विरोध करते हैं और अपने सिद्धांतों पर अटल हैं। कार्यकर्ता घर-घर में जाकर नक्सलवाद और एनआरसी के बारे में पार्टी के विचारधारा से लोगों को अवगत कराएं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह ने कहा कि बंटाढार सरकार के समय मध्यप्रदेश कैसा था और शिवराज सरकार ने उसमें क्या बदलाव किए हैं, कार्यकर्ता लोगों को यह फर्क समझाएं। श्री शाह ने कहा कि शिवराज सरकार ने हर मोर्चे पर विकास किया है। दिग्विजय सरकार के समय बजट 21,647 करोड़ हुआ था, जिसे शिवराज सरकार ने 4 गुना से भी ज्यादा बढ़ाया। यह प्रदेश की आर्थिक सेहत का प्रतीक है। प्रति व्यक्ति आय कांग्रेस के जमाने में 14 हजार होती थी, जो अब 72 हजार तक पहुंच गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किसानों के लिए उठाए गए कदमों के लिए प्रदेश सरकार को बधाई देते हुए कहा कि शिवराज सरकार ने सिंचाई का रकबा 6 गुना तक बढ़ाया और प्रदेश में बिजली की उपलब्धता भी 6 गुना बढ़ा दी। सड़कें और कृषि उत्पादन में भी आशातीत वृद्धि की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों को गुमराह कर रही है। कांग्रेस के जमाने में किसानों को 15 प्रतिशत ब्याज पर कर्ज दिया था, जिसे शिवराज सरकार ने शून्य प्रतिशत कर दिया है। उन्होंने कहा कि किसानों को शून्य प्रतिशत पर कर्ज देने वाली शिवराज सरकार देश की पहली सरकार है। जीडीपी जो -4 प्रतिशत पर था, उसे 10 प्रतिशत तक पहुंचाया। श्री शाह ने कहा कि शिवराज सरकार ने जन्म से लेकर अंतिम संस्कार तक गरीबों के लिए इंतजाम किए हैं, जो इस बात का उदाहरण है कि एक लोक कल्याणकारी सरकार को किस तरह काम करना चाहिए।
श्री शाह ने कहा कि प्रदेश भाजपा का मजबूत संगठन, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का दूरदर्शी नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छत्रछाया मिलकर एक अजेय भाजपा, जिसे पराजित नहीं किया जा सकता, का निर्माण करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों हुए हर चुनाव में भाजपा ने सफलता हासिल की है। यह हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही नतीजा है कि देश के 19 राज्यों और 70 प्रतिशत भू-भाग पर हमारी सरकारें हैं। श्री शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश का संगठन काफी पुराना है और यहां के कई कार्यकर्ता तो मुझसे भी ज्यादा सीनियर हैं, जिन्होंने कई चुनाव लड़े और जीते हैं। लेकिन एक विशेष बात मैं कहना चाहूंगा कि यह चुनाव सामान्य चुनाव नहीं है। ये चुनाव देश के लिए महत्वपूर्ण चुनाव हैं, क्योंकि इनमें मिली जीत ही 2019 में केंद्र में फिर से मोदी जी की सरकार बनाने के लिए आधार तैयार करेगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस ने अपने 70 सालों के शासन में देश की जो दुर्दशा की, इससे बाहर आने के लिए, देश में सुरक्षा का वातावरण बनाने के लिए, देश को एक आर्थिक शक्ति और एक सामरिक महाशक्ति बनाने के लिए 5 साल का समय पर्याप्त नहीं होता। उन्होंने कहा कि भाजपा अंत्योदय के जरिए समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और भारतमाता के गौरव को परम वैभव पर पहुंचाने के जिस लक्ष्य के लिए अस्तित्व में आई है, उस लक्ष्य को हासिल करने के लिए यह जरूरी है कि जितना समय कांग्रेस को मिला है, उतना समय हमें भी मिले। श्री शाह ने कहा कि कार्यकर्ता इस चुनाव में 2019 की विजय की नींव तैयार करें, ताकि भाजपा अजेय हो और लंबे समय तक पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक देश में हमारा बहुमत हो।

श्री शाह ने कहा कि देश को महान बनाने के लिए देश में भाजपा का शासन होना जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। उनके नेतृत्व में भारत ने दुनिया में अपनी जगह बनाई है। उन्होंने कहा कि भारतमाता के गौरव को परम वैभव तक पहुंचाने के लक्ष्य के लिए ही पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ता जी रहे हैं। श्री शाह ने कहा कि देश में भाजपा का शासन रहे, इसके लिए जरूरी है कि कार्यकर्ता इस चुनाव में सिर्फ जीत नहीं, बल्कि दिल दहलाने वाली विजय हासिल करें। इस विजय के लिए कार्यकर्ता अपना हर क्षण पार्टी को समर्पित करने का संकल्प लें। श्री शाह ने कहा कि आगामी 15 नवंबर को ‘मेरा घर, भाजपा का गढ़’ अभियान के अंतर्गत कार्यकर्ता अपने घरों पर भाजपा का ध्वज फहराएं। इसके साथ ही 21 नवंबर को घर-घर कमल दीप जलाकर कमल दीपावली मनाएं।
श्री शाह ने कहा कि केंद्र में जब कांग्रेस की सरकार थी, मध्यप्रदेश को उसका पूरा अधिकार नहीं मिलता था। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार बनने के बाद उन्होंने मध्यप्रदेश के लिए बहुत काम किए हैं। प्रदेश के विकास के लिए पहले शिवराजसिंह जी अकेले काम कर रहे थे, अब उनके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी भी हैं। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में प्रदेश को केंद्र से 1,34,190 करोड़ रुपए मिलते थे, जिसे मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार ने बढ़ाकर 3,44,126 करोड़ कर दिया है। प्रदेश की जनता को उसका अधिकार मिलना ही चाहिए, लेकिन कांग्रेस की सरकारों ने ये अधिकार नहीं दिया।

श्री शाह ने कहा कि मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह को कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करने के लिए बधाई और आने वाले चुनाव के लिए शुभकामनाएं देता हूं। वे कार्यकर्ताओं की फौज लेकर जनता के बीच जाएं और उनका नेतृत्व करें। चुनाव बड़ी विजय हासिल कर लौटें, हम आपका स्वागत करेंगे।
इस दौरान उत्तर विधानसभा मे प्रत्याशी श्री शरद जैन, महापौर डॉ. स्वाती गोडबोले, डॉ. जितेन्द्र जामदार, सदानंद गोडबोले, अखिलेश जैन, मोहन महावर, संदीप जैन, राजेश मिश्रा, आनंद मिश्रा, पंकज दुबे, सुनील जैन, श्रीकांत साहू, सत्येन्द्र शर्मा, पिंटू पटैल, राजीव राठौर, शंकर श्रीवास्तव, नवीन रिछारिया, वीणा जैन, रिजवान अंसारी, बेड़ी पटैल, सुषमा पटैल, अश्विनी परांजपे, रंजीत पटैल, अमित जैन, ममता जैन, विद्या बाजपेयी, सुधा तिवारी, ज्योति जैन आदि उपस्थित थे।
पश्चिम विधानसभा में प्रत्याशी श्री हरेन्द्रजीत सिंह बब्बू, श्रीराम शुक्ला, संत सिंह परिहार, शरद ताम्रकार, काके आनंद, कुंवर पाल सिंह शेरू, अभय सिंह ठाकुर, विनय अमलाठे, संजय नाहतकर, अनिल वर्मा, संजय जायसवाल, सुशील चौबे, मनीष दुबे, विवेक अग्रवाल, लोचन साहू आदि उपस्थित थे।
पूर्व विधानसभा मे प्रत्याशी श्री अंचल सोनकर के साथ नंद कुमार यादव, जयकांत उपाध्याय, रमेश प्रजापति, दुर्गा उपाध्याय, संजय जायसवाल, पंकज मिश्रा, सुभाष शुक्ला, शब्बीर अंसारी आदि उपस्थित थे।
केंट विधानसभा में प्रत्याशी श्री अशोक रोहाणी, राजकुमार मेहता, माइकल प्रदीप कपूर, तृष्णा चटर्जी, संतोषी ठाकुर, सीतारमण दुबे, संजय ठाकुर, दामोदर सोनी आदि उपस्थित थे।