नेहरू-इंदिरा संघ को रोक न सके तो अब क्या रोकेंगे – शिवराजसिंह चौहान



– मुख्यमंत्री ने कहा संघ की शाखा व उसमें कर्मचारियों के शामिल होने पर प्रतिबंध की बात कांग्रेस का अहंकार
– मुख्यमंत्री ने कहा मैं जनता के दुःख हरता हूं तो कांग्रेस को गुस्सा आता है
खरगोन। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कांग्रेस द्वारा अपने वचन पत्र में शासकीय भूमि पर संघ की शाखा लगाने व उसमें कर्मचारियों के शामिल होने पर प्रतिबंध लगाने की बात पर पलटवार किया है। उन्होंने सोमवार को जिले के बेड़िया में आयोजित चुनावी सभा के दौरान कहा संघ पर रोक लगाने का कार्य नेहरूजी ने भी किया था लेकिन हटाना पड़ी, इंदिराजी ने भी रोक लगाई लेकिन हटाना पड़ी। आज की कांग्रेस की तो बिसात ही क्या कि वह संघ पर रोक लगाए। संघ की शाखाएं भी लगेगी और इसमें कर्मचारी भी जाएंगे। इसपर कोई रोक नहीं लगा सकता है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया सोमवार को मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बेड़िया में बड़वाह से भाजपा प्रत्याशी हितेंद्रसिंह सोलंकी के समर्थन में चुनावी सभा में कांग्रेस को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा मैंने यह फैसला किया था कि संघ के शाखा में प्रत्येक देशभक्त नागरिक जाएं, क्योंकि संघ देशभक्तों का संगठन है। इसमें सरकारी कर्मचारी भी जा सकते हैं। संघ देशभक्ति के गुण और भाव को लोगों के मन में भरता है। देशभक्त, चरित्रवान, ईमानदार, परिश्रमी नागरिक तैयार हो यह काम संघ की शाखाओं में होता है। कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में रोक लगाने की बात कही है। पता नहीं कांग्रेस किस अंहकार में भरी हुई है। श्री चौहान ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व कार्यों का उल्लेख करते हुए जब मैं दुःखियों के दुःख हरता हूं तब कांग्रेस को गुस्सा आता है। उन्होंने अपने भाषण में कांग्रेस के विज्ञापन मुझे गुस्सा आता है पर अपनी योजनाओं के माध्यम से कटाक्ष किया। श्री चौहान ने कहा भाजपा ने मुझे इस चुनाव में भी आगामी मुख्यमंत्री के रूप में आपके सामने रखा है जबकि कांग्रेस के पास मुख्यमंत्री का कोई चेहरा नहीं है। ज्योतिरादित्य सिंधिया के क्षेत्र में जाओ तो वहां कहते हैं सिंधिया सरकार। कमलनाथ के क्षेत्र में कमलनाथ सरकार। अजयसिंह के क्षेत्र में अजय सरकार। झाबुआ क्षेत्र में भूरिया सरकार। इस तरह कांग्रेस में मुख्यमंत्री के कई दावेदार है। श्री चौहान ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव को बुधनी से कांग्रेस का उम्मीदवार बनाए जाने पर कहा पहले श्री यादव से अध्यक्ष पद छीना गया और अब उन्हें बुधनी से कांग्रेस का उम्मीदवार बना दिया है। भला ऐसा भी कोई बदला निकालता है। कांग्रेस खुद की लुटिया डुबोने पर तुली है।

राजनीतिक लाभ के लिए मंदिर जाते हैं राहुल
श्री चौहान ने राहुल गांधी के मंदिर-मंदिर जाने, सिर पर त्रिपुंड लगाने व जनेऊ पहनने पर कहा हम राहुल गांधी की तरह राजनीतिक लाभ के लिए मंदिर नहीं जाते हैं। हम धार्मिक आस्था के कारण मंदिर जाते हैं। श्री चौहान ने भाजपा प्रत्याशी श्री सोलंकी के मांगपत्र पर चुनाव आचार संहिता का हवाला देकर कोई भी नई घोषणा न करते हुए कहा बेड़िया में मिर्च मंडी का काम हो रहा है। आगे भी क्षेत्र के साथ न्याय किया जाएगा। सभा को भाजपा जिलाध्यक्ष परसराम चौहान, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गुलाबचंद मंडलोई, बड़वाह प्रत्याशी श्री सोलकी, विधानसभा प्रभारी महिम ठाकुर, पूर्व विधायक चंद्रकांत गुप्ता, महिला आयोग की पूर्व सदस्य ज्योति यवतिकर, राजा सोनी सहित वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। संचालन विधानसभा सहप्रभारी रामचरण कुशवाह ने किया व आभार सनावद ग्रामीण मंडल अध्यक्ष कुसुम बिरला ने माना।

सभा में ये रहे उपस्थित
मुख्यमंत्री की सभा के दौरान जिला महामंत्री महेंद्र यादव, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सुराणा, जिला मंत्री दिलीप पटेल, कौशल्या केदार पंडित, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष धनलक्ष्मी शर्मा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष परमीतसिंह भाटिया, खरगोन लोकसभा मीडिया प्रभारी मोहन जायसवाल, मंडल अध्यक्ष अशोक तिवारी बड़वाह, पप्पू बराड़ बड़वाह ग्रामीण, विष्णु ठेकेदार सनावद नगर, सनावद ग्रामीण, मंडल महामंत्री रोमेश विजयवर्गीय, परमजीतसिंह राजपाल, अमरसिंह गौड़, डॉ. एनएस सोलंकी, संजय राठौर, प्रभात पंडित, रामेश्वर सिनगुने, पदम बिरला, प्रेमलाल सिनगुने, भगवानसिंह सोलंकी, गोपी सोनी, यश गोधा, प्रभात उपाध्याय, विधानसभा मीडिया प्रभारी नरेंद्र गावशिंदे, राजेंद्र नामदेव, अश्विनी जैन आदि उपस्थित थे।