पार्टी के दृष्टि पत्र में शामिल होंगे प्रदेश के लोगों के सुझाव : राकेश सिंह



समृद्ध मध्यप्रदेश अभियान में जनता ने दिए 23 लाख से अधिक सुझाव
भोपाल। पार्टी के समृद्ध मध्यप्रदेश अभियान के प्रति लोगों ने काफीउत्साह दिखाया है और इस अभियान कि अंतर्गत प्रदेश भर से 23 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं। इनमें से महत्वपूर्ण सुझावों को पार्टी के दृष्टि पत्र में शामिल किया जायेगा। यह बात पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेशसिंह ने सोमवार को मीडिया से चर्चा के दौरान कही। प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने सोमवार को मीडिया सेंटर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए समृद्ध मध्यप्रदेश अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य या देश में लोकतंत्र सही मायने में तभी पूर्ण होता है, जब सरकार जनता के द्वारा चुनी गयी हो, जनता की हो और जनता के हितों में ही काम करे। मध्यप्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में हमेशा इस बात का ध्यान रखा है। श्री शिवराजसिंह चौहान ने अभी तक जितनी भी योजनाओं का क्रियान्वयन किया है वे सब जनता के सुझावों का प्रतिफल हैं। उन्होंने कहा कि श्री शिवराजसिंह चौहान ने मुख्यमंत्री निवास पर अलग-अलग वर्गों की पंचायतें बुलाकर उनकी बेहतरी के लिए सुझाव मांगे। उन सुझावों के आधार पर योजनाएं बनायी और उनका क्रियान्वयन किया। लाड़ली लक्ष्मी योजना, कन्यादान योजना, तीर्थदर्शन योजना और संबल जैसी योजनाएं इन्हीं सुझावों का प्रतिफल हैं।

सुझावों से तैयार होगी भविष्य की कल्पना
श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश को कभी बीमारू प्रदेश कहा जाता था। 15 वर्षों में अब मध्यप्रदेश तेजी के साथ विकसित होने वाले प्रदेशों की श्रेणी में खडा हुआ है। मध्यप्रदेश आने वाले समय में समृद्ध मध्यप्रदेश के रूप में जाना जायेगा। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी ने 21 अक्टूबर को समृद्ध मध्यप्रदेश अभियान शुरू किया था। इस अभियान में 50 हाईटेक रथ रवाना किए गए, जिन्होंने 230 विधानसभाओं में पहुंचकर जनता के सुझाव लिए। प्रत्येक विधानसभा में 20 सुझाव पेटियां लगाई गई थीं, जिनके माध्यम से जनता के सुझाव प्राप्त हुए। इसके साथ वेबसाइट, ईमेल, वाट्सअप, एसएमएस एवं मिस कॉल के माध्यम से जनता से सुझाव मांगे थे। प्रत्यक्ष रूप से लोगों तक यह अभियान पहुंचे इसके लिए कार्यकर्ताओं ने 6 हजार से अधिक स्थानों पर एक चाय एक राय कार्यक्रम संपन्न हुआ। इन सभी माध्यमों से हमें 23 लाख से अधिक महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए। इन सारे सुझावों का संकलन कर आने वाले कल की कल्पना तैयार हो रही है। इन सुझावों के माध्यम से आने वाले दिनों में और भी बेहतर योजनाएं प्रदेश के विकास के लिए और जनता के सामाजिक उत्थान के लिए सामने आएं, ऐसा हमारा प्रयास है। श्री सिंह ने कहा कि इस अभियान के तहत मिले 23 लाख से अधिक सुझावों में से महत्वपूर्ण सुझावों को पार्टी के दृष्टि पत्र में शामिल करेंगे।