बड़ी-बड़ी बातें करने वाले कांग्रेसी तब कहां थे, जब प्रदेश अंधेरे में डूबा था : शिवराजसिंह चौहान



मुख्यमंत्री ने 2003 से पहले के कांग्रेस शासन को बताया प्रदेश का ‘काला काल’
भोपाल। मध्यप्रदेश में 2003 से पहले कांग्रेस के शासन वाला समय काला काल था। कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश को पूरी तरह से तबाह कर दिया था, बरबाद कर दिया था। अब कांग्रेस के लोग बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं, लेकिन उस समय वे कहां थे, जब मध्यप्रदेश की जनता को 24-24 घंटे अंधेरों में रहना पड़ता था। गड्ढों से भरी सड़कों पर सफर करना पड़ता था। ये बातें मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने सोमवार को पानसेमल और बेड़िया में आयोजित जनसभाओं में कही।

बेटियों की शादी करो, तो कांग्रेस को गुस्सा आता है
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने सोमवार को बड़वानी जिले के पानसेमल विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय भाजपा प्रत्याशी श्री दीवानसिंह पटेल और खरगोन जिले की बड़वाह विधानसभा के बेड़िया में भाजपा प्रत्याशी श्री हितेंद्रसिंह सोलंकी के पक्ष में सभाओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने गरीबों की जिंदगी बदलने के लिए संबल योजना बनाई तो वह कांग्रेसियों को रास नहीं आई। प्रदेश में गरीबों की भलाई करो तो इसमें भी उन्हें गुस्सा आता है। हम गरीबों को 200 रूपए में बिजली दे रहे हैं तो कांग्रेसियों को इसमें भी गुस्सा आता है। कांग्रेस ने कभी भी एक बेटी की शादी नहीं की। भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मुख्यमंत्री निकाह योजना चलाई तो उन्हें इसमें भी गुस्सा आता है। 2022 तक बेघर नहीं रहेगा प्रदेश का एक भी गरीब मुख्यमंत्री ने कहा कि 2022 तक प्रदेश के हर गरीब के पास खुद का पक्का मकान होगा। भाजपा सरकार किसी भी गरीब को बेघर नहीं रहने देगी। उन्होंने कहा कि मेरे भांजे-भांजियों को आईआईटी करना है, आईआईएम में जाना है, इंजीनियरिंग करनी है या डॉक्टरी की पढ़ाई करनी है। वह खूब मन लगाकर पढ़ाई करें। सबकी पढ़ाई का खर्चा भाजपा सरकार उठाएगी। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश में हर साल 10 लाख रोजगार पैदा करेंगे और किसी भी युवा को बेरोजगार नहीं रहने देंगे। हमारी प्राथमिकता में युवाओं को रोजगार देना है। चौपट कर दी थी शिक्षा व्यवस्था मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दिग्विजय सिंह सरकार ने प्रदेश की पूरी शिक्षा व्यवस्था को ही चौपट कर दिया था। हमने बच्चों को निःशुल्क पुस्तकों का वितरण कराया, दूरदराज से आने वाली बेटियों के लिए साइकिलें दीं। इस काम में भी कांग्रेसियों को गुस्सा आता है।

कांग्रेस ने अरुण यादव जी को कहीं का न छोड़ा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा, महाराजा और उद्योगपति परेशान हैं। रात-रात भर करवटें बदलते रहते हैं। उन्हें नींद नहीं आती है। नींद तो मुझे भी नहीं आती है, मैं सिर्फ तीन घंटे सोता हूं, लेकिन मैं प्रदेश को समृद्धशाली बनाने के लिए दिन-रात काम करता रहता हूं। लेकिन कांग्रेस के लोगों को तो इसलिए नींद नहीं आती है कि यदि यह दुबला-पतला आदमी चौथी बार भी मुख्यमंत्री बन गया तो फिर हमारा क्या होगा? मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हमारे मित्र अरूण यादव को भी कहीं का नहीं छोड़ा। पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटा दिया और अब उन्हें बुधनी विधानसभा में मेरे सामने लड़ने के लिए उतार दिया है। कांग्रेस में दम है तो शाखा में जाने से रोककर दिखाए मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं जब प्रदेश का मुख्यमंत्री बना, तो मैंने कर्मचारियों को शाखा में जाने की इजाजत देने का निर्णय लिया। यदि कोई कर्मचारी संघ की शाखा में जाता है, तो इसमें हर्ज क्या है? यदि कांग्रेस में दम है तो वह इन्हें रोककर दिखाए। उन्होंने कहा कि हम मंदिर को आस्था का केंद्र मानते हैं, लेकिन कांग्रेस ने चुनाव जीतने के लिए मंदिरों को हथियार बनाया है। कांग्रेस हिन्दू धर्म की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है।

मुख्यमंत्री ने सुनी दिव्यांग बच्ची की परेशानी
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने खरगोन जिले के बेड़िया में आयोजित सभा के बाद वहां मौजूद एक दिव्यांग बच्ची से मुलाकात की। बच्ची ने मुख्यमंत्री को अपनी परेशानी बताई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उसे आश्वस्त किया कि तुम्हें परेशान नहीं रहने दिया जायेगा। वहीं बड़वानी जिले के पानसेमल में सभा से पहले मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान बांदरकच्छ गए। यहां पर वे वरिष्ठ नेता स्व. देवीसिंह पटेल के निवास पर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी। बेड़िया में सभा के दौरान श्री चंद्रकांत गुप्ता, श्री हितेंद्र सोलंकी, श्री गुलाबचंद्र मंडलोई, श्री रामकरण कुशवाह, श्री अनंत सेठी, श्री मोहन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। इधर बडवानी जिले की पानसेमल में आयोजित सभा में मुख्य रूप से नंदुरवार (महाराष्ट्र) की सांसद श्रीमती हिना गाविद, जिला अध्यक्ष श्री ओम खण्डेलवाल, जिला महामंत्री श्री श्याम बर्डे, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्री राम सोनाने, श्री लोकेश शुक्ला, पार्टी प्रत्याशी श्री दीवान सिंह पटेल सहित बडी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद थे।