हिम्मत है तो संघ पर प्रतिबंध लगाकर दिखाए कांग्रेसः राकेश सिंह



भोपाल। कांग्रेस द्वारा अपने वचन पत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाएं लगाने पर प्रतिबंध लगाए जाने की बात कही है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे विनाश काले विपरीत बुद्धि कहते हुए कांग्रेस के विनाश की शुरूआत बताया है। उन्होंने कहा कि यह शब्द सुनने में कठोर जरूर लगते है लेकिन यह सच्चाई है। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो संघ पर प्रतिबंध लगाकर दिखाए। श्री राकेश सिंह ने कहा कि देश को बांटने वाली ताकतों और विघटनकारी तत्वों के साथ खड़े होने से कांग्रेस को कोई परहेज नहीं है। उन्होंने कहा कि जब जेएनयू में देश विरोधी नारे लगे थे, तब कांग्रेस देश के टुकडे टुकडे करने का नारा लगाने वाली गैंग के साथ खड़ी रही। श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में आरएसएस को लेकर जो बात कही है, उससे कांग्रेस के मंसूबे साफ दिखायी देते हैं। एक राष्ट्रवादी संगठन को लेकर जिस प्रकार की राजनीति कांग्रेस कर रही है वह दुर्भाग्यपूर्ण है। पहले भी तीन बार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश कर रही है लेकिन उसे मुंह की खानी पडी। तीनों ही बार कांग्रेस की सरकारों को संघ से प्रतिबंध हटाना पडा।

कांग्रेस की नौटंकी समझती है जनता
उन्होंने कहा कि देश की जनता अब जागरूक है और वह कांग्रेस के विरोधाभासी व्यवहार को अच्छे से समझती है। एक तरफ कांग्रेस भगवान राम को काल्पनिक बताती है, वहीं दूसरी तरफ उसके नेता मंदिरों में माथा टेकते रहते हैं, राम पथ वन गमन की बात करते हैं। एक ओर कांग्रेस हिन्दु वोटों के एकत्रीकरण की बात करती है, तो दूसरी तरफ संघ की शाखाओं पर प्रतिबंध लगाने की बात कहकर शायद मुस्लिम वोटों के एकत्रीकरण के बारे में सोचती है। लेकिन देश के सभी वर्गो के लोग कांग्रेस की असलियत समझ चुके है।

राष्ट्रवादी संगठन है राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ
श्री सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ वह संगठन है, जिसके हजारों स्वयंसेवकों ने भारत माता के वैभव के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। वहीं देश के ऐसे हिस्सों में भी स्वयंसेवक पहुंचकर सेवा कार्य कर रहे हैं, जहां कांग्रेस के लोग कभी नहीं पहुंच पाए। जनजातीय भाईयों के बीच में, सेवा बस्तियों में सेवा के कार्य करके लोगों को एकजुट करके राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ देश की मजबूती के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कांग्रेस को खुली चुनौती देते हुए कहा कि कांग्रेस में अगर हिम्मत है तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाकर बताए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पता है कि उनकी सरकार बनने वाली नहीं है, इसीलिए वचन पत्र में तमाम ऐसी बातें कही गयी हैं, जो संभव नहीं हैं। देश की जनता कांग्रेस को उनके झूठे वचनों के लिए सबक सिखायेगी।