अब इस शहर का नाम फैजाबाद नहीं अयोध्या होगा, सीएम योगी की घोषणा



लखनऊ। दिवाली के पहले उत्तर प्रदेश के एक और शहर का नाम बदलने की घोषणा यहां के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कर दी है। इसके तहत उत्तर प्रदेश का शहर फैजाबाद अब अयोध्या के नाम से जाना जाएगा। यूपी के ही इलाहाबाद का नाम प्रयागराज के नाम पर बदलने के 21 दिन बाद यूपी के सीएम योगी ने अब फैजाबाद का नाम अयोध्या किए जाने का फैसला किया है। योगी ने कहा कि अयोध्या हमारी आन बान शान का प्रतीक है। अयोध्या की पहचान भगवान राम से है और आज से जनपद (फैजाबाद) का नाम भी अयोध्या होगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या में नया मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है और इसका नाम राजर्षि दशरथ पर रखा जाएगा. यहां पर बन रहे एयरपोर्ट का नाम मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के नाम पर रखा जाएगा।

शहर का नाम बदलने की ये है प्रक्रिया
यदि किसी भी का नाम बदला जाना हो तो उसकी एक तय प्रक्रिया है। इसके तहत उस शहर के स्थानीय लोग या जनप्रतिनिधि नाम बदलने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजेंगे। इसके बाद राज्य मंत्रिमंडल प्रस्ताव पर विचार करेगा और मंजूरी देने के बाद राज्यपाल की सहमति को भेजेगा। राज्यपाल इस प्रस्ताव पर अनुंशसा देने के साथ अंतिम मंजूरी के लिए केंद्रीय गृहमंत्रालय को भेजेगा। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद राज्य सरकार नाम बदलने की अधिसूचना जारी करती है।