विवाद और हिंसा कांग्रेस के स्वभाव में शामिल: राजो मालवीय


भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता सुश्री राजो मालवीय ने कांग्रेस के मीडिया सेल में कार्यरत दो महिला नेत्रियों के बीच हुए विवाद को पार्टी के स्वभाव का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा है कि विवाद और हिंसा कांग्रेस के स्वभाव में शामिल हैं। जब कोई बाहरी प्रतिद्वंदी नहीं मिलता, तो पार्टी के लोग अपने सहयोगियों या अधीनस्थों के साथ वैसा ही व्यवहार कर अपनी खुन्नस निकालते हैं।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को मीडिया सेल की संयोजक सुश्री शोभा ओझा और प्रवक्ता सुश्री संगीता शर्मा के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान मीडिया सेल संयोजक सुश्री शोभा ओझा ने प्रवक्ता सुश्री संगीता शर्मा को यहां तक कह दिया था कि तुम तभी दिखाई देती हो, जब कोई बड़ा नेता आने वाले होता है। इस विवाद को लेकर सोशल मीडिया में भी गॉसिप शुरू हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी की प्रवक्ता सुश्री राजो मालवीय ने इस घटना को कांग्रेस के स्वभाव की प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि विवाद और हिंसा कांग्रेस के स्वाभाविक गुण हैं। कांग्रेस अपने प्रतिद्वंदियों के साथ ऐसा ही व्यवहार करती है। कभी वह अपशब्दों का प्रयोग करती है, तो कभी पत्थर फिंकवाने लगती है। लेकिन जब प्रतिद्वंदियों की तरफ से ऐसा कोई मौका नहीं मिलता, तो कांग्रेसी एक-दूसरे के साथ ऐसा ही व्यवहार कर अपनी भड़ास निकालते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं के प्रति जनता के रवैये और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चैहान की जन आशीर्वाद यात्रा को मिल रहे जबरदस्त जनसमर्थन से कांग्रेस दबाव में आ गई है। पार्टी का मीडिया विभाग यह तय नहीं कर पा रहा है कि वह मुख्यमंत्री की बढ़ती लोकप्रियता के ग्राफ को नीचे गिराने के लिए क्या करे। इसी के चलते मीडिया विभाग में लगातार अस्थिरता का माहौल है।