गतिशीलता और आर्थिक विकास ने भारत को अंतर्राष्‍ट्रीय क्षितिज पर चमकता सितारा बना दिया है : उपराष्‍ट्रपति



भारत दुनिया की सबसे तेजी से विकसित हो रही अर्थव्‍यवस्‍था है हरारे में भारतीय समुदाय को संबोधित किया

उप राष्‍ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा है कि देश की गति‍शीलता और आर्थिक विकास ने भारत को अंतर्राष्‍ट्रीय क्षितिज पर चमकता सितारा बना दिया है। भारत 8.2 प्रतिशत की विकास दर के साथ दुनिया की सबसे तेजी से विकसित हो रही अर्थव्‍यवस्‍था बन चुका है। उप राष्‍ट्रपति कल जिम्‍बाब्‍वे में भारत के राजदूत श्री आर मसाकुई द्वारा उनके सम्‍मान में आयोजित भारतीय समुदाय के स्‍वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सामाजिक न्‍याय और अधिकारिता राज्‍य मंत्री श्री कृष्‍ण पाल गुर्जर और अन्‍य गणमान्‍य व्‍यक्ति उपस्थित थे। श्री नायडू ने कहा कि जिम्‍बाब्‍वे में भारतीय समुदाय के लोग भले ही संख्‍या में कम हों लेकिन वे अपनी उद्यमिता के बल पर विभिन्‍न क्षेत्रों में देश के विकास के लिए महत्‍वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। ये लोग जिम्‍बाब्‍वे और भारत के बीच जीवंत सेतु की तरह हैं।

उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि कठिन परिश्रम करने, शांतिप्रिय होने और लोगों के साथ आसानी से मेलजोल करने की मूल प्रवृति के कारण ही भारतीय समुदाय जिम्‍बाब्‍वे में फल फूल रहा है और खुद के साथ ही अपने देश के लिए भी सम्‍मान अर्जित किया है। भारत और जिम्‍बाब्‍वे के बीच घनिष्‍ठ और मैत्रीपूर्ण संबंधों का जिक्र करते हुए उन्‍होंने कहा कि दोनों देशों ने समृद्ध, सांस्‍कृतिक विरासत पाई है जो समय के साथ और जीवंत होती गई। श्री नायडू ने जिम्‍बावे में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से भारत में हो रहे बड़े बदलाव पर नजर रखने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत आज तेजी से बदल रहा है। देश में कारोबार का माहौल बेहतर हो रहा है। पुराने पड़ चुके नियमों को खत्‍म किया जा रहा है और निर्बाध प्रक्रियाएं शुरू की जा रही हैं।उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि 21वीं शताब्‍दी को एशिया और अफ्रीका की सदी बताया जा रहा है। इसमें भारत की महत्‍वपूर्ण भूमिका होगी। ‘’आप लोग जहां कही भी रह रहे हों भारत की इस भूमिका के प्रभाव को महसूस करेंगे। हम चाहते हैं कि विकास और समृद्धि की दिशा में हो रही इस यात्रा में आप हमारे साथ आएं’’।