विधानसभा चुनाव कांग्रेस के सर्कस का आखिरी शो

– भाजपा विधानसभा चुनाव प्रबंधन समिति की कार्यशाला में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विनोद शर्मा ने दिया मार्गदर्शन
खरगोन। यह विधानसभा चुनाव कांग्रेस के सर्कस का आखिरी शो है। इसमें वे सारे हथकंडे अपनाएंगे जिससे मतदाताओं को बरगलाया व भाजपा को फंसाया जा सके। कांग्रेसी अभी तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान आदि पर झूठे व मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं लेकिन आने वाले दिनों में वे भाजपा के प्रत्याशियों व अन्य नेताओं पर भी ऐसे ही आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश करेंगे। हमें कांग्रेसियों के प्रत्येक झूठ, फरेब से सचेत रहकर उसका जवाब देना होगा।
यह बात भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य व पूर्व धार जिलाध्यक्ष विनोद शर्मा ने चुनाव प्रबंधन समितियों की कार्यशाला में कही। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष परसराम चौहान की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में श्री शर्मा ने चुनाव प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कांग्रेसी इस चुनाव में अनेक प्रकार की अफवाहें उड़ाएंगे व हर तरह के षड़यंत्र रचेंगे। इसलिए हमें अत्यधिक सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। हमारे पूर्व के अनुभव रहे हैं कि दिल्ली में प्याज की कीमतें बढ़ती हैं और उसे आधार बनाकर वे मप्र का चुनाव जीत जाते हैं। हमें प्रत्येक अफवाह और षड़यंत्र का मुंहतोड़ जवाब देना होगा। श्री शर्मा ने कहा हम विचारधारा को लेकर कार्य कर रहे हैं। पार्टी में मप्र के संगठन को आदर्श और श्रेष्ठतम कार्य करने वाला माना जाता है। जनता हमपर अटूट विश्वास व अपेक्षाएं रखती हैं। हमें जनता के भरोसे पर खरा उतरना है। श्री शर्मा ने कहा जिस प्रकार गोमूत्र सात बार छनकर अर्क बनता है वैसे ही भाजपा के प्रत्याशी भी छनकर आएंगे। कार्यशाला के प्रारंभ में जिलाध्यक्ष श्री चौहान ने प्रस्तावना रखी। उन्होंने कहा चुनाव को एक माह शेष है। अब प्रत्येक कार्यकर्ता को पूर्णकालिक बनकर चुनाव अभियान में लगना है। हमारे लिए यही एकमात्र कार्य है। हमें प्रदेश में लगातार चौथी बार भाजपा की सरकार बनाना है। श्री चौहान ने जिला व विधानसभा प्रबंध समिति के पदाधिकारियों से अपने दायित्व का निर्वहन पूर्ण निष्ठा व क्षेत्र के पार्टी प्रत्याशियों को जिताकर भाजपा की सरकार बनाने के संकल्प के साथ करने का आह्वान किया। कार्यशाला में संभागीय प्रबंधन समिति के सतीश कौशल ने जनसंपर्क व मतदान केंद्र प्रबंधन से जुड़ी जानकारियां दीं। बैठक में जिला प्रवासी कार्यकर्ता डॉ. विजय धांडे मंचासीन थे। संचालन जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण इंगले ने किया व आभार खरगोन विधानसभा चुनाव प्रभारी प्रकाश रत्नपारखी ने माना।