29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक भाजपा चलाएगी विशेष संपर्क अभियान

चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न
धार। मप्र विधानसभा का यह चुनाव लोकसभा चुनाव की रिर्हसल है, हम सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ मध्यप्रदेश में चौथी बार भाजपा का कमल खिलाए और प्रदेश में कमल खिलते ही केन्द्र में भी फिर से हमारी सरकार बने यह संकल्प चुनाव मैदान में उतर जाए। आपने कहा कि कांग्रेस केबल दुष्प्रचार के भरोसे चुनाव मैदान में उतरना चाहती है जबकि हमारे सामने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं और विकास है यह बात जिला प्रभारी बाबूसिंह रघुवंशी ने बैठक को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान श्री रघुवंशी ने जिला एवं विधानसभा चुनाव प्रबंध समिति के सदस्यों को उनके कार्य और प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डा. राज बरफा ने कहा कि चुनाव का बिगुल बज चुका है और हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रचार का समय एक माह का है। वर्षो से हम पार्टी संगठन के साथ ही चुनाव की गतिविधियों में अपनी सक्रियता बनाए रखते हैं, अबकी बार 200 पार के संकल्प को पूरा करने के लिए कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार होकर बूथ स्तर तक जाकर पार्टी के प्रचार प्रसार में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करें। पार्टी संगठन द्वारा 29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक बूथ स्तर तक हितग्राही संपर्क अभियान प्रारंभ करना है। हमारी पार्टी ने इन चौदह वर्षो में प्रदेश का कायाकल्प किया है। बिजली, सड़क, पानी की समस्या से जनता को निजात दिलाई है, साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा प्रदेश में सैकड़ों जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के हर परिवार, हर वर्ग को कहीं न कहीं इस योजना का लाभ पहुंचा है। हम सभी कार्यकर्ता चौथी बार शिवराज सरकार बनाने के लिए कृतसंकल्पित होकर चुनाव के महासंग्राम में उतर जाएं और जिस कार्यकर्ता को चुनाव की जो जवाबदारी दी है उसे निभाने में अपनी भूमिका अदा करें। 29अक्टूबर से 1 नवंबर तक विशेष संपर्क अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ कार्यकर्ता किसी एक बूथ पर जाकर प्रचार प्रसार के इस कार्यक्रम में शामिल हो साथ ही 15 नवंबर को भाजपा का झंडा सभी को अपने-अपने घर पर फहराना है जो लगातार चुनाव तक घर पर लगा रहेगा। 21 नवंबर हम सभी को कमल दीपावली का आयोजन करना है। इस दिन घर-घर कमल दीप प्रज्जवलित करना है। बूथ की टोली उत्साह के साथ कमल दीपावली की योजना बनाकर अपने घरों में रांगोली के साथ दीप जलाएं। 28 नवंबर को मतदान हैं, पहले मतदान बाद में जलपान यह नारा नहीं बल्कि भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए करणीय कार्य है। मीडिया प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर प्रत्येक विधानसभा से 16 लोगों के प्रबंध समिति बनाई गई जिन्हें चुनाव प्रबंधन को लेकर जानकारी दी गई। बैठक में विधायक भँवर सिंह शेखावत मंचासीन थे। बैठक में पार्टी के अपेक्षित पदाधिकारी व कार्यकर्ता संख्या में उपस्थित थे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री मनोज सोमानी ने किया एवं आभार उमेश गुप्ता ने माना।