प्रदेश में बनाएंगे चौथी बार भाजपा सरकार – बालकृष्ण पाटीदार


– मंडल बैठकों में बनी विशेष सपंर्क अभियान की रूपरेखा, अभियान 29 से
– प्रदेश सरकार के हितग्राहियों से घर-घर जाकर भेंट करेंगे भाजपा कार्यकर्ता
खरगोन। भारतीय जनता पार्टी द्वारा 29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक बूथ स्तर पर विशेष संपर्क अभियान चलाकर प्रदेश सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों से घर-घर संपर्क किया जाएगा। शुक्रवार को मंडल बैठकों में अभियान की विस्तृत रूपरेखा बनाकर कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को हितग्राहियों की सूची सौंपी गई। बैठकों में वरिष्ठ नेताओं ने मार्गदर्शन देकर पार्टी के अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में अबकी बार 200 पार का लक्ष्य लेकर लगातार चौथी बार भाजपा सरकार बनाने का संकल्प दोहराया।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष परसराम चौहान की अध्यक्षता तथा राज्यमंत्री बालकृष्ण पाटीदार, व्यापारी प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक कल्याण अगव्राल, माशिमं उपाध्यक्ष भागीरथ कुमरावत, विधानसभा प्रभारी प्रकाश रत्नपारखी, विधानसभा पूर्णकालिक नवीन कुवादे आदि के मार्गदर्शन में खरगोन ग्रामीण व गोगावां मंडल की बैठकें हुईं। पार्टी नेताओं ने प्रदेश व केंद्र की भाजपा सरकार के कार्यों व जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष श्री चौहान ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से कहा कांग्रेस अंतिम सांसें ले रही हैं। उनके कार्यकारी अध्यक्ष कहते हैं आप तो मेरा ध्यान रखना, पार्टी गई तेल लेने। दिग्विजयसिंह कहते हैं अगर मैं भाषण दूंगा तो पार्टी का नुकसान होगा। उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष कब, क्या बोल जाते हैं उन्हें ही ध्यान नहीं रहता है। वे किसानों को ऐसी मशीन का सपना दिखाते हैं जिसमें एक तरफ आलू डालो तो दूसरी तरफ से सोना निकलता है। हमें देश के प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी मिले हैं जो 18 घंटे काम करते हैं व कभी अवकाश नहीं लेते हैं। जबकि राहुल गांधी को हर चार महीने में नानी के घर जाना पड़ता है। श्री चौहान ने कार्यकर्ताओं से विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत हितग्राहियों से संपर्क करने, 15 नवंबर को घर-घर भाजपा का ध्वज फहराने, 21 नवंबर को कमल दीपावली मनाने तथा 28 नवंबर को पहले मतदान फिर जलपान का आह्वान किया। बैठकों में खरगोन ग्रामीण अध्यक्ष नारायण जवरा, गोगावां मंडल अध्यक्ष जितेंद्र यादव आदि ने संबोधित किया।
95 प्रतिशत किसान हुए नियमित ऋणी
राज्य मंत्री बालकृष्ण पाटीदार ने बैठकों में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा भाजपा सरकारों ने सबका साथ, सबका विकास का लक्ष्य लेकर सभी वर्ग के कल्याण का कार्य किया है। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराते हुए उपज का लाभकारी मूल्य दिलाया गया है। स्थिति यह है कि 95 प्रतिशत किसान समितियों के नियमित ऋणी सदस्य हैं। शेष पांच किसानों को भी योजनाओं के माध्यम से नियमित किया जा रहा है। नियमित किसानों की ऋणमाफी संभव ही नहीं है। फिर भी कांग्रेस ऋण माफी का झांसा देकर भोले-भाले किसानों को बरगला रही है जबकि कनार्टक, पंजाब आदि राज्यों में कांग्रेस की सरकारें होने के बावजूद वादा खिलाफी करते हुए किसानों का कर्ज माफ नहीं किया है। जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी तब बैंक व समितियों के माध्यम से किसानों की इज्जत उतारते हुए बोवनी के समय उनके बैल जब्त किए जाते थे। बेटी की शादी के समय घर की चद्दरें निकालकर ले जाते थे। खेत नीलाम कर किसानों को मजदूरी करने पर विवश किया जाता था। आज यह स्थिति है कि 15 साल से किसी भी बैंक प्रबंधक व कर्मचारी ने किसान के बैल की पूंछ को हाथ तक नहीं लगाया है। श्री पाटीदार ने कहा हम किसानों के लिए ऐसी योजनाएं ला रहे हैं कि वह कर्ज के दलदल में न फंसे। प्रत्येक व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य भाजपा की सरकारें कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जवला योजना, संबल योजना सहित सैकड़ों ऐसी योजनाएं हैं जिससे आम आदमी के जीवन स्तर में व्यापक सुधार हो रहा है। बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में कहीं कोई शिकायत नहीं है।

बैठकों में इनकी रही उपस्थिति
खरगोन ग्रामीण बैठक में जिला उपाध्यक्ष बद्री पाटीदार, कार्यालय मंत्री हेमराज पाटीदार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जगदीश पटेल, पूर्व जिला महामंत्री काशीराम पाटीदार, मंडल प्रभारी संतोष पाटीदार, जनपद अध्यक्ष रमेश चौहान, मंडल महामंत्री राजेश सागोरे, माणकचंद पाटीदार, उपाध्यक्ष दिनेश फौजी, अशोक मंडलोई आदि उपस्थित थे। इसी प्रकार गोगावां मंडल बैठक में सीसीबी अध्यक्ष रणजीतसिंह डंडीर, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष ललित सोनी, सहकार्यालय मंत्री जितेंद्र त्रिपाठी, विधानसभा सहप्रभारी मोहन राठौड़, सांसद प्रतिनिधि आनंदराम यादव, मंडी उपाध्यक्ष छोटू कुशवाह, मंडल महामंत्री लखन बिडारे, रिपुंजय पांडे, ताराचंद भालसे, नरेंद्र चौहान, टेनुदास यादव फेगड़े आदि कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।