हितग्राहियों से घर-घर जाकर मिलेंगे भाजपा कार्यकर्ता


– 29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलेगा प्रथम चरण का विषेष संपर्क अभियान
– जिलाध्यक्ष ने ली बैठक, 26 अक्टूबर को मंडल बैठकों में बनेगी रूपरेखा

खरगोन। प्रदेश सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों से घर-घर संपर्क करने की दृष्टि से भाजपा द्वारा प्रथम चरण में 29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। तीन चरणों में बूथ स्तर पर चलने वाले अभियान की विस्तृत रूपरेखा बनाने के लिए 26 अक्टूबर को जिले में भाजपा के सभी 18 मंडलों में बैठकें होंगी। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया बुधवार को जिलाध्यक्ष परसराम चौहान ने जिले के मंडल अध्यक्षों की बैठक लेकर तीन चरणों में चलने वाले विशेष संपर्क अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा प्रथम चरण में 29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक बूथ स्तर पर अभियान चलेगा। द्वितीय चरण में 15 नवंबर को अपने-अपने घर पर भाजपा का झंडा फहराया जाएगा। तृतीय चरण में 21 नवंबर को प्रदेशभर में कमल दीपावली मनाई जाएगी। श्री चौहान ने कहा तीन चरणों के संपूर्ण अभियान के क्रियान्वयन की दृष्टि से 26 अक्टूबर को सभी मंडलों पर विस्तारित बैठक कर प्रत्येक बूथ पर अभियान के क्रियान्वयन की समग्र योजना बनाए। तत्पश्चात अभियान के सफल आयोजन के लिए प्रत्येक बूथ पर बूथ समिति की बैठक आयोजित की जाए। मंडल बैठक में ही बूथ का संपर्क प्रभारी तय कर संपूर्ण आयोजन के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी बूथ संयोजक एवं बूथ संपर्क प्रभारी को सौंपें। मंडल बैठक में ही विशेष संपर्क अभियान में पार्टी के प्रमुख नेताओं एवं पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का किसी न किसी बूथ पर जाना सुनिश्चित करें। श्री चौहान ने कहा अभियान में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह सहित प्रमुख नेतागण, मंत्री, सांसद एवं विधायकगण सभी इस अभियान में योजनानुसार किसी न किसी बूथ पर सहभागिता करेंगे। श्री चौहान ने कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों से मंडल बैठकों एवं विशेष संपर्क अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है। 

मंडल बैठकों में ये रहेंगे अपेक्षित

26 अक्टूबर को होने वाली मंडल बैठकों में मंडल कार्यसमिति एवं मोर्चा के मंडल पदाधिकारी, ग्राम एवं नगर केंद्र के पालक-संयोजक, मंडल में निवासरत जिला कार्यसमिति के सदस्यगण एवं इससे ऊपर की श्रेणी के सभी कार्यकर्ता, विधायक एवं पूर्व विधायक, विधानसभा प्रभारी, सहप्रभारी एवं विस्तारक, स्थानीय निकाय के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदगण, जिला पंचायत, जनपद पंचायत के सदस्यगण, मंडल में निवासरत सभी प्रकोष्ठों के जिला संयोजक, सहसंयोजक, जिला सहकारी बैंक के संचालक एवं मार्केटिंग सोसायटी अध्यक्ष अपेक्षित हैं।