इलेक्टॉनिक बूथ पर बटन दबाकर दर्ज कराए सुझाव


– समृद्ध मध्यप्रदेश अभियान अंतर्गत खरगोन पहुंचा भाजपा का एलईडी रथ
– भाजपा जिलाध्यक्ष ने झंडी दिखाकर एलईडी रथ को दी खरगोन नगर मंडल में रवानगी
– आमजन ने पर्ची पर लिखकर व डिजीटल डिवाइस पर बोलकर दर्ज कराए सुझाव
– भाजपा के संकल्प पत्र में शामिल होंगे चयनित सुझाव, पूर्ण करने का लेंगे संकल्प
खरगोन। भारतीय जनता पार्टी द्वारा विधानसभा चुनाव के अपने संकल्प पत्र में आम जनता के सुझाव दर्ज करने की दृष्टि से समृद्ध मध्यप्रदेश अभियान (चुनाव प्रचार अभियान) चलाया जा रहा है। प्रदेश से भेजे एलईडी स्क्रीन युक्त इलेक्ट्रॉनिक सुझाव बूथ वाले रथ के खरगोन जिला कार्यालय पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष परसराम चौहान ने झंडी दिखाकर खरगोन विधानसभा क्षेत्र के लिए रवानगी दी। खरगोन नगर मंडल क्षेत्र के नागरिकों ने बूथ पर रखे डिजीटल डिवाइस का बटन दबाकर अपने सुझाव दर्ज कराए। पर्ची पर सुझाव लिखकर भी सुझाव पेटी में डाले गए।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया पार्टी ने भविष्य के समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण में आम मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित की है। सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष परसराम चौहान ने एलईडी रथ को खरगोन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर मंडल के लिए रवाना किया। प्रथम दिवस रथ बिस्टान नाका, तालाब चौक, औरंगपुरा व रहीमपुरा क्षेत्र में पहुंचा। रथ के माध्यम से मतदाताओं से सुझाव आमंत्रित किए गए। नागरिकों ने डिजीटल बूथ व पर्ची के माध्यम से अपने अमूल्य सुझाव दर्ज कराए। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष बद्री पाटीदार, कार्यालय मंत्री हेमराज पाटीदार, सहकार्यालय मंत्री जितेंद्र त्रिपाठी, अभियान के जिला प्रभारी लक्ष्मण इंगले, प्रचार-प्रसार प्रभारी रवि जायसवाल, विधानसभा पूर्णकालिक नवीन कुवादे, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष मुकेश पंड्या, महामंत्री अनिल गुप्ता, मुकेश राठौर, जीपी पंवार, उपाध्यक्ष डॉ. केआर शर्मा, मंत्री अनिल कुशवाह, चिकित्सा प्रकोष्ठ जिला संयोजक डॉ. दिनेश रघुवंशी, सहसंयोजक धर्मेंद्र वाघे, आईटी सेल जिला संयोजक विश्वास ताम्रकर, यशवंत कर्मा, अंत्योदय समिति अध्यक्ष देवेंद्र चौहान, पार्षद बेबीबाई मंडलोई, राजाराम यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।
संकल्प पत्र में शामिल होंगे सुझाव
प्रदेशभर में 5 नवंबर तक चलने वाले समृद्व मध्यप्रदेश अभियान के दौरान एलईडी रथ व सुझाव पेटी के माध्यम से आमजन से सुझाव जुटाए जाएंगे। पार्टी के फोन, वाट्सअप व मिस्डकॉल नंबर- 7304473044, मेल आईडी ideas@samriddhmp.in तथा वेबसाइट www.samriddhmp.in पर भी सुझाव दिए जा सकेंगे। अच्छे सुझावों को भाजपा अपने चुनावी संकल्प में समाहित कर और उन्हें पूरा करने का संकल्प लेगी।
छह विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगा रथ
एलईडी रथ जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में चार-चार दिन रहेगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रतिदिन 5 से 8 स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक बूथ दो-दो घंटे के लिए खड़ा किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 20-20 सुझाव पेटियों के माध्यम से सुझाव जुटाए जाएंगे। इन पेटियों को विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख गांव/वार्डों में क्रमशः दो-दो दिन रखा जाएगा।
एक चाय-एक राय गोष्ठी होगी
जहां पर सुझाव पेटी रखेंगे वहां “एक चाय-एक राय” चर्चा (गोष्ठी) होगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में करीब 5 से 10 हजार आमजन इस अभियान से जोड़ेने का लक्ष्य है।