मध्यप्रदेश में चौथी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी तो कांग्रेस के बंधु अगले 25 साल तक सत्ता का सपना नहीं देख पाएंगे-प्रभात झा


सम्मेलन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने कहा कि कांग्रेस के दिन लद गए हैं, अब हमारे दिन आए हैं, एक तरफ गरीब किसान का बेटा है जो मध्यप्रदेश के विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है, दूसरी ओर महाराजा खड़ा है। यह लड़ाई स्पष्ट है, यह लड़ाई भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को लड़नी है, यह लड़ाई कमल की है। हम सब जानते हैं मध्यप्रदेश में चौथी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी तो कांग्रेस के बंधु अगले 25 साल तक सत्ता का सपना नहीं देख पाएंगे। श्री झा ने कहा कि 24 अक्टूबर को जनआशीर्वाद यात्रा ग्वालियर आ रही है, इससे पूर्व जनआशीर्वाद यात्रा को ग्वालियर की जनता ने आशीर्वाद दिया था और मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी थी और आज भी जनआशीर्वाद यात्रा को मध्यप्रदेश में जनता का समर्थन मिल रहा है। हमने कभी नहीं सुना था कि कांग्रेस के जमाने में किसी को गरीब को दो लाख का चेक मिला हो, पर मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने संबल योजना के माध्यम से गरीब मजदूर को 2 लाख रूपए का चेक दिया, ऐसी अनेक योजनाएं हैं। मध्य प्रदेश सरकार की जिनसे गरीब, मजदूर विद्यार्थी, महिलाएं लाभान्वित हो रहे हैं। आज हम सब कार्यकर्ता कह सकते हैं कि आंधी नहीं यह तूफान हैं शिवराज सिंह चौहान है, मध्यप्रदेश का हमारा नेता जननायक केवल शिवराज सिंह चौहान हैं। उन्होंने कहा कि 24 अक्टूबर को हम सबको मिलकर इतिहास रचना है, और आने वाली जन आशीर्वाद यात्रा को अपने 6 घंटे समर्पित करना है। आपके अपने नेता शिवराज सिंह चौहान के साथ चलना है। ग्वालियर चंबल संभाग की 34 में से 34 सीटें जीतने की ताकत अगर कोई पार्टी रखती है तो वह केवल भारतीय जनता पार्टी। यह कार्यकर्ताओं के परीक्षा की घड़ी है। परीक्षा में हमको हमेशा उत्तीर्ण होना है। भारतीय जनता पार्टी जब सरकार में आती है, तो गरीबों के चेहरे पर मुस्कान देती है। इसी का परिणाम है हमने मध्य प्रदेश में तीन बार सरकार बनाई है और चौथी बार भी जनता के आशीर्वाद से मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनायेंगे। भारतीय जनता पार्टी की ताकत कार्यकर्ता की पूंजी है।