युवा टाउन हॉल की सफलता से प्रशस्त होगा जीत का रास्ता : धर्मेन्द्र प्रधान

o युवा मोर्चा की वृहद् बैठक में दी गई ‘युवा टाउन हॉल’ कार्यक्रम की जानकारी
o 28 अक्टूबर को प्रदेश की 230 विधानसभाओं में युवा टाउन हॉल कार्यक्रम
o मुख्यमंत्री के भाषण का 230 विधानसभाओं में होगा सीधा प्रसारण

भोपाल। मध्यप्रदेश के छात्र आंदोलन ने देश को कई सफल नेता दिए हैं। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान और श्री नरेन्द्रसिंह तोमर इसके प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। युवा मोर्चा कार्यकर्ता हनुमान जी की तरह हैं। जिस काम के लिए ठान लें, उसमें उनकी विजय निश्चित होती है। 28 अक्टूबर को प्रदेश की 230 विधानसभाओं में होने वाले युवा टाउन हॉल कार्यक्रम की सफलता से ही आने वाले चुनाव में पार्टी की जीत का रास्ता निकलेगा। यह बात केन्द्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनव प्रभारी श्री धर्मेन्द्र प्रधान ने शनिवार को युवा मोर्चा की वृहद बैठक में कही। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में नव मतदाता निर्णायक भूमिका में होंगे। भारतीय जनता युवा मोर्चा की वृहद बैठक शनिवार को प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में आयोजित की गई। इस बैठक में चुनाव को देखते हुए युवा मोर्चा के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श हुआ। बैठक में मध्यप्रदेश के चुनाव प्रभारी श्री धर्मेन्द्र प्रधान, चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्रसिंह तोमर, प्रदेश महामंत्री श्री विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश मंत्री श्री पंकज जोशी एवं मोर्चा अध्यक्ष श्री अभिलाष पाण्डे ने प्रदेश भर से आए मोर्चा के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्जवलन कर एवं पार्टी के महापुरूषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया।

अपने काम से प्रदेश का नाम रोशन कर रहे मोर्चा नेता
बैठक को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि मध्यप्रदेश अकेला ऐसा राज्य है, जहां पर युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे नेता आज देश में अपने कार्यों के बल पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री चौहान और केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर का उदाहरण देते हुए कहा कि श्री शिवराजसिंह चौहान पिछले 15 वर्षों से मध्यप्रदेश की बागडोर संभाले हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस के कार्यकाल में बीमारू कहे जाने वाले मध्यप्रदेश को पिछले 15 वर्षों में विकसित मध्यप्रदेश बनाया है। वहीं, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की टीम में शामिल केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्रसिंह तोमर मोदी सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम प्रधानमंत्री आवास योजना को सफलता पर पहुंचाने का काम कर रहे हैं। ये दोनों ही नेता युवा मोर्चा से ही निकले हैं।

इस बार का चुनाव सिर्फ सरकार बनाने के लिए नहीं
श्री प्रधान ने कहा कि आने वाले चुनाव में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस चुनाव में 60 लाख के लगभग युवा पहली बार वोट डालेंगे। वहीं, 27 साल तक के युवाओं की संख्या 1 करोड़ 20 लाख के लगभग है। इस दृष्टि से विधानसभा चुनाव में युवा मोर्चा की भूमिका और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि 28 अक्टूबर को होने वाले ‘ युवा टाउन हॉल’ कार्यक्रम के जरिए मुख्यमंत्री प्रदेश की 230 विधानसभाओं के युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि ‘युवा टाउन हॉल’ कार्यक्रम से जब प्रदेश के 10 लाख नौजवान सीधे तौर पर जुड़ेंगे, तो कांग्रेस के राजा महाराजा और उद्योगपति नेताओं का चुनाव अभियान खत्म ही हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता 29 अक्टूबर से 4 दिन तक अभियान के माध्यम से केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों से संपर्क करेंगे। इस अभियान में युवा मोर्चा की भूमिका सुनिश्चित हो। साथ ही उन्होंने मोर्चा कार्यकर्ताओं से नमो एप तथा मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह से फेसबुक, ट्विटर के माध्यम से जुड़ने का आव्हान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि यह चुनाव साधारण चुनाव नहीं है, बल्कि इस बार का संघर्ष भारतमाता के वैभव को शिखर पर पहुंचाने के लिए है।