मुख्यमंत्री जनआशीर्वाद यात्रा 21 अक्टूबर को इंदौर में


महू से होगा यात्रा का शुभारंभ-यात्रा में नवाचार किया जायेगा

इंदौर, भारतीय जनता पार्टी नगर अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा, जिला अध्यक्ष अशोक सोमानी ने बताया कि आज भाजपा कार्यालय पर मुख्यमंत्री जनआशीर्वाद यात्रा के संदर्भ में आवश्यक बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व यात्रा प्रभारी प्रभात झा, गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष कृष्णमुरारी मोघे, संभागीय यात्रा प्रभारी व लद्यु उद्योग विकास निगम के अध्यक्ष बाबूसिंह रघुवंशी, संभागीय संगठन मंत्री जयपालसिंह चावड़ा, गोपीकृष्ण नेमा, अशोक सोमानी, महापौर मालिनी गौड़, विधायक सुदर्शन गुप्ता, रमेश मेंदोला, उषा ठाकुर, महेन्द्र हार्डिया, मनोज पटेल, राजेश सोनकर, नागरिक आपूर्ति विकास निगम के उपाध्यक्ष देवराजसिंह परिहार अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सूरज कैरो, इंदौर विकास प्राधिकरण पूर्व अध्यक्ष मधु वर्मा, पूर्व महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा सहित सभी नगर पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मोर्चा अध्यक्ष, पार्षद, वार्ड संयोजक/पालक उपस्थित थे। बैठक में यात्रा प्रभारी प्रभात झा ने कहा कि इंदौर भारतीय जनता पार्टी का गौरव पूर्ण जिला है इंदौर की और पूरे प्रदेश के लोग व कार्यकर्ता उत्साह से देखते है, या यूं कहे इंदौर याने कि भारतीय जनता पार्टी। इंदौर भाजपा का रक्त प्रभावित करने वाला शहर है। सभी की निगाह इंदौर में है। इंदौर एक सांस्कृतिक नगरी है और भाजपा का जो माहौल यहां से बनता है इसका संदेश पूरे प्रदेश में जाता है। यह भाजपा का जिंदा शहर है। यहां से पूरे प्रदेश को ऊर्जा मिलती है। आपने कहा कि हम सभी को एक साथ मिलकर इस यात्रा को ऐतिहासिक बनाना है। सामूहिक शक्ति में ही हम सभी की जीत छुपी हुई है। 21 अक्टूबर को जनसंघ का स्थापना दिवस भी है। इसलिये इस दिन को हम आप सब की मेहनत से जन आशीर्वाद यात्रा को ऐतिहासिक बनायेंगे। इस यात्रा में किसी भी तरह से कार्यकर्ताओं के जोश में कोई नहीं आना चाहिए।
बैठक में राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा इंदौर में किया गया कोई भी आयोजन, आसपास की अस्सी विधानसभा क्षेत्रों को प्रभावित करता है। मुख्यमंत्री जनआशीर्वाद यात्रा में हम नवाचार, नया प्रयोग क्या करना है, उस पर विचार करना है। हम सभी कार्यकर्ता यात्रा में पूरे समय उपस्थित रहेंगे, यह पार्टी का कार्यक्रम है, हम सभी कार्यकर्ता है, इस बात को ध्यान में रखकर यात्रा की तैयारी एवं संख्या तय करना है। संभागीय संगठन मंत्री जयपालसिंह चावड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्रीजी की जन आशीर्वाद यात्रा का जब से शुभारंभ हुआ है तभी से इंदौर के कार्यकर्ताओं में उत्सुकता बनी हुई है कि यात्रा इंदौर कब पहुंचेगी। आपने भरोसा दिलाया कि संगठन ने जो उम्मीद इंदौर से की हैं उसमें इंदौर नवाचार के साथ अभूतपूर्व स्वागत सम्मान करेगा। संभागीय यात्रा प्रभारी श्री बाबूसिंह रघुवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री जनआशीर्वाद यात्रा इंदौर जिले में ऐतिहासिक दिखाई देगी। यात्रा का दिन जनसंघ की स्थापना दिवस का दिन है। हम सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर झंडा लगाकर घरों पर रोशनी करेंगे, ऐतिहासिक स्वागत सम्मान के साथ यात्रा निकलेगी।