कांग्रेस के कुचक्रों का भंडाफोड़ करते हुए विजय के रास्ते पर बढ़ें कार्यकर्ता: शिवराजसिंह चौहान

प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की विस्तारित बैठक

भोपाल। प्रदेश की जनता को भ्रमित करने के लिए कांग्रेस लगातार कुचक्र रच रही है। हमें इन कुचक्रों का भंडाफोड़ करते हुए विजय के रास्ते पर आगे बढ़ना है। हमें नया मध्यप्रदेश गढ़ना है और उसके लिए कार्यकर्ता अपना सर्वोत्तम झोंक दें। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने यह आह्वान शुक्रवार को प्रदेश कार्यसमिति की विस्तारित बैठक में प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं से किया। यह बैठक आगामी 25 सितंबर को होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ एवं पार्टी के आगामी कार्यक्रमों के संबंध में आयोजित की गई थी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह, चुनाव अभियान समिति के संयोजक श्री नरेंद्रसिंह तोमर, संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जन आशीर्वाद यात्रा के प्रभारी श्री प्रभात झा, राष्ट्रीय मंत्री श्रीमती ज्योति धुर्वे, चुनाव अभियान समिति के सह संयोजक श्री फग्गनसिंह कुलस्ते, श्री कृष्णमुरारी मोघे, मंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा, श्री लालसिंह आर्य उपस्थित थे। बैठक का संचालन पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रामेश्वर शर्मा ने किया।

कार्यकर्ता महाकुंभ, महायुद्ध की महातैयारी

                बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि आगामी कार्यकर्ता महाकुंभ आने वाले महायुद्ध की महातैयारी है। उन्होंने कहा कि हम वो कार्यकर्ता हैं, जो हवाओं का रुख मोड़ने की ताकत रखते हैं। हम वो कार्यकर्ता हैं, जो स्व. राजमाता, स्व. ठाकरे जी की पुण्याई से संगठन को गांव-गांव तक पोषित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव साधारण चुनाव नही हैं, बल्कि ये विचारधाराओं की लड़ाई है। यह महाकुंभ 2019 में होने वाले संग्राम का प्रभावी प्रारंभ भी है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव के परिणाम देश की दिशा भी तय करेंगे। भारत के विश्वस्तर पर बढ़ते प्रभाव से चिंतित कई ताकतें नहीं चाहतीं कि यह सरकार फिर सत्ता में आए। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सांसद, विधायक या मुख्यमंत्री बनाने का चुनाव नहीं है, बल्कि यह भारतमाता के वैभव को शिखर पर पहुंचाने का चुनाव है। हमारा लक्ष्य भारत को विश्वगुरु के पद पर बिठाना है।

भाजपा को मिल रहे समर्थन से घबराया विपक्ष

                मुख्यमंत्री ने भाजपा के विरोध में एक हो रहे विपक्षियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ये अपना अस्तित्व बचाने के लिए घबराकर एक साथ आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने 1973 में नर्मदा में आई विनाशकारी बाढ़ का अनुभव सुनाते हुए कहा कि बाढ़ आने पर जिस तरह सारे जीव-जंतु एक पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाते हैं, उसी तरह भाजपा के पक्ष में उमड़ रहे जनसैलाब को देखकर अलग-अलग विचारधाराओं वाले विरोधी एक मंच पर इकट्ठे हो रहे हैं। उनके लिए यह चुनाव करो या मरो का चुनाव है। वे किसी भी तरह बस चुनाव जीतना चाहते हैं। वे चाहते हैं कि किसी भी तरह भाजपा की सरकार और श्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री न बनें।

हमने किसी से भेदभाव नहीं किया

                मुख्यमंत्री ने कि हमने बिना भेदभाव के समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाईं हैं। मध्यप्रदेश ऐसा पहला राज्य है, जहां सामान्य वर्ग के बच्चों को स्कॉलरशिप दी जाती है। अभी खंडवा में सामान्य वर्ग के दो बच्चों को मेधावी विद्यार्थी योजना में मेडिकल कॉलेज में प्रवेश दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार की किसी योजना में भेदभाव नहीं है। लाड़ली लक्ष्मी और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से लेकर हाल ही में लागू की गई संबल योजना तक किसी में भी भेदभाव नहीं है। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ सब का विकास’ का प्रधानमंत्री का नारा सिर्फ नारा नहीं, बल्कि एक मंत्र है। हम समाज को बंटने नहीं देंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि चतुराई और समझदारी से समाज को बंटने नहीं देना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी संस्कृति समरसता की रही है,हमारी जड़ों में सामाजिक समरसता है, हमें इसे किसी भी तरह टूटने या बिखरने नहीं देना है।

हमने असंभव को साकार कर दिखाया

                मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कामों की चर्चा करते हुए कहा कि हमने असंभव लगने वाले कामों को को संभव कर दिखाया। निमाड़ क्षेत्र में नर्मदा का पानी पहुंचाने की जिन योजनाओं को कांग्रेस सरकार असंभव कहती थी, वो अब संभव होने जा रही हैं। हमने बिंजलवाड़ा और जावर में नर्मदा का पानी पहुंचाने की योजनाएं शुरू की हैं और बदनावर तथा पेटलावद तक भी नर्मदा का पानी पहुंचाएंगे। हमने गंभीर को नर्मदा से जोड़ने के लिए भी काम किया है। कांग्रेस सरकार हर काम के लिए पैसे का रोना रोती रहती थी, लेकिन हमने प्रदेश के विकास में पैसों की कमी नहीं आने दी। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस इंदिरा जी से लेकर राजीव तक गरीबी हटाओ का नारा लगाती रही, लेकिन गरीबी कम नहीं हुई। हमने संबल योजना शुरू की है, जो वोट लेने का नहीं, बल्कि गरीबी दूर करने का संकल्प है।

कांग्रेस के कुचक्रों से सतर्क रहें कार्यकर्ता

                मुख्यमंत्री ने कहा कि जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान मैंने देखा है, भाजपा के पक्ष में अच्छा खासा वातावरण है। ऐसे में पार्टी के कार्यकर्ताओं को यह सावधानी रखने की जरूरत है कि विपक्षी कांग्रेस के मंसूबे कामयाब न हो पाएं। उसने जन आशीर्वाद यात्रा में विध्न पैदा करने की पूरी कोशिश की है। वह आगे भी भ्रम फैलाना चाहती है। समाज को बांटना चाहती है। कांग्रेस षडयंत्र रचने, आग भड़काने का काम कर रही है। हमें कांग्रेस के कुचक्रों का भंडाफोड़ करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी कितने कुचक्र लेकर आए। पहले डंपर कांड, फिर व्यापमं। ये सिलसिला अभी भी चालू है। उन्होंने मुझे नालायक कहा, मदारी कहा। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से पूछा कि ऐसा भारत की राजनीति में कभी हुआ है क्या ? मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी प्रपंच रचें, हमें उनकी चिंता नहीं करना है। हमें विजय के पथ पर पूरे आत्मविश्वास से चलना है। नया मध्यप्रदेश बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आइए, नए मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए युद्ध की तैयारी करें। इसमें सफल होने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ झोकें।