राजमाता सिंधिया जी के जन्म शताब्दी वर्ष का शुभारंभ 12 अक्टूबर को: राकेश सिंह

मुख्यमंत्री ग्वालियर के मुख्य समारोह में रहेंगे
ग्वालियर से दिल्ली तक की महिला मैराथन को झंडी दिखाएंगे चौहान, तोमर और राहटकर
भोपाल। जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक राष्ट्रवादी विचार परिवार को अपने स्नेह से सिंचित करने वाली ममतामयी राजमाता विजयाराजे सिंधियाजी का जन्मशताब्दी वर्ष कल 12 अक्टूबर से प्रारंभ हो रहा है। देश भर में राजमाता जी की जन्मशताब्दी वर्ष को भव्यता के साथ मनाया जाएगा। मुख्य समारोह राजमाता जी की कर्मस्थली ग्वालियर में होगा। जहां मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह  चौहान  स्वयं उपस्थित रहेंगे तथा कार्यक्रम के पश्चात् महिला मोर्चा की मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाएंगे। इस अवसर पर चुनाव अभियान समिति के संयोजक व केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती विजया राहटकर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।
यह जानकारी आज जबलपुर में आयोजित एक पत्रकार-वार्ता में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि 12 अक्टूबर को ग्वालियर से जो महिला मैराथन प्रारंभ होगी, वह दिल्ली तक जाएगी। ग्वालियर से दिल्ली तक पहुंचने वाली महिला मैराथन दौड़ को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह  चौहान, चुनाव अभियान समिति के संयोजक व केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर, मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती विजया राहटकर हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। इस अवसर पर मोर्चा की राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं प्रदेश पदाधिकारी बहनें विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी। राजमाता जनशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में जिला केंद्रों पर कमल शक्ति संवाद होगा।
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती लता ऐलकर ने बताया कि  12 अक्टूबर को राजमाता विजयाराजे सिंधिया जी की जन्मशताब्दी वर्ष की शुरूआत के उपलक्ष्य में देश में और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से राजमाता जी को आदरांजलि अर्पित कर रही हैं। प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर महिला नेत्रियां  आयोजन में शामिल होकर राजमाता जी के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालेंगी। जिला केंद्रों पर कमल शक्ति संवाद कार्यक्रम होगा, जिसमें समाजसेवी, विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली बहनें शामिल होंगी। जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमाश्री भारती एवं प्रदेश शासन की मंत्री श्रीमती ललिता यादव सागर, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनीस एवं महापौर श्रीमती मालिनी गौड़ इंदौर, उत्तरप्रदेश की मंत्री रीता बहुगुणा जोशी एवं मंत्री सुश्री कुसुम मेहदेले रीवा, केंद्रीय मंत्री निरंजना ज्योति एवं सांसद श्रीमती ज्योति धुर्वे छिंदवाड़ा, श्रीमती सरोज पांडे एवं प्रदेश मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर उज्जैन तथा सांसद मीनाक्षी लेखी व महापौर श्रीमती स्वाती गोड़बोले जबलपुर में आयोजित कमल शक्ति संवाद कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगी। इसी प्रकार अन्य सभी जिलों में महिला मोर्चा की प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहने वाली हैं।