राजमाता सिंधिया की जयंती पर केन्द्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी की उपस्थिति में होगा व्याख्यान व कमल शक्ति संवाद कार्यक्रम

इंदौर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष श्रीमती पदमा भोजे एवं राजमाता विजयाराजे जन्मशताब्दी वर्ष की प्रभारी श्रीमती रचना गुप्ता, श्रीमती अंजू माखीजा, श्रीमती मुद्रा शास्त्री, महामंत्री डॉ. श्रद्धा दुबे एवं श्रीमती ज्योति पंडित व अनिता व्यास ने आज भाजपा कार्यालय पर पत्रकार-वार्ता में बताया कि भारतीय जनता पार्टी के द्वारा 12 अक्टूबर को राजमाता विजयाराजे सिंधिया की 100वीं जयंती मनाई जायेगी। पूरे वर्ष के लिये भारतीय जनता पार्टी के द्वारा विभिन्न कार्यक्रम कर जन्मशताब्दी समारोह मनाया जायेगा। आपने बताया कि 12 अक्टूबर को शाम 4 बजे अमरदास हॉल, टी-चोईथराम हॉस्पिटल के पास, इंदौर में राजमाता सिंधिया की जयंती पर व्याख्यान कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं प्रमुख वक्ता केन्द्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी रहेगी। साथ ही कमल शक्ति संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है।
आपने बताया कि 1980 में जब भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई, तब राजमाता पहली महिला पदाधिकारी थी, जिन्होंने 50 प्रतिशत आबादी की चिंता करते हुए महिला मोर्चा का गठन करने का विचार रखा। यदि वे चाहती तो तब ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकती थी पर नहीं बनी।
राजमाता को इससे पहले मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव भी स्वीकार नहीं किया था। इन सभी बातों से भाजपा कार्यकर्ता ही नहीं हर दल के राजनीतिक लोग उनसे बड़े प्रभावित थे। विशेष कर पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जेलसिंह ने राजामाता के अमृत महोत्सव पर कहा था कि मैंने इनको नजदीक से देखा भी और जाना भी है ये मुझे कभी भी किसी पार्टी विशेष की लगी ही नहीं। वे हम सबकी है और हम सब उनके। इसी भाव को देखते हुए क्यों ना हम राजमाताजी को हमारे बीच ही रखे।