सरकार बनाने नहीं, राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रसार के लिए हुई भाजपा की स्थापना: अमित शाह

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उज्जैन के कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा संघर्ष के बूते आगे बढ़ी पार्टी

उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी की स्थापना सिर्फ सरकार बनाने के लिए नहीं हुई है, बल्कि इसकी स्थापना पूरे देश में राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रचार-प्रसार के लिए हुई। यह बात शनिवार को उज्जैन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चैहान एवं प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने भी संबोधित किया।

बाबा महाकाल का आशीर्वाद हमारे साथ

सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने कहा कि  विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश में आज ही आचार संहिता लगी है और आज ही बाबा महाकाल की नगरी में ये कार्यकर्त्ता सम्मलेन है। यह संयोग इस बात का प्रतीक है कि बाबा महाकाल का आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी के साथ है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रति संघर्षों की पार्टी है। हम संघर्ष के बलबूते पर ही 10 सदस्यों वाली पार्टी से आज 11 करोड़ सदस्य वाली पार्टी तक पहुंचे हैं।  श्री शाह ने कहा कि मुझे कहा गया था कि बूथ के सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को चुनावी गुर सिखाना है, लेकिन मेरे सामने जो कार्यकर्ता बैठें है, उन्होंने कई चुनाव लड़े है और लड़ाये है, मैं उनको क्या गुर सिखाऊंगा ?

हमारा लक्ष्य विजय का आकार हो

श्री शाह ने मध्यप्रदेश कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में एक महाराजा, एक उद्योगपति और राजा के सहारे चुनाव लड़ रही है। प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा किए गए कामों का हवाला देते हुए श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस के समय में प्रदेश में सिंचाई साढ़े सात लाख हैक्टेयर में होती थी,  लेकिन आज चालीस लाख हैक्टेयर भूमि के किसानों को सिंचाई का लाभ मिल रहा है। इसी का परिणाम है कि प्रदेश को चैथी बार कृषि कर्मण अवार्ड मिला है। श्री शाह ने इसी तरह स्कूल, कॉलेज, सड़क, बिजली, पानी के भी आंकड़े देते हुए प्रदेश विकास की स्थिति कार्यकर्ताओं के सामने रखी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आज हमें संकल्प लेना है कि मध्यप्रदेश की विजय इतनी बड़ी हो, कि सम्पूर्ण देश में आने वाले 50 वर्षों तक कोई और दल भाजपा के सामने खड़ा न हो सके। हमारा लक्ष्य मध्यप्रदेश में भाजपा की विजय नहीं है,  हमारा लक्ष्य इस विजय का आकार होना चाहिए।

मोदी जी देश के लिए वरदान

श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भ्रम फैलाकर चुनाव में विकास के  मुद्दे से ध्यान भटकाना चाहती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए कामों का जिक्र करते हुए कहा कि मोदीजी भारत के  लिए  वरदान हैं। उनके नेतृत्व में देश का दुनिया में मान सम्मान बढ़ा है एवं मोदीजी के नेतृत्व में देश महाशक्ति के रूप में स्थापित हो रहा है। हमें मोदीजी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों को जन-जन तक प्रसारित करते हुए पुनः मोदीजी को प्रधानमंत्री बनाने के लिये जुटना है। इसकी शुरूआत देवी अहिल्या की पावन नगरी इंदौर से हो चुकी है। कार्यकर्ताओं को आने वाले 40-45 दिन भारतीय जनता पार्टी को समर्पित करते हुए कार्य करना है। आपका समय पार्टी को चाहिए आपकी मेहनत से मध्यप्रदेश में ऐतिहासिक विजय होगी।

विजय हासिल करना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी

सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान ने कहा कि आज ही चुनाव की आचार संहिता लगी है। हम सब सौभाग्यशाली हैं कि आचारसंहिता के बाद हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष का पहला कार्यकर्त्ता सम्मलेन उज्जैन में हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद लेने जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत भी उज्जैन से ही हुई थी। अब यह उज्जैन संभाग के हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह इस चुनावी महासमर में विजयश्री हासिल करे।

यह जिम्मेदारी को महसूस करने का समय है

कायकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने कहा कि आज हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इंदौर से महाजनसंपर्क अभियान की शुरुआत करके विधिवत रूप से चुनावी बिगुल फूंक दिया है। बिगुल तब फूंका जाता है, जब युद्धभूमि सजती है। ऐसे में यह समझाने की आवश्यकता नहीं है कि हमें क्या करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि ये समय विश्राम का नहीं है, ये गौरव के साथ-साथ अपनी जिम्मेदारी का एहसास करने का समय है। उन्होंने कहा कि हमें संकल्प लेना है कि हम उज्जैन संभाग की 29 में से 29 सीटें संगठन की झोली में डालेंगे। इसके लिए हमें इस बात के लिए संकल्पित होना होगा कि हम अपना बूथ हर कीमत पर जीतेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किए महाकाल दर्शन

सम्मेलन के पश्चात पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह, मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चैहान, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह, राष्ट्रीय महासचिव श्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश प्रभारी डाॅ. विनय सहस्त्रबुद्धे तथा प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत सहित अन्य नेतागणों ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। सम्मेलन में आए अतिथियों का स्वागत भाजपा नगराध्यक्ष श्री विवेक जोशी, ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्री श्याम बंसल सहित सभी जिला पदाधिकारियों ने किया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव श्री कैलाश विजयवर्गीय, श्री अनिल जैन, प्रदेश प्रभारी श्री विनय सहस्त्रबुद्धे, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, श्री विजेश लुनावात, श्री मनोहर ऊंटवाल, श्री पंकज जोशी, श्री सत्यनारायण जटिया, श्री बाबूलाल जैन, श्री तनवीर एहमंद, श्री सनवर पटेल आदि उपस्थित थे।