सासंद सुभाष पटेल व जिलाध्यक्ष परसराम चौहान आज खरगोन में करेंगे महा जनसंपर्क अभियान का श्रीगणेश

-जिलेभर में बूथ स्तर पर घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता, अभियान के लिए विधानसभा प्रभारी बनाए
खरगोन। जिलेभर में भाजपा के महा जनसंपर्क अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को होगी। खरगोन में रविवार प्रातः 10 बजे जिलाध्यक्ष परसराम चौहान तथा सांसद व अभियान के विधानसभा प्रभारी सुभाष पटेल दाता हनुमान मन्दिर प्रांगण से अभियान की शुरुआत करेंगे। इस दौरान नगर मण्डल अध्यक्ष मुकेश पण्ड्या सहित कार्यकर्ता, नगर व जिले के पदाधिकारी, नगर केंद्र व बूथ के पालक-संयोजक आदि उपस्थित रहेंगे।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया तीन दिवसीय अभियान के लिए प्रदेश नेतृत्व द्वारा विधानसभा प्रभारी बनाये गए हैं। इसमें खरगोन विधानसभा प्रभारी सांसद श्री पटेल, भीकनगांव प्रभारी अजा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सूरज केरो, महेश्वर प्रभारी अजजा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र पटेल, कसरावद प्रभारी व्यापारी प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक कल्याण अग्रवाल व भगवानपुरा प्रभारी पूर्व जिलाध्यक्ष बाबूलाल महाजन बनाए गए हैं। विधानसभा प्रभारियों की उपस्थिति में सम्बन्धित क्षेत्र में बूथ स्तर तक अभियान चलेगा। खरगोन विधानसभा अंतर्गत नगर मण्डल में रविवार को दाता हनुमान मंदिर प्रांगण नुतननगर से सांसद श्री पटेल एवं जिलाध्यक्ष श्री चौहान की उपस्थिति में महा जनसंपर्क अभियान प्रारम्भ होगा। नगर मण्डल अध्यक्ष श्री पण्ड्या ने नगर के कार्यकर्ता व पदाधिकारियों से महा जनसंपर्क अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है। इससे पहले शनिवार को इंदौर में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अभियान का श्रीगणेश कर इसे सफल बनाने व संभाग की सभी 37 सीटों पर कमल खिलाने का संकल्प दिलाया।