सूरज की किरणों की तरह समाज में फैल जाएं महिला मोर्चा कार्यकर्ता : राकेश सिंह


पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने कहा कि महिला मोर्चा भारतीय जनता पार्टी के सभी मोर्चों से ज्यादा शक्तिशाली है। इसका कारण यह है कि ईश्वर ने समझाने-बुझाने की सबसे ज्यादा ताकत माताओं-बहनों को ही दी हैं। यह शक्ति अगर समाज में फैल जाए, तो देश और प्रदेश में हमारी जीत को कोई नहीं रोक सकता। इसलिए महिला मोर्चा की बहनें इस बैठक से जाकर समाज में सूरज की किरणों की तरह फैल जाएं और समाज को अपने वैचारिक उजाले से भर दें। श्री राकेश सिंह ने कहा कि महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक काफी महत्वपूर्ण समय पर हो रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह किसान पूरे मौसम मेहनत करता है, जिसके बाद फसल पकने का समय आता है, वही स्थिति राज्य के सामने है। हमारी सरकार ने जनहित के कामों में कोई कसर बाकी नहीं रखी, संगठन ने भी भरपूर मेहनत की है। अब इस परिश्रम का परिणाम प्राप्त करने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव हमारे सामने और हमें अपने पक्ष में परिणाम चाहिए। श्री सिंह ने कहा कि हमें परिणाम इसलिए नहीं चाहिए कि कुछ लोग सत्ता का सुख भोग सकें, बल्कि इसलिए चाहिए ताकि केंद्र और प्रदेश की हमारी सरकार ने जनहित के जो काम शुरू किए हैं, उनकी निरंतरता बनी रहे।

महिला मोर्चा ला सकता है सकारात्मक परिवर्तन

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने कहा कि यह वर्ष राजमाता विजयाराजे सिंधिया का जन्मशताब्दी वर्ष है। उन्होंने कहा कि एक राजमाता से लोकमाता तक उनके जीवन का सफर हम सभी ने देखा है। उन्होंने जेल जाना पसंद किया, लेकिन झुकना नहीं। श्री सिंह ने कहा कि वैसी ही शक्ति मोर्चा की सभी बहनों में है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है, हर सकारात्मक काम के पीछे महिलाएं ही रही हैं और केंद्र तथा प्रदेश में हमारी सरकारें बनाने के काम में भी महिला मोर्चा की बहनों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।