सब हमारे और हम सबके हैं, इसी सोच से काम करें कार्यकर्ता : रामलाल जी


भोपाल। भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास पर विश्वास करती है। सबको न्याय मिले और किसी के साथ अन्याय न हो, यही पार्टी की प्रतिबद्धता है। पार्टी की सोच है सब हमारे हैं और हम सबके हैं। कार्यकर्ता इसी सोच के साथ काम करें और जनता के बीच जाएं। यह बात गुरुवार को पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल जी ने भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय, पं. दीनदयाल परिसर में आयोजित महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कही। बैठक का शुभारंभ कन्या पूजन एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता सिंधिया के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री रामलाल जी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं कर रही है। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि किसी भी वर्ग, जाति के बच्चे 75 प्रतिशत अंक लाएंगे, उनकी फीस सरकार भरेगी। प्रदेश सरकार सभी वर्गो को साथ लेकर चल रही है। यह बात मोर्चा की बहनें जनता को समझाएं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को समृद्ध बनाने का काम भाजपा ही कर सकती है, कांग्रेस तो केवल भ्रष्टाचार कर सकती है। उन्होंने उपस्थित मोर्चा पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वे परिश्रम की पराकाष्ठा करें और पार्टी को शिखर पर पहुंचायें। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का चुनाव किसी भी दृष्टि से हमारे लिए कठिन नहीं है।

पार्टी हमारी मां है

श्री रामलाल जी ने कहा कि पार्टी हम सबकी मां है और उससे बड़ा कोई भी नहीं है। उन्होंने एक प्रसंग सुनाते हुए कहा कि मोदी जी जब लगातार जीते थे, तो जीतने के बाद भावुक हो गए थे। उस समय स्व. कुशाभाउ ठाकरे जी ने उस जीत का श्रेय मोदी जी को दिया था। लेकिन मोदी जी ने कहा था कि पुत्र कितना भी बड़ा काम कर ले, लेकिन मां के महत्व को नकारा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा था कि पार्टी मेरी मां है। मैं इस जीत का सारा श्रेय पार्टी को देता हूं।