ओछे हथकंडे आजमा रही कुंठित कांग्रेस: राकेश सिंह

सीधी। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा में उमड़ रही भीड़ यह बताती है कि जनता ने चैथी बार भाजपा को अपना आशीर्वाद देने का मन बना लिया है। इससे कांग्रेस कुंठित हो गई है और ओछे हथकंडे आजमाने पर उतारू हो गई है। यह बात बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने सीधी में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हथकंडों के बावजूद हमारे कार्यकर्ता धैर्य के साथ अपना काम कर रहे हैं।

सीधी-सिंगरौली जिले के कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष राकेशसिंह ने सीधी मंक मीडिया से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्साह बताता है कि वे चौथी बार प्रदेश में पार्टी की जीत का मार्ग प्रशस्त करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान प्रदेश की जनता का आशीर्वाद लेने के लिए जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं, जिसके प्रति लोगों का समर्थन लगातार बढ़ रहा है। जन आशीर्वाद यात्रा की प्रतीक्षा में लोग रात को दो-तीन बजे तक जागते रहते हैं। लोगों का यह उत्साह बताता है कि जनता ने चाथी बार भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद देने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि जनता के इस उत्साह को देख कांग्रेस की निराशा अब कुंठा में बदल गई है। चुरहट की घटना इसी कुंठा का परिणाम है। प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि चुरहट की घटना सुनियोजित थी और इसे नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह के इशारे पर अंजाम दिया गया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह के रथ पर जो पत्थर फेंका गया था, वह संयोग से उन्हें नहीं लगा, वर्ना प्राणघातक भी हो सकता था। श्री सिंह ने इस हमले को शर्मनाक और कायराना बताते हुए इसकी निंदा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मंसूबे अलग हैं। वो निराश है और हताशा में तरह-तरह के हथकंडे आजमा रही है। कांग्रेस भ्रम फैलाकर लोगों को गुमराह करने और समाज को बांटने का काम कर रही है। श्री सिंह ने कहा कि हमने अपने कार्यकर्ताओं से धैय रखने और जनता तक जाकर उसका आशीर्वाद मांगने को कहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चौथी बार भाजपा की सरकार बनवाकर जनता ही कांग्रेस की इस हरकत का जवाब देगी।

भोपाल के महाकुंभ, सतना के सम्मेलन की दी जानकारी

श्री राकेश सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 25 सितंबर को भोपाल के जंबूरी मैदान पर आयोजित किए जा रहे कार्यकर्ता महाकुंभ की तैयारियां चल रही हैं। इस महाकुंभ में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने भी अपनी सहमति दे दी है। उन्होंने कहा कि यह महाकुंभ प्रदेश के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने बताया कि आगामी 10 सितम्बर को सतना में पिछड़ा वर्ग का बड़ा सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसे मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में पिछड़े वर्ग के लोगों से सीधा संवाद होगा, जो पार्टी को मिल रहे जनता के आशीर्वाद को और सुदृढ़ करेगा।

निर्वाचन पदाधिकारी से की मुख्यमंत्री पर हमले की शिकायत

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान चुरहट विधानसभा क्षेत्र में 2 सितंबर की रात्रि में मुख्यमंत्री के रथ पर भारी पथराव किया गया, जिसके कारण रथ क्षतिग्रस्त हो गया। मुख्यमंत्री जी उस समय रथ में मौजूद थे, कुछ भी अनहोनी घटित हो सकती थी। उक्त आशय की शिकायत पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री विजेन्द्रसिंह सिसौदिया, श्री शांतिलाल लोढ़ा, श्री एस.एस. उप्पल एवं श्री संतोष शर्मा ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से की है। शिकायत पत्र में कांग्रेस द्वारा प्रदेश में शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण को बिगाड़ने का जिक्र करते हुए इसे रोकने की मांग की गयी है।

निर्वाचन पदाधिकारी को सौंपी गयी शिकायत में कहा गया है कि इस घटना के संबंध में पुलिस ने जिन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, उनमें कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष रामविलास पटेल, कांग्रेस के आईटी सेल के जिला अध्यक्ष पंकज सिंह, चुरहट ब्लाक आईटी सेल के कोआर्डिनेटर शिवेन्द्र सिंह आदि शामिल हैं। पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किए गए अन्य व्यक्तियों में से भी कई तो कांग्रेस के पदाधिकारी हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह जी पर हमला कांग्रेस पार्टी के द्वारा पूर्व सुनियोजित ढंग से कराया गया है। पत्र में कहा गया है कि जनआशीर्वाद यात्रा का आयोजन पूरे प्रदेश में किया जा रहा है किंतु मुख्यमंत्री जी के रथ पर चुरहट विधानसभा में ही पथराव होना कई शंकाओं को जन्म देता है।

शिकायत में भाजपा नेताओं ने कहा है कि कांग्रेस लगातार मुख्यमंत्री जी के लिए अपशब्दों का प्रयोग करती आ रही है, लेकिन हमारी पार्टी एवं कार्यकर्ता संयम बरत रहे है। कांग्रेस पार्टी मुख्यमंत्री जी की जनआशीर्वाद यात्रा को प्राप्त हो रहे भारी जनसमर्थन से बौखलाकर इस तरह के हमले करवा रही है, जो प्रदेश की शांति प्रिय जनता के लिए निश्चित रूप से अवांछनीय है। ऐसी आशंका है कि कांग्रेस पार्टी भविष्य में इस तरह के हमलों में वृद्धि करेगी ताकि प्रदेश में अराजकता का वातावरण निर्मित किया जा सके। प्रदेश के शांतिपूर्ण वातावरण को आगामी विधानसभा चुनाव के पूर्व कांग्रेस पार्टी सुनियोजित हमलों एवं साम्प्रदायिक बयानों से बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से अनुरोध किया गया है कि कांग्रेस पार्टी को प्रदेश के शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण को बिगाड़ने से रोका जाए ताकि आगामी विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो सके।