सप्ताह में तीन दिन चलेगी नागपुर वाली ट्रेन, सीएम-रेल मंत्री दिखाएंगी हरी झंडी : डॉ निशिकांत दुबे

विंध्य क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान जैतहरी की जनसभा में सांसद ने दी जानकारी
अनूपपुर। कल मीडिया के कुछ लोगों ने मुझे बताया था कि अगस्त में शहडोल से नागपुर के लिए एक ट्रेन चलने वाली थी, जो सप्ताह में एक दिन चलनी थी लेकिन कैंसल हो गई। तब हमने आप लोगों से वादा किया था कि हम बात करके शुरू करवाने की कोशिश करेंगे। मैंने कल ही उस ट्रेन के बारे में रेल मंत्री अश्विनी वैश्णव जी से बात की। आप लोगों को मैं खुशखबरी देना चाहता हूं कि अब वो ट्रेन चलेगी और सप्ताह में एक दिन नहीं बल्कि तीन दिन चलेगी। जल्द ही रेल मंत्री अश्विनी श्री वैष्णव जी और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह जी ट्रेन को हरी झंडी दिखाने आएंगे। विंध्य क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान जैतहरी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए झारखंड के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने यह जानकारी दी। सभा को सांसद श्री गणेश सिंह एवं श्रीमती हिमाद्री सिंह ने भी संबोधित किया। सभा को संबोधित करते हुए डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा कि हम इस यात्रा के माध्यम से अपनी सरकार के द्वारा किए गए कार्यों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत कर रहे हैं और जनता का आशीर्वाद ले रहे हैं। कांग्रेस ने भूख और भ्रष्टाचार के सिवा इस प्रदेश और देश की जनता को कुछ नहीं दिया। लेकिन हमारी सरकार जनता के प्रति जवाबदेह सरकार है और हम जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा को जनता का जो समर्थन मिल रहा है, उससे स्पष्ट है कि मध्यप्रदेश में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण को खत्म करने के लिए कड़े कदम उठा रही है, तो भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे नेता उनके खिलाफ लामबंद हो रहे हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की चर्चा करते हुए कहा कि हाल ही में आया सुप्रीम कोर्ट का एक फैसला करप्शन नाथ के गले की फांस बनने जा रहा है। यह फैसला वर्ष 2010 में एनएचएआई में हुए एक घोटाले से संबंधित है, जिससे कमलनाथ का भी नाम जुड़ा था।

कोई वादा नहीं निभाया, झूठ की मशीन हैं कमलनाथ : गणेश सिंह
सभा को संबोधित करते हुए सतना सांसद श्री गणेश सिंह ने कहा कि हमारी सरकार ने सबका साथ, सबका विकास की भावना से जो काम किया है उसका असर जमीन पर दिखाई दे रहा है। 2003 के पहले मध्यप्रदेश का कुल बजट 21 हजार करोड़ का था, जो अब बढ़कर सवा तीन लाख करोड़ हो गया है। प्रदेश में सिंचाई के क्षेत्र में अभूतपूर्व बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश लगातार 7 वर्षों से कृषि कर्मण पुरस्कार जीत रहा है। हमने पंजाब, हरियाणा को कृषि उत्पादन में पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि 15 महीने की सरकार के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आने से पहले वादा किया था कि किसानों के कर्ज़ माफ़ करेंगे और बेरोजगार युवाओं को 4000 बेरोजगारी भत्ता देंगे। लेकिन किसी को नहीं दिया। उन्होंने कहा कि कमलनाथ झूठ की मशीन हैं। उनकी सरकार आई, तो उन्होंने आप लोगों के लिए कोई योजना शुरू नहीं की, बल्कि हमारी सरकार द्वारा शुरू की गई जनहित की योजनाओं को बंद कर दिया था।

विकास के लिए संकल्पित है हमारी सरकारः हिमाद्री सिंह
सभा को संबोधित करते हुए शहडोल लोकसभा सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य देश और प्रदेश की जनता का विकास है। जहां एक ओर केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी जनता की सेवा में दिन रात लगे रहते हैं, वहीं प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी मोदी जी के कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने लाड़ली बहनों के खातों में एक हजार रुपए डालना शुरू किया था, जो अब 1250 रुपए हो गए हैं। आगे तीन हजार रुपए भी आएंगे। कन्याओं की शिक्षा से लेकर विवाह तक की चिंता मामा जी कर रहे हैं तो वहीं बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन भी करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहडोल संभाग पहले पिछड़े संभाग के रूप में जाना जाता था लेकिन जब से हमारी सरकार आई है, लगातार विकास कार्य हो रहे हैं।
सभा के दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह, जिला अध्यक्ष श्री रामदास पुरी, कोल प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल आदि उपस्थित रहे।