हमें प्रदेश में फिर से डबल इंजन की सरकार बनाना है – डॉ. सावंत

गोवा के मुख्यमंत्री ने भगवानपुरा विधानसभा के सैगांव में रथ सभा को संबोधित किया
सांवत ने कहा-भाजपा सरकार किसानों, पिछडों और बहनों के लिए

खरगौन। खण्डवा से प्रारंभ हुई जन आशीर्वाद यात्रा पांचवे दिन खरगौन के भगवानपुरा विधानसभा पहुंची। यहां सैगांव से गोवा के मुख्यमंत्री श्री प्रमोद सांवत यात्रा में शामिल हुए। ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने डॉ. प्रमोद सावंत का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत गोवा के मुख्यमंत्री ने रथ सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा को जनता का जिस तरह प्रतिसाद मिल रहा है निश्चित रूप से मध्यप्रदेश में फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और भांजे, भांजियों के मामा जिस तरह से लोक कल्याण के काम कर रहे है उनके द्वारा चलाए जा रहे लाडली बहना योजना देश में लोकप्रिय हुई है। मोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत बनाने और मामा जी के नेतृत्व में नए मध्यप्रदेश को बनाने के लिए हम सभी तैयार है। आप भारतीय जनता पार्टी को विजयी बनाकर मध्यप्रदेश में फिर से डबल इंजन की सरकार बनाएं। सभा को सांसद श्री गजेन्द्र सिंह पटेल ने भी संबोधित किया।

यूपीए का नाम बदलने से नीति और नीयत नहीं बदलती
बडवानी जिले की राजपुर विधानसभा के जुलवानिया में जनसभा को संबोधित करते हुए गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने कहा कि कांग्रेस ने यूपीए का नाम बदलकर इंडिया एलांएस कर दिया है, लेकिन नाम बदलने से नीति और नियत नहीं बदलती। जनता इन्हें वोट नहीं देने वाली है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने किसी भी धर्म और जाति का अपमान नहीं किया। भाजपा हर वर्ग का आदर करती है। इसलिए मोदी जी का मंत्र सबका साथ सबका विकास है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस और उसके गठबंधन साथियों ने हमारे सनातन धर्म पर आघात किया, वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खडगे का बेटा भी सनातन विरोधियों का समर्थन करते है। कांग्रेस को जाति धर्म में बांटकर वोट लेने की आदत है। हमारे पास चुनाव के रूप में एक सुनहरा मौका है। हमें भाजपा को जिताकर कांग्रेस नेताओं को इनके घर भेजना है।

हमारा प्रत्याशी कमल का फूल है
डॉ. सांवत ने राजपुर विधानसभा के जुलवानिया में जनता के साथ मोदी जी आगे बढों, मामाजी आगे बढो हम तुम्हारे साथ है के नारे लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी देश का विकास कर रहे है और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान मध्यप्रदेश का विकास कर रहे है, लेकिन राजपुर के विकास के विकास की गति धीमी है क्योंकि यहां भाजपा का विधायक नहीं है। पिछले विधानसभा चुनाव सिर्फ 900 वोटों से हारी थी, लेकिन इस बार हमें हर घर, हर व्यक्ति और हर वर्ग तक पहुंचकर यह बताना है कि हमारा प्रत्याशी कमल का फूल है। उन्होंने कहा कि 15 महीने मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार में गरीबों के साथ अन्याय हुआ है यह हम सभी ने देखा है। भारतीय जनता पार्टी सरकार ने जनजातियों के लिए कई योजनाएं बनायी है। केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाएं अंत्योदय को साकार करने वाली है। इन योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता कर रहे है। उन्होंने उपस्थित जनता से आग्रह करते हुए कहा कि कमल का फूल खिलाकर राजपुर से भाजपा का विधायक बनाएं। मध्यप्रदेश और देश के विकास के लिए फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएं।

मुख्यमंत्री के साथ बेटियों ने ली सेल्फी
यात्रा के दौरान जगह जगह ग्रामीण स्वागत के लिए कतार में खडे इंतजार कर रहे थे। रथ यात्रा के पहुंचने पर ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत सहित जनप्रतिनिधियों सहित पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत होकर कई स्थानों पर डॉ. सावंत ग्रामीणों के बीच पहुंचे। उन्होंने बच्चों के साथ फोटो खिचवाएं और ग्रामीणों के आग्रह पर सेल्फी भी दी। इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री श्री प्रेम सिंह पटेल, यात्रा सह प्रभारी श्री जयपाल सिंह चावडा, जिलाध्यक्ष श्री ओम सोनी, पूर्व मंत्री श्री अंतर सिंह आर्य, श्री लोकेश शर्मा, श्रीमती आंजना पटेल, पूर्व सांसद श्री सुभाष पटेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मंचासीन थे।