पार्टी को मां मानते हैं भाजपा के संस्कारित, अनुशासित कार्यकर्ता : राकेश सिंह

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने ली सीधी-सिंगरौली जिले की संयुक्त बैठक

सीधी। भारतीय जनता पार्टी में ही ऐसे कार्यकर्ता हैं, जो पार्टी को अपनी मां मानते हैं। भाजपा का हर कार्यकर्ता संस्कारित और अनुशासित होता है। केवल जीत हमारा लक्ष्य होना चाहिए। दूसरे राज्य मध्यप्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं से प्रेरणा लेते हैं और पूरा देश मध्यप्रदेश की ओर देख रहा है। इसलिए कार्यकर्ता चैथी बार प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने का संकल्प लें। यह बात बुधवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने सीधी और सिंगरौली जिले के कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कही। प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्जवलन तथा 11 कन्याओं की पूजन कर बैठक का शुभारंभ किया।

श्री राकेश सिंह ने कहा कि इन दिनों प्रदेश का परिदृश्य उत्साह बढ़ाने वाला है। हमारे कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं, प्रदेश में बड़ी संख्या में भव्य कार्यक्रम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी का जो विशाल स्वरूप देखने को मिल रहा है, यह यात्रा आसान नहीं थी। लम्बे संघर्ष, चुनौतियों का सामना करते हुए अनेक पड़ावों से गुजरकर पार्टी यहां तक पहुंची है। आज हमें इस बात का गर्व है भाजपा दुनिया का सबसे बडा राजनैतिक दल है। भाजपा के संघर्ष का इतिहास भले ही नई पीढी को न मालूम हो, लेकिन वरिष्ठजन अतीत को अच्छे जानते हैं।

भाजपा का उद्देश्य बड़ा

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य सिर्फ सत्ता हासिल करना नहीं है, बल्कि इससे कहीं अधिक बड़ा है। उन्होंने कहा कि भारत माता का परम वैभव अमर रहे, इसके लिए भाजपा सतत प्रयत्नशील रही है। पार्टी के कार्यकर्ताओं को त्याग, तप और बलिदान विरासत में मिला है। श्री सिंह ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के बलिदान का ही परिणम है कि आज कश्मीर भारत का अटूट हिस्सा है। पं. दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय का मंत्र दिया, जिसकी विचारधारा पर पार्टी चल रही है। विकास का आधार ही अंत्योदय है। भाजपा द्वारा सरकार बनाने का उद्देश्य गांव, गरीब, मजदूर का विकास करना, समाज के अंतिम पायदान पर खडे व्यक्ति का विकास करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आज प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है। उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीबों के जीवन में बदलाव ला दिया है। पूर्व में जहां सीधी सिंगरौली की सड़कों की हालत जर्जर थी, वहीं आज चारों ओर परिर्वतन दिखाई दे रहा है।

षडयंत्रकारी ताकतें नहीं चाहतीं भाजपा सत्ता में रहे

श्री सिंह ने कहा कि दुनिया की बड़ी से बड़ी ताकतें पूरा प्रयास कर रही हैं कि भाजपा की सरकार न बने। इसके लिए कई षडयंत्र रचे जा रहे हैं। समाज को वर्ग, समुदाय, सम्प्रदाय के आधार पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ाया है। बड़े-बड़े देश मोदी जी की प्रशंसा कर रहे हैं। भारत दुनिया के प्रमुख देशों में शुमार हो चुका है। विरोधी इस बात को भलीभांति जानते हैं कि यदि दूसरी बार केन्द्र में भाजपा की सरकार बन गई तो भारत पूरी दुनिया का नेतृत्व करेगा। इसलिए बडी ताकतें भारत को टुकड़ों में बांटना चाहती हैं, भाजपा को रोकना चाहती हैं, लेकिन देश की जनता आज भाजपा के साथ खडी हुई है।

सभी सीटें जीतकर दें कांग्रेस की कायराना हरकत का जवाब

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा में उमड़ रहे जनसैलाब को देखकर कांग्रेसी बौखलाए हुए हैं। देर रात तक जन आशीर्वाद यात्राओं में उमड़ रही लाखों लोगों की भीड़ को कांग्रेसी पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुरहट विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री जी के साथ कायराना हरकत उसी बौखलाहट का परिणाम है। श्री राकेश सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम कांग्रेसियों के इस कृत्य का जवाब सीधी एवं सिंगरौली जिले की सातों विधानसभा सीटें जीतकर देंगे।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री व सांसद श्री अजयप्रताप सिंह, प्रदेश महामंत्री श्री विष्णुदत्त शर्मा, सांसद श्रीमती रीती पाठक, संभागीय संगठन मंत्री श्री जितेन्द्र लिटोरिया, सीधी विधायक श्री केदारनाथ शुक्ला, धौहनी विधायक श्री कुंवर सिंह टेकाम, सिंगरौली विधायक श्री रामलल्लू वैश्य, देवसर विधायक श्री राजेन्द्र मेश्राम, प्रदेश मंत्री श्री शरतेन्दु तिवारी, विन्ध्य विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री सुभाष सिंह, पूर्व सांसद श्री गोविंद मिश्रा, पूर्व विधायक श्री विश्वामित्र पाठक, महापौर श्रीमती प्रेमवती खैरवार उपस्थित थीं।