पहले योजनाएं कागजों पर धूल फांकती थी, अब जमीन पर उतरकर साकार होती हैंः बाबूलाल मरांडी

झारखंड के नेता प्रतिपक्ष ने कहा- मोदी जी ने 9 सालों में व्यवस्था को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया

सतना। देश में योजनाएं पहले भी बनती थीं, लेकिन इसके बाद वे सालों तक कागजों में धूल फांकती रहती थीं। बीते 9 सालों से देश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार काम कर रही है। अब एक ही कार्यकाल में योजनाएं बनती भी हैं और जमीन पर उतरकर साकार भी होती हैं। विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण एक ही कार्यकाल में होते हैं। पहले गरीबों को एक रुपया भेजा जाता था तो केवल 15 पैसे पहुँच पाते थे। आज नरेन्द्र मोदी सरकार में 1 रुपया भेजा जाता है, तो एक रुपया ही पहुंचता है। प्रधानमंत्री जी ने 85 पैसे खा जाने वालों के पंजे से व्यवस्था को आजाद कराकर उसे भ्रष्टाचार मुक्त बनाया है। यह बात झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष श्री बाबूलाल मरांडी ने सतना जिला भाजपा कार्यालय में मोदी सरकार का 9 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कही।

भारत के विकास को मिली गति और शक्ति
मरांडी ने कहा कि मोदी सरकार के बीते 9 सालों के कार्यकाल में भारत ने गुलामी की बेड़ियाँ तोड़ी हैं। राजपथ अब कर्तव्य पथ है, रेस कोर्स रोड अब लोक कल्याण मार्ग है और प्रधानमंत्री, प्रधानसेवक के रूप में जनता-जनार्दन की सेवा कर रहे हैं। जिस धारा 370 के लिए डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने बलिदान दिया था, वह धराशायी हो चुकी है। ट्रिपल तलाक की सामाजिक कुप्रथा ख़त्म हुई है और आतंकवाद पर सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक जैसे प्रहार हो रहे हैं। न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से राम जन्मभूमि विवाद सुलझ गया है और अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण भी तेज गति से चल रहा है। उन्होंने कहा कि आज का भारत विरासत के साथ विकास करने वाला भारत है। आज भारत के विकास में गति भी है, शक्ति भी है, सुरक्षा भी है और संयम भी। यह नया भारत है, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सपनों का भारत है।

गरीबों का जीवन बदल रही डबल इंजन वाली सरकार
पूर्व मुख्यमंत्री श्री मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार मिलकर गरीबों का जीवन बदल रही है। प्रदेश के 5 करोड 18 लाख से अधिक हितग्राहियों को निःशुल्क खाद्यान्न मिल रहा है। उज्जवला योजना में प्रदेश की 82 लाख महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन मिले हैं। 4 करोड 1 लाख से अधिक प्रधानमंत्री जनधन खाते खोले गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 40 लाख से अधिक पक्के मकान बनाए गए हैं। राष्ट्रीय पिछडा वर्ग आयोग की तर्ज पर राज्य आयोग को सशक्त किया गया तथा अलग से पिछडा वर्ग कल्याण आयोग भी गठित किया गया। प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना में म.प्र.देश में नंबर वन है। यहां 34 लाख से अधिक गर्भवती महिलाओं को 1500 करोड रूपए से अधिक की सहायता दी जा चुकी है। लाडली लक्ष्मी योजना एवं लाडली बहना योजना के माध्यम से बेटियों और महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रयास किए जा रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना में अब तक प्रदेश में 3 करोड़ 58 लाख से अधिक कार्ड बन चुके हैं तथा 27 लाख 54 हजार से अधिक हितग्राहियों को मुफ्त इलाज मिला है।

मोदी जी के नेतृत्व में देश बदल रहा है
मरांडी ने कहा कि मोदी सरकार के बीते 9 वर्ष भारत के नवनिर्माण के, गरीब कल्याण के रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने अपना हर पल देश को महाशक्ति बनाने के लिए समर्पित कर दिया है। आज पूरी दुनिया कह रही है कि 21 वीं सदी भारत की है। बीते 9 सालों में भारत ने ’पॉलिसी पेरालिसिस’ से ’डिसीसिव पॉलिसी’ और अर्थव्यवस्था में ’फ्रेजाइल फाइव’ से ’टॉप फाइव’ की यात्रा की है। भारत ने बीते 9 सालों में एक पार्टी के ’अपना परिवार, अपनी विकास नीति’ को दरकिनार कर ’सबका साथ, सबका विकास’ की कहानी लिखी है। पहले दुनिया में भारत की आवाज अनसुनी कर दी जाती थी, आज भारत बोलता है, तो दुनिया सुनती है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म कर विकासवाद की राजनीति को प्रतिष्ठित किया है। बीते 9 वर्षों में भारत गरीबों एवं वंचितों की सेवा करने वाला, नारी शक्ति को संबल देने वाला, युवाओं के सपनों को पूरा करने वाला, किसानों के हित को सुनिश्चित करने वाला, सबके लिए सहज और उत्तम सेवाओं वाला भारत बन गया है।

एक महीने तक चलेगा विशेष संपर्क अभियान
मरांडी ने बताया कि श्री नरेंद्र मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण योजनाओं को केंद्र में रखते हुए एक विशेष संपर्क अभियान कार्यक्रम शुरू किया है। यह अभियान 30 मई से 30 जून तक, लगभग एक महीने चलेगा। इस दौरान प्रत्येक लोकसभा में 1000 विशिष्ट परिवारों से संपर्क साधा जाएगा। लाभार्थी संपर्क और विभिन्न वर्गों से संपर्क एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क जैसे विभिन्न कार्यक्रम विधानसभा एवं बूथ स्तर पर आयोजित किये जाएंगे। उन्होंने पत्रकारवार्ता के दौरान इस अभियान को समर्पित एक गीत एवं पार्टी के जनसंपर्क कार्यक्रम के लिए एक मोबाइल नं. 9090902024 भी जारी किया, जिस पर मिस कॉल करना है। पत्रकार वार्ता के दौरान राज्यसभा सांसद केन्द्रीय टोली की सदस्य श्रीमती सीमा द्विवेदी, सतना के सांसद श्री गणेश सिंह, जिलाध्यक्ष श्री सतीष शर्मा, महापौर योगेश ताम्रकार, क्लस्टर प्रभारी कटनी के पूर्व महापौर श्री शशांक श्रीवास्तव, जिला मीडिया प्रभारी श्री कामता पाण्डेय उपस्थित रहे।