भाजपा के विकास और काम का हिसाब जन-जन तक पहुंचाएंगी जन आशीर्वाद यात्राएं : नरेंद्रसिंह तोमर

प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक एवं प्रदेश अध्यक्ष की संयुक्त पत्रकार-वार्ता

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी विकास और जनकल्याण के मुद्दे पर चुनाव लड़ने वाला दल है। चुनाव सामने है और ऐसे में भारतीय जनता पार्टी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने काम का लेखा-जोखा जनता के सामने रखना चाहती है। इसी उद्देश्य से पार्टी पांच जन आशीर्वाद यात्राएं निकालने जा रही है, जो प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा से गुजरेंगी और भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में हुए सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विकास को जनता तक पहुंचाएंगी। यह बात केंद्रीय मंत्री व चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक श्री नरेंद्रसिंह तोमर एवं प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया को यात्राओं के संबंध में जानकारी देते हुए कही। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री एवं जन आशीर्वाद यात्रा के प्रदेश संयोजक श्री भूपेंद्र सिंह मंचासीन रहे।
केंद्र और राज्य सरकारों के प्रयासों से बदली प्रदेश की तस्वीरः नरेंद्रसिंह तोमर
केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक श्री नरेंद्रसिंह तोमर ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि सभी जानते हैं कि 2003 से पहले मध्यप्रदेश किस दुरावस्था में था। उसके बाद प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी और उस सरकार ने प्रदेश की स्थिति में आमूलचूल परिवर्तन किया। केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से प्रदेश में अधोसंरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम हुआ है, जिसके परिणाम दिखाई देने लगे हैं। एक जमाने में जब खेती की बात होती थी, तो पंजाब और हरियाणा की ही चर्चा होती थी। लेकिन अब प्रदेश में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी और बिजली मिल रही है। सरकार की किसान हितैषी नीतियों और किसानों के परिश्रम से प्रदेश में कृषि का विकास हुआ और आज मध्यप्रदेश लगातार कृषि कर्मण अवार्ड जीत रहा है। गरीबों के लिए शिक्षा के अवसर, रहने के लिए घर और अच्छा वातावरण मिल रहा है। सरकार ऐसी योजनाओं पर काम कर रही है, जिनसे उनका जीवन आसान हो। इसके परिणाम उनके जीवन स्तर में हो रहे बदलाव के रूप में दिखाई दे रहे हैं। महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में लाडली बहना योजना पूरे प्रदेश में लोकप्रिय हो रही है। प्रदेश सरकार ने कई युवाओं को सरकारी रोजगार उपलब्ध कराए हैं और सीखो कमाओ योजना के माध्यम से स्किल डेवलपमेंट पर जोर दिया जा रहा है। श्री तोमर ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि इस योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण पाने वाले युवा देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
भारत को विकसित राष्ट्र बनाने जनता से मांगेंगे समर्थन
केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि चुनावों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी बूथ स्तर से लेकर शीर्ष तक काम कर रही है। मध्यप्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा के मार्गदर्शन में बूथ विजय संकल्प अभियान चलाया गया और विधानसभा सम्मेलन भी आयोजित किए गए। इसके उपरांत जन आशीर्वाद यात्राओं एवं कार्यकर्ता महाकुंभ का कार्यक्रम है, जो कार्यकर्ताओं के सहयोग और परिश्रम से सफल होंगे। श्री तोमर ने कहा कि हमारे विरोधी दलों के पास न मुद्दे हैं और न उपलब्धियां हैं। इसलिए वे राजनीति को हल्का करने का प्रयास कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने प्रदेश में सर्वांगीण विकास की सोच से काम किया और हमें गर्व है कि प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। जन आशीर्वाद यात्राओं के माध्यम से हम इसी विकास को सामने रखकर जनता से आशीर्वाद और समर्थन मांगेंगे ताकि प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बने और पार्टी देश को विकसित राष्ट्र बनाने के अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दे सके।