जो अब तक मेड इन अमेठी नहीं बना सके, वो मेड इन चित्रकूट की बातें करते हैं: मुख्यमंत्री


o बरेली में 50 बिस्तरों वाले अस्पताल का लोकार्पण

o पिपरिया में किसानों के खातों में पहुंचाई राशि

o रायसेन-होशंगाबाद जिलों में पहुंची मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा

बरेली/पिपरिया। कांग्रेस ने देश पर कई दशकों तक राज किया है। कांग्रेस के जो नेता इतने सालों में मेड इन अमेठी नाम से कोई उत्पाद नहीं बनवा सके, उसी कांग्रेस के नेता राहुल गांधी अब मध्यप्रदेश आकर मेड इन चित्रकूट और मेड इन मध्यप्रदेश की बातें कर रहे हैं। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने शुक्रवार को रायसेन जिले के बरेली में आयोजित सभा में कही। मुख्यमंत्री ने यहां कई सुविधाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की जन आशीर्वाद शुक्रवार को रायसेन और होशंगाबाद जिलों में पहुंची। यात्रा की शुरुआत रायसेन जिले के बरेली से हुई। यहां हेलीपेड पर भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। हेलीपेड से सभा स्थल तक कई जगहों पर मुख्यमंत्री के लिए स्वागत मंच बनाए गए थे। इसके बाद मुख्यमंत्री यहां सभा को संबोधित किया। इस दौरान मंच पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री प्रभात झा, मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती साधना सिंह, मंत्री श्री रामपाल सिंह, सांसद राव श्री उदयप्रतापसिंह, विधायक श्री रामकिशन पटेल, श्री रामकिशन सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष श्री धर्मेंद्रसिंह चौहान, श्री शिवाजी पटेल, श्री बृजगोपाल लोया, श्री नरेंद्र पटेल, श्री पवन रघुवंशी आदि उपस्थित थे।

कहीं धूनी रमाकर न बैठ जाएं राहुल

बरेली में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अमेठी लंबे समय तक नेहरू-गांधी परिवार के नेताओं का चुनाव क्षेत्र रहा, लेकिन कांग्रेस के ये नेता औद्योगिक दृष्टि से अमेठी का इतना विकास नहीं कर सके कि किसी उत्पाद पर मेड इन अमेठी का ठप्पा लग जाता। उसी कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी मध्यप्रदेश आकर कभी मेड इन भोपाल, मेड इन चित्रकूट, मेड इन मंदसौर की बातें कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि जो खेती-किसानी नहीं जानते, जिसने कभी खेत और खेत की पगडंडी नहीं देखी, जिसे ये नहीं पता कि मूली जमीन के ऊपर ऊगती है या अंदर, वो आज किस मुंह से किसानों की बातें कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी आजकल कभी शिवभक्त बन जाते हैं, तो रामभक्त बन जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कहीं ऐसा न हो कि राहुल गांधी धूनी रमाकर बैठ जाएं।

मुख्यमंत्री ने जनता को दी सौगातें

जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह ने बरेली के नागरिकों को कई सौगातें दीं। बरेली में उन्होंने 8.86 करोड़ रुपए लागत वाले 50 बिस्तरों वाले अस्पताल का लोकार्पण किया। बरेली अस्पताल परिसर में ही 84.25 लाख की लागत से बनने वाले दो आवासगृहों के लिए भूमिपूजन किया। यहीं पर उन्होंने 90.34 लाख की लागत से तैयार 3311 के.वी.समनापुर-बरेली परियोजना का भी लोकार्पण किया। वहीं, बाड़ी तहसील के धांधला में 199.99 लाख की लागत वाले 3311 के.वी.विद्युत उपकेंद्र का भी लोकार्पण किया।

रोड शो में बरसे फूल, मंचों पर हुआ स्वागत

मुख्यमंत्री बरेली से हेलीकॉप्टर से ही होशंगाबाद जिले के पिपरिया पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री का जबरदस्त स्वागत हुआ। हेलीपैड से स्थानीय कृषि उपज मंडी में स्थित सभा स्थल तक मुख्यमंत्री का रोड शो हुआ। इस दौरान सड़क के दोनों ओर बने मकानों से मुख्यमंत्री के ऊपर फूल बरसाए गए। रास्ते में कई जगहों पर मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए मंच बनाए गए थे। मुख्यमंत्री अपने वाहन से उतरकर इन मंचों पर पहुंचे, जहां स्थानीय नागरिकों, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सभा स्थल पर पहुंचे और वहां बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों और किसानों को संबोधित किया। इस दौरान मंच पर मंत्री श्री जालमसिंह पटेल, शिव चैबे, विधायक श्री ठाकुरदास नागवंशी, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष डॉ. हितेश वाजपेयी, श्री सर्वेश तिवारी, श्री हेमंत खंडेलवाल आदि उपस्थित थे।