मूर्खता के लिए केवल कांग्रेस में जगह है – अमित शाह


शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय ने भीमा-कोरेगांव हिंसा मामले में गिरफ्तार पांच मानवाधिकार कार्यकर्ताओं की तत्काल रिहाई और उनकी गिरफ्तारी मामले में एसआईटी जांच की मांग वाली इतिहासकार रोमिला थापर एवं अन्य की याचिका पर फैसला सुनाया। अदालत ने उनकी नजरबंदी चार हफ्तों के लिए बढ़ा दी है। अदालत ने कहा कि आरोपी यह नहीं चुन सकता कि कौन सी जांच एजेंसी को मामले की जांच करनी चाहिए। इन मानवाधिकार कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की वजह से मोदी सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई थी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी भाजपा पर हमला किया था। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा था, ‘नए भारत में सिर्फ एक ही एनजीओ के लिए जगह है और उसका नाम आरएसएस है। बाकी सभी एनजीओ बंद कर देने चाहिए। सभी कार्यकर्ताओं को जेल भेज दीजिए और शिकायत करने वाले को गोली मार दीजिए। नए भारत में आपका स्वागत है।’

राहुल गांधी द्वारा 28 अगस्त को किए इस ट्वीट का शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने जवाब दिया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, ‘मूर्खता के लिए केवल एक जगह है और वह कांग्रेस है। ‘भारत के टुकड़े-टुकड़े गैंग’, माओवादी, नकली कार्यकर्ता और भ्रष्ट तत्वों का समर्थन कीजिए। उन सभी को बदनाम करें जो ईमानदार हैं और काम कर रहे हैं। राहुल गांधी की कांग्रेस में आपका स्वागत है। राहुल ने जब यह ट्वीट किया था उस समय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने उन पर पलटवार किया था। रिजिजू ने ट्वीट करके कहा था कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने भारत की आंतरिक सुरक्षा के लिए माओवादीओं से नंबर एक का खतरा बताया था। लेकिन राहुल गांधी उन्हें खुले तौर पर समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि राजनीति से ऊपर राष्ट्र की सुरक्षा है।